मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ:विनेश फोगाट पेरिस ओलिंपिक से बाहर; बांग्लादेश में आज अंतरिम सरकार की शपथ; श्रीलंका से 27 साल बाद वनडे सीरीज हारा भारत

नमस्कार, कल की बड़ी खबर पेरिस ओलिंपिक की रही, रेसलिंग के फाइनल मुकाबले के लिए क्वालिफाई कर चुकीं विनेश फोगाट को अयोग्य घोषित कर दिया गया। एक खबर बांग्लादेश की रही, जहां आज अंतरिम सरकार शपथ लेगी। लेकिन कल की बड़ी खबरों से पहले आज का प्रमुख इवेंट, जिस पर रहेगी नजर… अब कल की बड़ी खबरें… 1. रेसलर विनेश फोगाट पेरिस ओलिंपिक से बाहर, 50 kg कैटेगरी से 100 ग्राम वजन ज्यादा निकला भारतीय रेसलर विनेश फोगाट पेरिस ओलिंपिक से बाहर हो गई हैं। विनेश का वजन उनकी तय कैटेगरी 50kg से 100 ग्राम ज्यादा निकला। इसके बाद ओलिंपिक एसोसिएशन ने उन्हें फ्रीस्टाइल महिला कुश्ती के लिए अयोग्य घोषित कर दिया। मंगलवार सुबह विनेश का वजन 49.90 kg था। सेमीफाइनल तक 3 मैच खेलने के बाद उन्हें प्रोटीन और एनर्जी के लिए खाना खिलाया गया, जिससे उनका वजन 52 किलो तक बढ़ गया। वजन घटाने के लिए बाल- नाखून काटे: वजन कम करने के लिए मेडिकल टीम ने रात भर विनेश से एक्सरसाइज कराई। खाना-पानी नहीं दिया, बाल और नाखून भी काटे गए और छोटे कपड़े तक पहनाए गए। इसके बावजूद उनका वजह 50.100 किग्रा पर अटक गया। ओलिंपिक से बाहर होने के बाद विनेश की तबीयत खराब हुई और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। कोच विजय दाहिया उनसे मिलने पहुंचे तो विनेश ने उनसे कहा- ‘किस्मत खराब थी कि हम मेडल से चूक गए, लेकिन यह खेल का हिस्सा है।’ विनेश ने डिसक्वालिफिकेशन के खिलाफ अपील की: विनेश फोगाट ने पेरिस ओलिंपिक में डिसक्वालिफिकेशन के खिलाफ अपील दायर की है। उन्होंने कोर्ट ऑफ आर्बिट्रेशन फॉर स्पोर्ट्स (CAS) में बुधवार रात अपील की है कि उन्हें संयुक्त रूप से सिल्वर मेडल दिया जाए। उनकी अपील पर CAS आज फैसला सुनाएगा।
पूरी खबर यहां पढ़ें… 2. पेरिस ओलिंपिक: वेटलिफ्टर मीराबाई चानू मेडल चूकीं; स्टीपलचेज में अविनाश साबले 11वें नंबर पर रहे भारतीय वेटलिफ्टर मीराबाई चानू 49 kg वेट कैटेगरी में मेडल जीतने से चूक गईं। टोक्यो की सिल्वर मेडलिस्ट मीराबाई ने कुल 199 kg वजन उठाया और चौथे स्थान पर रहीं। चीन की हू जीहुई ने 206 kg उठाकर ओलिंपिक रिकॉर्ड के साथ गोल्ड जीता। रोमानिया की मिहेला वेलेनटीना (205 kg) ने सिल्वर और थाईलैंड की खंबाओ सुरोदचना ने 200 kg उठाकर ब्रॉन्ज हासिल किया। इधर, स्टीपलचेज में अविनाश ने 8:14.18 मिनट में रेस पूरी की और 11वां स्थान हासिल किया। मोरक्को के एल बकाली सोफिने ने 8:06.05 की टाइमिंग के साथ गोल्ड मेडल जीता। अमेरिका के केनथ रूक्स (8:06.41 मिनट) को सिल्वर और केन्या के एब्राहिम किविवॉट (8:06.47 मिनट) को ब्रॉन्ज मेडल मिला। इससे पहले भारतीय महिला टेबल टेनिस टीम क्वार्टर फाइनल में जर्मनी से 3-1 से हार गई। वहीं, रेसलर अंतिम पंघाल राउंड ऑफ-16 में हार गई। उन्हें 53 kg में तुर्किये जेनेप येटगिल ने 10-0 से हराया। जेवलिन थ्रोअर अनु रानी भी फाइनल में जगह नहीं बना सकीं। आज भारत के मेडल इवेंट्स… पूरी खबर यहां पढ़ें… 3. बांग्लादेश में 15 सदस्यीय अंतरिम सरकार शपथ लेगी; दावा- हसीना UAE-सऊदी जा सकती हैं बांग्लादेश के आर्मी चीफ वकार-उज-जमान ने बताया है कि गुरुवार रात 8 बजे 15 सदस्यों वाली अंतरिम सरकार शपथ लेगी, जिसके चीफ एडवाइजर नोबेल विजेता मोहम्मद यूनुस होंगे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, लंदन में शरण न मिलने के बाद शेख हसीना UAE, सऊदी अरब या फिनलैंड जा सकती हैं। हालांकि हसीना के बेटे वाजेद जॉय का कहना है कि उन्होंने किसी दूसरे देश में शरण नहीं मांगी है। शेख हसीना के पार्टी से जुड़े नेताओं की हत्या: बांग्लादेश में हसीना की पार्टी अवामी लीग से जुड़े नेताओं और उनके परिवार के सदस्यों के 29 शव मिले हैं। इसमें अवामी लीग के 20 नेता भी शामिल हैं। उपद्रवियों ने सोमवार रात जोशोर में अवामी लीग के एक नेता का आलीशान होटल आग के हवाले कर दिया। इसमें 24 लोग जिंदा जल गए। इसमें इंडोनेशिया का भी एक शख्स शामिल है।
पूरी खबर यहां पढ़ें… 4. श्रीलंका से 27 साल बाद वनडे सीरीज हारा भारत, तीसरे वनडे में टीम इंडिया 110 रन से हारी श्रीलंका ने 3 मैचों की वनडे सीरीज के तीसरे मुकाबले में भारत को 110 रन से हरा दिया। इसके साथ ही सीरीज 2-0 से जीत ली, पहला वनडे टाई था। पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका ने 50 ओवर में 7 विकेट पर 248 रन बनाए। वहीं भारतीय टीम 26.1 ओवर में 138 रन पर ऑलआउट हो गई। श्रीलंका ने भारत को वनडे सीरीज में 27 साल बाद शिकस्त दी है। श्रीलंका ने 1997 में भारत को 4 वनडे मैचों की सीरीज में 3-0 से हराया था। मैच के हाईलाइट्स: श्रीलंका से अविष्का फर्नांडो ने 96 और कुसल मेंडिस ने 59 रन बनाए। भारत से डेब्यू कर रहे रियान पराग ने 3 विकेट लिए। रोहित शर्मा ने 35, वॉशिंगटन सुंदर ने 30 और विराट कोहली ने 20 रन बनाए। श्रीलंका से दुनिथ वेल्लालागे ने 5 विकेट लिए। जेफरी वांडरसे और महीश तीक्षणा को 2-2 विकेट मिले।
पूरी खबर यहां पढ़ें… 5. स्वाति मालीवाल केस: दिल्ली पुलिस ने हाईकोर्ट में कहा- ​​​​बिभव ने स्वाति को 8 थप्पड़ मारे
आम आदमी पार्टी (AAP) की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल मारपीट केस में पुलिस ने 16 जुलाई को 500 पन्नों की चार्जशीट दिल्ली हाईकोर्ट में पेश की थी। 7 अगस्त को इसकी डिटेल सामने आई। चार्जशीट में पुलिस ने लिखा है, ‘बिभव ने स्वाति को 8 थप्पड़ मारे थे। घटना के बाद बिभव CM अरविंद केजरीवाल के साथ ही थे। AAP नेता संजय सिंह और आतिशी ने शुरुआत में माना था कि स्वाति के साथ गलत व्यवहार हुआ। बाद में वे अपने बयान से पलट गए थे।’ क्या है स्वाति मालीवाल मारपीट केस: बिभव पर AAP की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल से 13 मई को CM आवास पर मारपीट का आरोप है। इस मामले में दिल्ली पुलिस ने 16 मई को FIR दर्ज की थी। स्वाति ​​​​​​ने दावा किया था कि वे केजरीवाल से मिलने CM हाउस गई थीं। वहां बिभव ने उन्हें CM से मिलने से रोका और मारपीट की। बिभव ने उन्हें थप्पड़ मारे। पेट और प्राइवेट पार्ट पर लात मारी।
पूरी खबर यहां पढ़ें… 6. नेपाल में हेलिकॉप्टर क्रैश, 5 की मौत; उड़ान भरने के 3 मिनट बाद संपर्क टूटा था नेपाल के नुवाकोट में हुए हेलिकॉप्टर क्रैश में 5 लोगों की मौत हो गई। इनमें 4 चीनी नागरिक और एक पायलट शामिल हैं। एयर डायनेस्टी का हेलिकॉप्टर राजधानी काठमांडू से रासुवा जा रहा था। इसने त्रिभुवन इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरी, जिसके 3 मिनट बाद संपर्क टूट गया। 15 दिन में दूसरा क्रैश: नेपाल में 24 जुलाई को भी एक प्लेन क्रैश हो गया था। इसमें 18 लोगों की मौत हुई थी। प्लेन ने 24 जुलाई को सुबह करीब 11 बजे त्रिभुवन एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी। इसके कुछ ही देर के अंदर यह क्रैश हो गया था। नेपाल में 14 साल में 12 विमान हादसे हो चुके हैं।
पूरी खबर यहां पढ़ें… आज का कार्टून By मंसूर नकवी… कुछ अहम खबरें हेडलाइन में… अब खबर हटके… राफेल नडाल की जर्सी ₹95 लाख में बिकी दिग्गज टेनिस खिलाड़ी राफेल नडाल की पहनी हुई एक जर्सी 95 लाख रुपए में नीलाम हुई है। बोली की शुरुआत 21 लाख रुपए से हुई थी। नडाल ने यह जर्सी 2005 फ्रेंच ओपन के 3 मैचों में पहनी थी। नडाल ने पहले क्वार्टरफाइनल में डेविड फेरर, सेमीफाइनल में रोजर फेडरर और फाइनल में मारियानो पुएर्ता को हराया था। भास्कर की एक्सक्लूसिव स्टोरीज, जो सबसे ज्यादा पढ़ी गईं… इन करेंट अफेयर्स के बारे में विस्तार से पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें… आपका दिन शुभ हो, पढ़ते रहिए दैनिक भास्कर ऐप… मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें…