मुंबई हिट एंड रन केस, मुख्य आरोपी मिहिर शाह गिरफ्तार:घटना के 60 घंटे बाद कार्रवाई; महिला को 1.5km घसीटने के बाद कार रोकी थी

मुंबई BMW हिट एंड रन केस के मुख्य आरोपी मिहिर शाह को मंगलवार दोपहर को गिरफ्तार कर लिया। मिहिर की गिरफ्तारी घटना के करीब 60 घंटे बाद हुई। मिहिर, शिवसेना नेता राजेश शाह का बेटा है। मिहिर को पकड़ने के लिए मुंबई पुलिस ने 11 टीमें बनाई थीं। साथ ही क्राइम ब्रांच को भी शामिल किया। उसके खिलाफ एक लुक आउट सर्कुलर (LOC) भी जारी किया गया था। इससे पहले वर्ली पुलिस ने पिता राजेश शाह और ड्राइवर राजऋषि राजेंद्र सिंह बीदावत को गिरफ्तार कर किया था। दोनों को 8 जुलाई को सेवरी कोर्ट में पेश किया गया था। कोर्ट ने सुनवाई के बाद राजेश को शाह को ज्यूडीशियल कस्टडी और ड्राइवर बीदावत को एक दिन की पुलिस रिमांड में भेजा था। राजेश ने कोर्ट में जमानत याचिका लगाई थी, जिस पर कोर्ट ने उसे 15 हजार रुपए के बेल बॉन्ड पर जमानत दे दी थी। मिहिर ने महिला को डेढ़ किमी घसीटने के बाद कार रोकी थी
पुलिस के मुताबिक, BMW जहां से निकली, वहां से मिले CCTV फुटेज में यह दिखा कि मिहिर शाह ने मरने वाली कावेरी नखवा को 1.5 किलोमीटर तक घसीटने के बाद कार रोकी थी। इसके बाद मिहिर ने अपने ड्राइवर राजऋषि राजेंद्र सिंह बीदावत के साथ सीट बदली। स्टेयरिंग संभालने के बाद ड्राइवर ने कार पीछे की तरफ चलाई और सड़क पर गिरी कावेरी को कुचला। इसके बाद दोनों वहां से भाग गए थे। वहीं, मंगलवार 9 जुलाई को आबकारी विभाग ने जुहू में वाइस ग्लोबल तापस बार को सील किया है। आरोपी मिहिर यहीं शराब पीने आया था। 2 दिन की जांच के बाद इस बार के खिलाफ कार्रवाई की गई है, जिसमें आबकारी विभाग के बार संचालन में नियमों का उल्लंघन पाया है। आरोपी मिहिर, शिवसेना नेता राजेश शाह का बेटा है। वो फिलहाल फरार है। पुलिस ने कोर्ट में पेश किया CCTV फुटेज
पुलिस ने कोर्ट में वह CCTV फुटेज भी पेश किया, जिसमें घटनाक्रम दिख रहा है। पुलिस ने कोर्ट में यह भी बताया कि दोनों काला नगर की ओर तेजी से भागे, जहां गाड़ी का इंजन बंद हो गया। इसके बाद मिहिर ने बीदावत के फोन से अपने पिता राजेश शाह को फोन किया और उन्हें हादसे के अलावा कार के बंद होने के बारे में बताया। राजेश मर्सिडीज से वहां पहुंचे। मिहिर से बात की और उसे भागने के लिए कहा। बाद में राजेश ने वहां से BMW को हटवाने की योजना बनाई। मछली खरीदकर स्कूटी से लौट रहे थे कपल
रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने बताया कि वर्ली के कोलीवाड़ा इलाके में रहने वाले प्रदीप नखवा और उनकी पत्नी कावेरी नखवा मछुआरा समुदाय के हैं। दोनों हर रोज ससून डॉक पर मछली खरीदने जाते थे। हर रोज की तरह वे 7 जुलाई (रविवार) को भी ससून डॉक से लौट रहे थे। इसी दौरान सुबह 5:30 बजे अटरिया मॉल के पास एक तेज रफ्तार BMW ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी पलट गई और दोनों पति-पत्नी कार के बोनट पर गिर गए। पति खुद को बचाने की कोशिश में बोनट से तुरंत कूद गया, लेकिन पत्नी उठ नहीं सकी। भागने की हड़बड़ी में आरोपी ने महिला को कुचल दिया और कार से बहुत दूर तक घसीटता हुआ चला गया। इसके बाद आरोपी मिहिर और उसका ड्राइवर कार लेकर भाग गए। घायल महिला को मुंबई सेंट्रल स्थित नायर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। पति का फिलहाल इलाज चल रहा है। घटना के बाद कार पर लगा पार्टी का स्टिकर हटाने की कोशिश की
हादसे के बाद वर्ली पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV चेक किए, जिससे पता चला कि गाड़ी शिवसेना नेता राजेश शाह की है। राजेश शाह पालघर में सत्ताधारी शिवसेना (शिंदे गुट) के लीडर हैं। वर्ली पुलिस ने हिट-एंड-रन का मामला दर्ज कर सफेद रंग की BMW कार जब्त कर ली है। पुलिस की जांच में सबूत मिटाने की कोशिश की बात भी सामने आई है। कार की विंडशील्ड पर शिवसेना का स्टिकर लगा था। घटना के बाद स्टिकर को खरोंचकर हटाने की कोशिश की गई, ताकि पार्टी के साथ गाड़ी का कनेक्शन छिपाया जा सके। कार की एक नंबर प्लेट भी हटा दी गई, लेकिन पुलिस ने CCTV फुटेज को स्कैन किया, जिससे कार मालिक का पता चल गया। शिवसेना नेता का बेटा जुहू के बार से शराब पीकर लौट रहा था पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मिहिर शाह घटना के वक्त नशे में था। उसने शनिवार (6 जुलाई) की रात जुहू के एक बार में शराब पी। घर जाते समय उसने ड्राइवर से लॉन्ग ड्राइव पर चलने को कहा। वर्ली में मिहिर ने गाड़ी ड्राइव करने की जिद की और कार चलाने लगा। थोड़ी दूर आगे बढ़ने के बाद उसने दंपती को टक्कर मार दी। घटना के बाद से उसने अपना फोन बंद कर लिया है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। ये खबर भी पढ़ें… 18 मई को पुणे में पोर्श कार से नाबालिग ने बाइक को टक्कर मारी, दो इंजीनियर की मौत हुई थी मुंबई की घटना से करीब दो महीने पहले 18 मई की रात पुणे में लग्जरी कार की टक्कर से 24 साल के सॉफ्टवेयर इंजीनियर युवक-युवती की मौत हुई थी। तब पुणे के एक नामी बिल्डर के नाबालिग बेटे ने करीब 2.5 करोड़ की पोर्श से बाइक सवार इंजीनियर्स को टक्कर मारी थी। दोनों की घटना पर ही मौत हो गई थी। इस मामले में नाबालिग के पिता, उसकी मां और उसके दादा को हादसे के बाद सबूत मिटाने के प्रयास के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। जुवेनाइल बोर्ड ने 22 मई को नाबालिग आरोपी को बाल सुधार गृह में भेजा था। हालांकि, 25 जून को बॉम्बे हाईकोर्ट ने उसे जमानत दे दी। पुणे पोर्श हादसे की खबर पढ़ें… राज्यसभा सांसद की बेटी ने BMW से युवक को रौंदा: नशे में थी, थाने से ही मिल गई जमानत; चेन्नई की घटना चेन्नई में राज्यसभा सांसद की बेटी ने फुटपाथ पर सो रहे एक व्यक्ति के ऊपर अपनी BMW कार चढ़ा दी। इससे उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद सांसद की बेटी को थाने से ही जमानत दे दी गई। घटना सोमवार रात (17 जून) की है। आरोपी की पहचान YSR कांग्रेस पार्टी के राज्यसभा सांसद बीडा मस्तान राव की बेटी माधुरी के रूप में की गई। मृतक की पहचान 24 साल के सूर्या के रूप में हुई है। वह पेंटिग का काम करता था। उसकी आठ महीने पहले ही शादी हुई थी। पूरी खबर पढ़ें…