मुंबई हमले का मास्टरमाइंड तहव्वुर राणा भारत लाया गया:दिल्ली के पालम एयरपोर्ट पर विशेष विमान की लैंडिंग; सीधे NIA हेडक्वार्टर ले जाया जाएगा

2008 मुंबई आतंकी हमले का मास्टरमाइंड तहव्वुर राणा को अमेरिका से भारत ला रहा विमान दिल्ली में लैंड कर गया है। न्यूज एजेंसी IANS के मुताबिक अमेरिकी गल्फस्ट्रीम G550 विमान दिल्ली के पालम टेक्निकल एयरपोर्ट पर लैंड हुआ है। यहां से राणा को सीधे नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) हेडक्वार्टर ले जाया जाएगा। NIA हेडक्वार्टर के बाहर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। राणा को दिल्ली की तिहाड़ जेल में हाई सिक्योरिटी वार्ड में रखा जाएगा। जेल प्रशासन ने इसके लिए जरूरी इंतजाम कर लिए हैं। हालांकि, उसे कब और किस वार्ड में रखा जाएगा, इसका अंतिम फैसला कोर्ट के आदेश के बाद ही लिया जाएगा। जांच एजेंसी NIA और खुफिया एजेंसी RAW की एक जॉइंट टीम राणा को लेकर बुधवार को अमेरिका से रवाना हुई थी। राणा को पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया जा सकता है। पेशी से पहले उसका मेडिकल टेस्ट किया जाएगा। तहव्वुर राणा को अमेरिका के शिकागो में अक्टूबर 2009 में FBI ने गिरफ्तार किया था। उस पर मुंबई के 26/11 और कोपेनहेगन में आतंकी हमले को अंजाम देने के लिए जरूरी सामान मुहैया कराने का आरोप था।मुंबई हमले के मास्टरमाइंड रिचर्ड हेडली की गवाही के आधार पर तहव्वुर राणा को 14 साल की जेल की सजा सुनाई गई थी।