मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ:ट्रम्प पर फायरिंग, शूटर वहीं मारा गया; 46 साल बाद जगन्नाथ मंदिर का खजाना खुला; मणिपुर में सुरक्षाबलों पर हमला, जवान शहीद

नमस्कार, कल की बड़ी खबर अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प पर हुए जानलेवा हमले की रही। एक खबर मणिपुर की रही, जहां उग्रवादियों के हमले में एक CRPF जवान शहीद हो गया। लेकिन कल की बड़ी खबरों से पहले आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर रहेगी नजर… अब कल की बड़ी खबरें… 1. डोनाल्ड ट्रम्प पर फायरिंग, कान पर गोली लगी, रिपब्लिकन समर्थक था 20 साल का शूटर अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प पर पेंसिल्वेनिया के बटलर में रैली के दौरान फायरिंग हुई। जब वे मंच पर बोल रहे थे, तभी गोली चलने की आवाज सुनाई दी। उनपर करीब 400 फीट दूर मौजूद इमारत की छत से फायरिंग हुई। AR-15 राइफल से 8 राउंड गोलियां चलाई गईं। एक गोली उनके कान के ऊपरी हिस्से पर लगी। पुलिस ने 20 साल के हमलावर को मार गिराया। वो ट्रम्प की ही रिपब्लिकन पार्टी का समर्थक था। ट्रम्प सुरक्षित हैं, उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। FBI हमले की जांच कर रही है। हमलावर के घर-गाड़ी से विस्फोटक बरामद: हमलावर की पहचान थॉमस मैथ्यू क्रूक्स के तौर पर हुई है। जांच एजेंसियों को उसकी गाड़ी और घर से विस्फोटक भी मिले हैं। उसकी घर पर रेड भी की गई। हालांकि अब तक हमले की वजह पता नहीं चल सकी है। 52 साल बाद राष्ट्रपति उम्मीदवार पर हमला: अमेरिका में 52 साल बाद किसी राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार पर हमला हुआ है। इससे पहले 1972 में जॉर्ज सी वॉलेस पर गोली चलाई गई थी। वे भी राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार थे। उन पर एक शॉपिंग सेंटर में गोली चलाई गई थी। इसके बाद वे मरते दम तक व्हील चेयर पर रहे। इससे पहले 1972 में पूर्व राष्ट्रपति जॉन एफ केनेडी के भाई रॉबर्ट एफ केनेडी पर हमला हुआ था। वे इलेक्शन कैंपेन लॉस एंजिल्स से लौट रहे थे।
पूरी खबर यहां पढ़ें… 2. जगन्नाथ मंदिर का खजाना 46 साल बाद खुला, आउटर रत्न भंडार का सामान 6 संदूकों में सील ओडिशा के पुरी स्थित जगन्नाथ मंदिर का खजाना खोला गया। भंडार गृह में सरकार के प्रतिनिधि, ASI के अधिकारी, श्री गजपति महाराज के प्रतिनिधि समेत 11 लोग मौजूद थे। सरकार रत्न भंडार में मौजूद कीमती सामानों की लिस्टिंग करेगी, जिसमें उनके वजन और निर्माण जैसे डिटेल होंगे। पुरी मंदिर के मुख्य प्रशासक अरविंद पाढ़ी ने बताया कि आउटर रत्न भंडार का सामान लकड़ी के 6 बक्सों में शिफ्ट करके सील कर दिया गया है। लेकिन इनर रत्न भंडार का सामान शिफ्ट नहीं किया जा सका। यह काम कुछ दिन बाद होगा। 46 साल बाद खुला मंदिर का खजाना: मंदिर का खजाना आखिरी बार 1978 में खोला गया था। तब खजाने में 128 किलो सोना और 222 किलो चांदी होने की बात सामने आई थी। 2018 में हाईकोर्ट के निर्देश पर रत्न भंडार को खोलने की कोशिश हुई, लेकिन असली चाबियां नहीं मिल सकीं। यही मुद्दा भारतीय जनता पार्टी ने अपने चुनावी मेनिफेस्टो में भी रखा था, जिसे सरकार बनते ही पूरा किया।
पूरी खबर यहां पढ़ें… 3. मणिपुर में कुकी उग्रवादियों ने सुरक्षाबलों के काफिले पर हमला, CRPF जवान शहीद मणिपुर के जिरीबाम में CRPF और पुलिस टीम के काफिले पर कुकी उग्रवादियों ने हमला कर दिया। इसमें CRPF का एक जवान शहीद हो गया। जबकि एक पुलिस अधिकारी घायल है। पुलिस के मुताबिक, गोली CRPF जवान के सिर पर लगी थी। इससे पहले 26 अप्रैल को कुकी उग्रवादियों ने सेंट्रल फोर्स की चौकी पर बम फेंका था। इसमें 2 जवान शहीद और 2 जवान जख्मी हुए थे। 14 महीने से मणिपुर हिंसा जारी: मणिपुर में 3 मई 2023 से कुकी और मैतेई समुदाय के बीच आरक्षण को लेकर हिंसा चल रही है। राज्य में अब तक हुई हिंसा की घटनाओं में 200 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी हैं। 1100 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। 65 हजार से ज्यादा लोग अपना घर छोड़ चुके हैं।
पूरी खबर यहां पढ़ें… 4. कश्मीर के कुपवाड़ा में 3 आतंकी मारे गए, LoC से घुसपैठ की कोशिश कर रहे थे
जम्मू-कश्मीर में कुपवाड़ा के पास सुरक्षाबलों ने 3 आतंकियों को मार गिराया। तीनों लाइन ऑफ कंट्रोल (LoC) से घुसपैठ की कोशिश कर रहे थे। इनके पास से पिस्तौल, गोला-बारूद बरामद किए गए। इससे पहले 22 जून को जम्मू-कश्मीर के उरी सेक्टर में सुरक्षाबलों ने घुसपैठ की कोशिश कर रहे दो आतंकियों को मार गिराया था।
पूरी खबर यहां पढ़ें… 5. भारत ने 4-1 से जीती टी-20 सीरीज, आखिरी मैच में जिम्बाब्वे को 42 रन से हराया टीम इंडिया ने 5वें टी-20 में जिम्बाब्वे को 42 हरा दिया। इस जीत के साथ ही भारत ने 5 मैचों की टी-20 सीरीज 4-1 से जीत ली। भारत ने 5वें टी-20 में पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट पर 167 रन बनाए। 168 रन चेज कर रही जिम्बाब्वे की टीम 18.3 ओवर में 125 रन पर ऑलआउट हो गई। मैच के हाईलाइट्स: संजू सैमसन ने 58, शिवम दुबे ने 26 और रियान पराग ने 22 रन बनाए। संजू ने रियान के साथ 65 रन की साझेदारी की। जिम्बाब्वे के ब्लेसिंग मुजराबानी ने 2 विकेट लिए। डिओन मायर्स ने 34, फराज अकरम-ताड़ीवानाशे मरूमानी ने 27-27 रन बनाए। भारत के मुकेश कुमार ने 4 और शिवम दुबे ने 2 विकेट लिए।
पूरी खबर यहां पढ़ें… 6. स्पेन के अल्कारेज ने लगातार दूसरी बार जीता विंबलडन, सर्बिया के जोकोविच को हराया स्पेन के कार्लोस अल्कारेज ने लगातार दूसरी बार विंबलडन का खिताब जीता। लंदन के सेंटर कोर्ट में हुए फाइनल में उन्होंने 24 ग्रैंड स्लैम जीत चुके सर्बिया के नोवाक जोकोविच को हराया। सेंटर कोर्ट में 2 घंटे 27 मिनट तक चले इस मैच में अल्कारेज ने जोकोविच को सीधे सेट्स में 6-2, 6-2, 7-6 से हराया। अल्कारेज ने 2023 में भी विंबलडन खिताब जीता था। यहां भी फाइनल में उनके सामने नोवाक जोकोविच ही थे। अल्कारेज ने 2022 में पहला ग्रैंड स्लैम जीता, वर्ल्ड नंबर-1 भी बने: 2022 अल्कारेज का साल रहा। वह ऑस्ट्रेलिया ओपन में पहली बार 31वीं वरीयता ले कर उतरे। वह तीसरे ही राउंड में हार गए, लेकिन मियामी, मैड्रिड, रियो और कोंडे गोडो ओपन मिलाकर चार ATP खिताब जीते। इसी साल US ओपन फाइनल में उन्होंने वर्ल्ड नंबर-5 कास्पर रूड को 4-6, 6-2, 7-6, 6-3 के अंतर से हराया और अपना पहला ग्रैंड स्लैम जीता। साल का अंत उन्होंने वर्ल्ड नंबर-1 बनकर किया और 2023 में भी इसी फॉर्म को जारी रख विंबलडन फाइनल भी जीता। अल्कारेज ने इस साल एलेक्जेंडर ज्वेरेव को हराकर फ्रेंच ओपन का टाइटल जीता था।
पूरी खबर यहां पढ़ें… आज का कार्टून By मंसूर नकवी… कुछ अहम खबरें हेडलाइन में… अब खबर हटके… दुनिया के सबसे बड़े डायनासोर के कंकाल की होगी नीलामी
दुनिया के सबसे बड़े स्टेगोसॉरस डायनासोर के कंकाल को अगले हफ्ते न्यूयॉर्क में नीलाम किया जाएगा। यह 50 करोड़ रुपए तक में बिक सकता है। 15 करोड़ साल पुराने इस कंकाल का नाम एपेक्स है। यह 11 फीट लंबा और 27 फीट चौड़ा है। एपेक्स का जीवाश्म मई 2022 में अमेरिका के कोलोराडो में मिला था। भास्कर की एक्सक्लूसिव स्टोरीज, जो सबसे ज्यादा पढ़ी गईं… आपका दिन शुभ हो, पढ़ते रहिए दैनिक भास्कर ऐप… मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें…