मुंबई ब्लास्ट के आरोपी आतंकी साकिब नाचन की मौत:ISIS का इंडिया चीफ था, ब्रेन हेमरेज के बाद सफदरजंग में एडमिट था

आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट (ISIS) का इंडिया हेड साकिब नाचन (57) की मौत हो गई है। जेल में बंद रहने के दौरान साकिब को ब्रेन हेमरेज हुआ था। नाचन को 23 जून को तिहाड़ जेल से दिल्ली के DDU अस्पताल लाया गया था। हालत बिगड़ने पर बुधवार को सफदरजंग में भर्ती कराया गया, जहां शनिवार दोपहर 12:10 बजे उसने दम तोड़ दिया। साकिब नाचन 2002-03 में हुए मुंबई ब्लास्ट का आरोपी था। जिसमें मुंबई सेंट्रल, विले पार्ले और मुलुंड स्टेशन पर हुए धमाके भी शामिल थे। इन हमलों में 13 लोग मारे गए और सौ से ज्यादा लोग घायल हुए थे। साकिब इस्लामिक स्टेट (ISIS) और प्रतिबंधित छात्र इस्लामिक मूवमेंट ऑफ इंडिया (SIMI) का पूर्व पदाधिकारी भी था। 2023 में गिरफ्तार हुआ था साकिब मुंबई ब्लास्ट मामले और अवैध हथियार रखने के लिए अदालत ने साकिब और उसके भाई को 10 साल की सजा सुनाई थी। साल 2017 में ही वो जेल से सजा काटकर बाहर आया था। इसके बाद साकिब पर आतंकी संगठन ISIS से जुड़ी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप लगे थे। साल 2023 में उसे NIA ने फिर से गिरफ्तार किया था। वह ISIS के दिल्ली-पधगा टेरर मॉड्यूल का मुख्य आरोपी था। NIA के मुताबिक, साकिब भारत में युवाओं को ISIS में शामिल करता था। उस पर युवाओं को कट्टरपंथी बनाने, ट्रेनिंग दिलवाने और आतंकी हमलों की साजिश रचने का भी आरोप था। इसके साथ ही साकिब ISIS के लिए फंडिंग, रिक्रूटमेंट और हथियार ट्रेनिंग जैसी गतिविधियों में भी शामिल था।