मिचेल-शॉन मार्श, IPL में शतकवीर भाइयों की पहली जोड़ी:पहली बार 9 बल्लेबाजों के 500+ रन; राशिद ने 25 रन का ओवर फेंका

IPL में गुरुवार को लखनऊ सुपरजायंट्स ने गुजरात टाइटंस को 33 रन से हरा दिया। कैंसर अवेयरनेस देने के लिए GT के प्लेयर्स लैवेंडर जर्सी पहनकर खेलने उतरे। टीम के अरशद खान बॉलिंग करते हुए 2 बार गिरे। वहीं लखनऊ के मिचेल मार्श इस IPL सेंचुरी लगाने वाले पहले विदेशी प्लेयर बने। LSG vs GT मैच के मोमेंट्स और रिकॉर्ड्स… 1. लैवेंडर जर्सी में खेलने उतरी गुजरात टाइटंस गुजरात टाइटंस गुरुवार को लैवेंडर जर्सी पहनकर मैच खेलने उतरी। टीम ने कैंसर से रिकवर करने वाले और कैंसर से जूझ रहे पीड़ितों के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए अलग रंग की जर्सी पहनी। टीम बाकी मैचों में डार्क ब्लू कलर की जर्सी पहनती है। 2. बॉलिंग करते हुए 2 बार गिरे अरशद खान गुजरात के लेफ्ट आर्म पेसर अरशद खान अपना पहला ओवर फेंकने के दौरान 2 बार पिच पर गिर गए। ओवर की पहली गेंद फेंकने के दौरान उनका पैर फिसल गया और वे नीचे गिर गए। टीम फिजियो उन्हें चेक करने के लिए आया, कुछ देर जांच के बाद उन्होंने दोबारा बॉलिंग शुरू कर दी। पांचवीं गेंद फेंकने से पहले भी उनका पैर फिसला और वे जमीन पर गिर गए। जिसके बाद उनके बॉलिंग आर्म से खून निकलने लगा। उनके ओवर से 14 रन बने। 3. पूरन ने पहली गेंद पर छक्का लगाया लखनऊ से नंबर-3 पर बैटिंग करने उतरे निकोलस पूरन ने छक्का लगाकर अपनी पारी शुरू की। 10वें ओवर की आखिरी बॉल साई किशोर ने गुड लेंथ पर फेंकी, पूरन ने फ्रंट फुट से शॉट खेला और सामने की दिशा में छक्का लगा दिया। 4. राशिद ने 25 रन का ओवर फेंका गुजरात से 12वें ओवर में पहली बार बॉलिंग करने आए राशिद खान ने 25 रन खर्च कर दिए। मिचेल मार्श ने उनके ओवर में 3 चौके और 2 छक्के लगाए। मार्श ने पांचों बाउंड्री शुरुआती 5 गेंदों पर लगाई और आखिरी गेंद पर सिंगल ले लिया। 5. चोटिल होकर मैदान से बाहर गए आकाश लखनऊ के तेज गेंदबाज आकाश सिंह पावरप्ले के आखिरी ओवर में बॉलिंग के दौरान चोटिल हो गए। ओवर की पहली बॉल उन्होंने गुड लेंथ पर फेंकी। शुभमन गिल ने स्ट्रैट ड्राइव खेला, गेंद फॉलो थ्रू में आकाश की हथेली में जा लगी। उनके हाथ से खून निकलने लगा, जिसके बाद वे ओवर पूरा नहीं कर सके। आकाश की जगह आवेश खान ने ओवर फेंका। 6. मार्श शतक लगाने वाले पहले विदेशी लखनऊ के मिचेल मार्श ने 56 गेंद पर सेंचुरी पूरी की। उन्होंने IPL में अपना पहला शतक लगाया। वे इस सीजन शतक लगाने वाले ओवरऑल 7वें और विदेश के पहले ही खिलाड़ी बने। उन्होंने 18वें ओवर में छक्का लगाकर टीम के 200 रन भी पूरे कराए। मिचेल के भाई शॉन मार्श 2008 के IPL में पंजाब किंग्स के लिए शतक लगा चुके हैं। इसी के साथ मिचेल और शॉन IPL इतिहास में शतक लगाने वाले भाइयों की पहली जोड़ी बने। मार्श लखनऊ के लिए शतक लगाने वाले चौथे ही खिलाड़ी बने। वे 117 रन बनाकर आउट हुए। 7. 9 खिलाड़ियों के 500+ रन पूरे IPL में गुरुवार को लखनऊ के मिचेल मार्श और निकोलस पूरन ने भी सीजन में अपने 500 रन पूरे कर लिए। इसी के साथ सीजन में 9 खिलाड़ियों ने 500 या उससे ज्यादा रन बना लिए। IPL के एक सीजन में पहली बार इतने ज्यादा प्लेयर्स ने 500+ रन पूरे कर लिए। इससे पहले 2018 और 2023 में 8-8 खिलाड़ियों ने 500+ रन बनाए थे।