मां के निधन के बाद फराह खान की भावुक पोस्ट:कहा- अब और शोक नहीं होगा, हील होने का समय नहीं चाहती, ये गांठ हमेशा रहेगी

26 जुलाई को डायरेक्टर और कोरियोग्राफर फराह खान की मां मेनका ईरानी का निधन हो गया है। मेनका का बीते कई दिनों से मुंबई के नानावटी अस्पताल में इलाज चल रहा था। 79 साल की मेनका के निधन के बाद फराह खान बेहद टूट गई थीं। अब उन्होंने एक भावुक नोट शेयर कर कहा है कि वो इससे ज्यादा शोक नहीं मनाना चाहतीं। फराह खान ने इंस्टाग्राम पर अपनी मां के साथ कुछ यादगार तस्वीरें शेयर कर लिखा है, ‘मेरी मां एक बेहद यूनीक शख्सियत थीं। उन्हें कभी भी लाइमलाइट में रहना या आसपास हलचल पसंद नहीं थी। शुरुआती जिंदगी में बुरा दौर देखने के बावजूद भी वो एक ऐसी महिला थीं, जिनके दिल में किसी के लिए कोई कड़वाहट या ईर्ष्या नहीं थी। जो भी उनसे मिलता था, उनसे प्यार करता था। उनसे मिलने वाले लोग समझ जाते थे कि हमें हमारा सेंस ऑफ ह्यूमर कहां से मिला है। मुझे और साजिद को मिला दो, तब भी वो हमसे कई गुना ज्यादा मजाकिया और बुद्धिमान थीं।’ आगे फराह ने लिखा है, हमारे परिवार और दोस्त ही नहीं बल्कि उनके साथ काम कर चुके लोग भी हमें घर आकर बता रहे हैं कि हमारी मां ने किस तरह उन्हें लोन और पैसे दिए, वो भी बिना वापस मिलने के इरादे से। आप सभी का शुक्रिया, जो हमारे दर्द में हमारे साथ रहे। उन सबका भी शुक्रिया, जिन्होंने हमें मैसेज किए और लगातार कर रहे हैं। नानावटी हॉस्पिटल के उनके डॉक्टर्स और नर्स का भी शुक्रिया, जिन्होंने उन्हें बचाने में अपना बेस्ट दिया है। आपने हमें उनके साथ गुजारने के लिए चंद दिन दिए, इसके लिए हम शुक्रगुजार हैं।’ अब काम पर लौटने का समय है- फराह फराह ने पोस्ट में आगे काम पर लौटने की बात कहते हुए लिखा है, ‘अब काम पर लौटने का समय आ गया है। उन्हें इसे लेकर हम पर गर्व होता था। मुझे हील होने के लिए टाइम नहीं चाहिए क्योंकि ये गांठ हमेशा मेरे दिल में रहेगी। मैं उन्हें याद नहीं करना चाहती क्योंकि वो हमेशा मेरा हिस्सा रहेंगी। यूनिवर्स की शुक्रगुजार हूं कि उसने उन्हें मेरी मां बनाया और हमें उनका ख्याल रखने का मौका दिया, जैसा वो ताउम्र करती आई हैं। अब और शोक नहीं होगा। मैं उन्हें हर दिन सेलिब्रेट करना चाहती हूं। आप सबका शुक्रिया।’ बताते चलें कि मेनका ईरानी, जावेद अख्तर की पहली पत्नी हनी ईरानी की बहन थीं। उन्होंने एक जमाने के मशहूर डायरेक्टर कामरान खान से शादी की थी, जिससे उन्हें 2 बच्चे फराह और साजिद हुए। एक समय में कामरान की फिल्में लगातार फ्लॉप होने लगी थीं, जिससे परिवार को आर्थिग तंगी का सामना करना पड़ा था। घर की आर्थिग तंगी दूर करने के लिए फराह खान ने कम उम्र से बतौर बैकग्राउंड डांसर काम करना शुरू किया था। मौत से चंद दिनों पहले मनाया था 79वां जन्मदिन मेनका ईरानी 12 जुलाई को 79 साल की हुई थीं। फराह ने उनके जन्मदिन पर कई तस्वीरें शेयर कर भावुक नोट शेयर किया था। पोस्ट में फराह ने बताया था कि उनकी मां की कई सर्जरी हुई हैं। बताते चलें कि मेनका ईरानी के निधन पर फराह खान के करीबी दोस्त शाहरुख खान, रानी मुखर्जी, शिल्पा शेट्टी, नीलम कोठारी, सलीम खान, फरदीन खान समेत कई सेलेब्स पहुंचे थे।