मुंबई हमले का आरोपी राणा पटियाला हाउस कोर्ट लाया गया:थोड़ी देर में सुनवाई; आज अमेरिका से भारत लाया गया, पहली तस्वीर भी सामने आई

2008 मुंबई आतंकी हमले के मास्टरमाइंड तहव्वुर राणा के भारत पहुंचने के बाद पहली तस्वीर सामने आई है, जिसमें नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) के अधिकारी उसे पकड़े नजर आ रहे हैं। राणा को आज शाम करीब 6:30 बजे अमेरिकी गल्फस्ट्रीम G550 विमान से भारत लाया गया। यह विमान दिल्ली के पालम टेक्निकल एयरपोर्ट पर लैंड हुआ। यहां से उसे सीधे NIA हेडक्वार्टर ले जाया गया। राणा को दिल्ली की तिहाड़ जेल में हाई सिक्योरिटी वार्ड में रखा जाएगा। जेल प्रशासन ने इसके लिए जरूरी इंतजाम कर लिए हैं। हालांकि, उसे कब और किस वार्ड में रखा जाएगा, इसका अंतिम फैसला कोर्ट के आदेश के बाद ही लिया जाएगा। जांच एजेंसी NIA और खुफिया एजेंसी RAW की एक जॉइंट टीम राणा को लेकर बुधवार को अमेरिका से रवाना हुई थी। राणा को पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया जा सकता है। पेशी से पहले उसका मेडिकल टेस्ट किया जाएगा। तहव्वुर राणा को अमेरिका के शिकागो में अक्टूबर 2009 में FBI ने गिरफ्तार किया था। उस पर मुंबई के 26/11 और कोपेनहेगन में आतंकी हमले को अंजाम देने के लिए जरूरी सामान मुहैया कराने का आरोप था। मुंबई हमले के मास्टरमाइंड रिचर्ड हेडली की गवाही के आधार पर तहव्वुर राणा को 14 साल की जेल की सजा सुनाई गई थी।