मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ:नोएल बने टाटा ट्रस्ट के चेयरमैन; नासिक में 2 अग्निवीरों की मौत; बांग्लादेश में मां दुर्गा का मुकुट चोरी, मोदी ने चढ़ाया था

नमस्कार, कल की बड़ी खबर टाटा ट्रस्ट से जुड़ी रही, रतन टाटा के सौतेले भाई नोएल ट्रस्ट के चेयरमैन बनाए गए हैं। एक खबर महाराष्ट्र के नासिक से रही, यहां तोप दागने की प्रैक्टिस कर रहे 2 अग्निवीरों की मौत हो गई। लेकिन कल की बड़ी खबरों से पहले आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर रहेगी नजर… अब कल की बड़ी खबरें… 1. रतन टाटा के बाद सौतेले भाई नोएल संभालेंगे टाटा ट्रस्ट, कहा- विरासत को आगे बढ़ाऊंगा रतन टाटा के सौतेले भाई नोएल टाटा अब ‘टाटा ट्रस्ट’ के चेयरमैन होंगे। 66 साल के नोएल पहले ही दो फैमिली ट्रस्ट के ट्रस्टी हैं। मुंबई में हुई बोर्ड मीटिंग में नोएल के नाम पर सहमति बनी। नोएल टाटा ने कहा, ‘मेरे साथी ट्रस्टीज ने मुझे जो जिम्मेदारी दी है, उससे मैं बहुत सम्मानित महसूस कर रहा हूं। मैं रतन टाटा और टाटा ग्रुप के फाउंडर्स की विरासत आगे बढ़ाने के लिए तैयार हूं।’ टाटा इंटरनेशनल से करियर की शुरुआत: नोएल ने टाटा इंटरनेशनल से अपने करियर की शुरुआत की। 1999 में वे ग्रुप की रिटेल शाखा ट्रेंट के मैनेजिंग डायरेक्टर बनाए गए। इसे उनकी मां सिमोन ने शुरू किया था। 2010-11 में उन्हें टाटा इंटरनेशनल का चेयरमैन बनाया गया। 2018 में टाइटन के वाइस चेयरमैन बने और 2017 में ट्रस्ट के बोर्ड में शामिल किए गए।
पूरी खबर यहां पढ़ें… 2. इजराइल का लेबनान में UN पोस्ट पर हमला, यहां बॉर्डर पर 600 भारतीय सैनिक तैनात
इजराइल ने लेबनान में यूनाइटेड नेशंस (UN) की पीसकीपिंग फोर्स के पोस्ट पर हमला किया, जिसमें फोर्स के 2 सदस्य घायल हो गए। इस पर भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा, ‘हम ब्लू लाइन पर बिगड़ते सुरक्षा हालात को लेकर चिंतित हैं।’ दरअसल, UN के पीसकीपिंग मिशन के लिए इजराइल-लेबनान बॉर्डर पर करीब 120 किमी लंबी ब्लू लाइन बनाई गई है। यहां भारत के भी 600 सैनिक तैनात हैं। इजराइली हमले के बाद क्या कदम उठाए गए: भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा कि पीसकीपिंग फोर्स की पोस्ट की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाए जाने चाहिए। इसके बाद इटली, फ्रांस और इंडोनेशिया जैसे कई देशों ने इजराइल से जवाब मांगा है। वहीं, भारत में इजराइल के राजदूत रुयूवेन अजार ने कहा, ‘हिजबुल्लाह UN पोस्ट की आड़ में इजराइल पर हमले कर रहा है। इजराइल UN के सैनिकों की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाएगा।’
पूरी खबर यहां पढ़ें… 3. नासिक आर्टिलरी स्कूल में 2 अग्निवीरों की मौत, फायरिंग प्रैक्टिस के दौरान शेल ब्लास्ट हुआ था
महाराष्ट्र के नासिक में आर्टिलरी सेंटर में तोप दागने की प्रैक्टिस के दौरान 2 अग्निवीरों की जान चली गई। घटना 9 अक्टूबर की है, जिसकी जानकारी अगले दिन सामने आई। तीन अग्निवीर फील्ड गन से गोला दागने की प्रैक्टिस कर रहे थे, इसी दौरान एक गोले में ब्लास्ट हुआ। तीसरा अग्निवीर फिलहाल अस्पताल में है। एक हफ्ते पहले भी अग्निवीर की जान गई थी: राजस्थान के भरतपुर में 4 अक्टूबर को आग बुझाने की मॉक ड्रिल के दौरान अग्निवीर की मौत हो गई थी। ट्रेनिंग कैंप में मॉक ड्रिल के दौरान अग्निवीर ने सिलेंडर को उल्टा पटका और वह फट गया। सिलेंडर के टुकड़े जवान की छाती में लगे। उसने अस्पताल में दम तोड़ दिया।
पूरी खबर यहां पढ़ें… 4. बांग्लादेश के जेशोरेश्वरी मंदिर से मां दुर्गा का मुकुट चोरी, PM मोदी ने 3 साल पहले चढ़ाया था बांग्लादेश के सतखीरा स्थित जेशोरेश्वरी मंदिर से मां काली का मुकुट चोरी हो गया है। घटना का CCTV फुटेज सामने आया है। चांदी के इस मुकुट पर सोने की परत चढ़ी थी। PM मोदी 2021 में बांग्लादेश दौरे पर गए थे। इस दौरान उन्होंने मुकुट मंदिर में चढ़ाया था। ढाका में भारतीय उच्चायोग ने कार्रवाई की मांग की है। 51 शक्ति पीठों में से एक है जेशोरेश्वरी मंदिर: मां काली का जेशोरेश्वरी मंदिर हिंदू धर्म में 51 शक्ति पीठों में से एक माना जाता है। मान्यताओं के मुताबिक, इस मंदिर में माता सती की बाईं हथेली गिरी थी। इसका नाम ‘जेशोरेश्वरी’ इसलिए रखा गया क्योंकि यह जेस्सोर इलाके में है। मां काली दुर्गा के 9 रूपों में से एक हैं।
पूरी खबर यहां पढ़ें… 5. जापानी संगठन को नोबेल पीस प्राइज, परमाणु हथियार मुक्त दुनिया बनाने की मुहिम चलाई जापान के संगठन निहोन हिदांक्यो को इस साल नोबेल पीस प्राइज मिलेगा। उन्हें यह सम्मान परमाणु हथियारों के खिलाफ मुहिम चलाने के लिए दिया गया है। इस संगठन में वे लोग शामिल हैं, जो दूसरे विश्व युद्ध में हिरोशिमा और नागासाकी पर हुए परमाणु हमले में बच गए थे। संगठन की स्थापना 1956 में हुई थी। संगठन के बारे में नोबेल कमेटी ने क्या कहा: हिरोशिमा-नागासाकी के परमाणु हमले के पीड़ितों को हिबाकुशा कहा जाता है। ये हिबाकुशा दुनियाभर में अपनी पीड़ा और दर्दनाक यादों को निहोन हिदांक्यो संगठन के जरिए साझा करते हैं। नोबेल कमेटी ने कहा, ‘एक दिन हिबाकुशा हमारे बीच नहीं होंगे, लेकिन जापान की नई पीढ़ी उनकी याद और अनुभवों को दुनिया से साझा करती रहेगी। ये याद दिलाती रहेगी कि परमाणु हथियार दुनिया के लिए कितने खतरनाक हैं।’
पूरी खबर यहां पढ़ें… 6. UP सरकार ने अखिलेश को जेपी सेंटर जाने से रोका, सपा चीफ ने घर में लगी लोकनायक की मूर्ति पर माला चढ़ाई UP सरकार ने सपा चीफ अखिलेश यादव को लखनऊ स्थित जेपी कन्वेशन सेंटर (JPNIC) जाने से रोक दिया। उन्होंने घर में लगी लोकनायक जय प्रकाश नारायण की मूर्ति पर माला चढ़ाई। UP सरकार ने तर्क दिया था- बारिश के चलते JPNIC में जीव-जंतु हो सकते हैं, इसलिए माल्यार्पण करना सुरक्षित नहीं है। प्रशासन ने अखिलेश के घर के बाहर बैरिकेडिंग की, तार बिछाए और फोर्स तैनात कर दी। JPNIC के बाहर भी टीन की दीवार खड़ी की गई थी। ​​​​​​ जेपी पर दूसरी बार आमने-सामने सपा और UP सरकार: जय प्रकाश नारायण की जयंती पर अखिलेश और यूपी सरकार दूसरी बार आमने-सामने हैं। पिछले साल अखिलेश माल्यार्पण के लिए JPNIC का गेट कूदकर अंदर गए थे। JPNIC का निर्माण सपा सरकार ने 2013 में शुरू कराया था। 2017 में योगी सरकार आई तो निर्माण को लेकर जांच शुरू हो गई। इसके बाद से निर्माण अधूरा है। पब्लिक एंट्री भी बंद है।
पूरी खबर यहां पढ़ें… 7. त्रिची में एअर इंडिया प्लेन की इमरजेंसी लैंडिंग, हाइड्रोलिक सिस्टम फेल होने से 3 घंटे आसमान में चक्कर काटे तमिलनाडु के तिरुचलापल्ली से शारजाह जा रही एअर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग हुई। उड़ान भरते ही प्लेन का हाइड्रोलिक सिस्टम फेल हो गया था। इसके बाद फ्यूल कम करने के लिए प्लेन करीब 3 घंटे आसमान में चक्कर काटता रहा। एअर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट नंबर AXB 613 में 141 पैसेंजर और क्रू मेंबर सवार थे। एयरपोर्ट पर रेस्क्यू टीम तैनात थी: पायलट की तरफ से इमरजेंसी मैसेज मिलने के बाद एयरपोर्ट पर फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस तैनात कर दी गई थी। इमरजेंसी रेस्क्यू टीम को भी लैंडिंग से पहले एयरपोर्ट पर तैनात किया गया। एअर इंडिया एक्सप्रेस टाटा ग्रुप की एअर इंडिया की सहायक कंपनी है। यह भारत से खाड़ी देशों के लिए फ्लाइट ऑपरेट करती है।
पूरी खबर यहां पढ़ें… 8. टेस्ला की पहली ऑटोनॉमस रोबो टैक्सी रिवील: AI फीचर वाली साइबरकैब बिना ड्राइवर के चलेगी इलेक्ट्रिक व्हीकल बनाने वाली टेस्ला कंपनी ने अपनी पहली रोबोटैक्सी ‘साइबरकैब’ रिवील की। अमेरिका के कैलिफोर्निया में हुए ‘वी-रोबोट’ इवेंट में इसे पेश किया गया। दो सीट वाली साइबरकैब फुली सेल्फ ड्रिवन इलेक्ट्रिक कार है। इसमें न तो स्टीयरिंग है न ही पैडल। इसका प्रोडक्शन 2027 से पहले शुरू हो सकता है। कंज्यूमर 30,000 डॉलर (करीब 25 लाख रुपए) में साइबरकैब खरीद सकेंगे। साइबरकैब की खासियत: साइबरकैब को चलाने की कॉस्ट 20 सेंट प्रति माइल यानी करीब 16 रुपए प्रति 1.6 किलोमीटर पड़ेगी। इसे चार्ज करने के लिए किसी तरह के प्लग की जरूरत नहीं होगी, यानी इसमें वायरलैस चार्जिंग की सुविधा दी गई है। कंपनी ने एक और ऑटोनॉमस व्हीकल ‘रोबोवैन’ को भी पेश किया, जो 20 लोगों को ले जाने में सक्षम होगी।
पूरी खबर यहां पढ़ें… आज का कार्टून By मंसूर नकवी… कुछ अहम खबरें हेडलाइन में… अब खबर हटके… माइकल जॉर्डन की जर्सी नीलाम होगी, ₹50 करोड़ तक में बिक सकती है पूर्व अमेरिकी बास्केटबॉल खिलाड़ी और बिजनेसमैन माइकल जॉर्डन की जर्सी नीलाम होने वाली है। जॉर्डन ने शिकागो बुल्स टीम की इस रेड जर्सी को 1996-97 सीजन के दौरान पहनी थी। 5 महीने में ये जर्सी 17 बार पहनी थी। जर्सी 23 अक्टूबर से 4 नवंबर तक चलने वाली नीलामी में 50 करोड़ रुपए तक में बिक सकती है। भास्कर की एक्सक्लूसिव स्टोरीज, जो सबसे ज्यादा पढ़ी गईं… इन करेंट अफेयर्स के बारे में विस्तार से पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.. आपका दिन शुभ हो, पढ़ते रहिए दैनिक भास्कर ऐप… मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें…