मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ:सीरियाई राष्ट्रपति देश छोड़कर भागे, 50 साल का शासन खत्म; भाजपा बोली- सोनिया भारत विरोधी संगठन से जुड़ीं; किसानों ने दिल्ली मार्च टाला

नमस्कार, कल की बड़ी खबर सीरिया की रही, यहां विद्रोही गुटों के कब्जे के बाद राष्ट्रपति बशर अल-असद देश छोड़कर भाग गए। एक खबर कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी पर BJP के लगाए आरोपों की रही। लेकिन कल की बड़ी खबरों से पहले आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर रहेगी नजर… अब कल की बड़ी खबरें… 1. किसानों ने शंभू बॉर्डर से दिल्ली मार्च टाला, हरियाणा पुलिस से झड़प में 8 किसान घायल हरियाणा-पंजाब के शंभू बॉर्डर पर प्रदर्शन कर रहे किसानों ने फिलहाल दिल्ली मार्च टाल दिया है। 101 किसानों का जत्था पैदल दिल्ली के लिए निकला, जिसे हरियाणा पुलिस ने रोक लिया। आंसू गैस के गोले दागे और वाटर कैनन चलाई। झड़प में 8 किसान घायल हो गए। किसान संगठन सभी फसलों पर MSP की गारंटी समेत 13 मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। पूरी खबर यहां पढ़ें… 2. सीरिया के राष्ट्रपति देश छोड़कर भागे, लोगों ने राष्ट्रपति भवन लूटा; राजधानी दमिश्क पर विद्रोही गुटों का कब्जा सीरिया में विद्रोही गुटों ने राजधानी दमिश्क पर कब्जा कर लिया, जिसके बाद राष्ट्रपति बशर अल-असद देश छोड़कर भाग गए। सीरियाई PM ने विद्रोहियों को सत्ता सौंपने का प्रस्ताव दिया। 11 दिन से विद्रोही गुटों और सेना के बीच कब्जे की लड़ाई चल रही थी। दमिश्क, दारा, अलेप्पो, हमा और होम्स पर इस्लामी चरमपंथी ग्रुप हयात तहरीर अल-शाम का कब्जा है। इसके साथ स्थानीय विद्रोहियों ने भी कब्जा किया है। असद परिवार का 50 साल का शासन खत्म: असद के सत्ता से हटने के साथ ही सीरिया में करीब 54 साल लंबे असद परिवार के शासन का अंत हो गया। बशर के पिता हाफिज अल-असद 1971 में सीरिया के राष्ट्रपति बने और अगले 29 साल तक पद पर रहे। साल 2000 में हाफिज की मौत के बाद बशर ने सत्ता संभाली।
पूरी खबर यहां पढ़ें… 3. BJP बोली- सोनिया कश्मीर विरोधी संगठन से जुड़ीं, भारत विरोधी सोरोस कांग्रेस को फंडिंग कर रहे भाजपा ने कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी पर ऐसे संगठन से जुड़े होने का आरोप लगाया है, जो कश्मीर को भारत से अलग करने की वकालत करता है। भाजपा ने X पर लिखा कि फोरम ऑफ डेमोक्रेटिक लीडर्स इन एशिया पेसिफिक (FDL-AP) को जॉर्ज सोरोस फाउंडेशन की तरफ से फंडिंग मिलती है। सोनिया FDL-AP की सह-अध्यक्ष हैं। सोरोस भारत विरोधी बयान दे चुके: सोरोस ने भारत में नागरिकता संशोधन कानून यानी CAA और कश्मीर से आर्टिकल 370 हटाए जाने पर भी PM मोदी पर निशाना साधा था। सोरोस ने दोनों मौकों पर कहा था कि भारत हिंदू राष्ट्र बनने की तरफ बढ़ रहा है। दोनों ही मौकों पर उनके बयान बेहद तल्ख थे और वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोलते दिखाई दिए थे।
पूरी खबर यहां पढ़ें… 4. ऑस्ट्रेलिया ने 10 विकेट से जीता एडिलेड टेस्ट, भारत ने 19 रन का टारगेट दिया था, ट्रैविस हेड प्लेयर ऑफ द मैच ऑस्ट्रेलिया ने बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के एडिलेड टेस्ट में भारत को 10 विकेट से हराया। भारतीय टीम दूसरी पारी में 175 रन पर ऑलआउट हुई। ऑस्ट्रेलिया ने 19 रन का टारगेट बिना विकेट गंवाए हासिल किया। ट्रैविस हेड प्लेयर ऑफ द मैच रहे। 5 मैचों की सीरीज में दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर हैं। सीरीज का तीसरा मुकाबला 14 दिसंबर से ब्रिस्बेन में खेला जाएगा। मैच कै हाईलाइट्स: टीम ने 128/5 के स्कोर से दिन की शुरुआत की और आखिरी 5 विकेट 47 रन बनाने में गंवा दिए। ऋषभ पंत कोई रन नहीं बना सके और 28 रन पर आउट हो गए। नीतीश रेड्‌डी ने 15 रन से खेला शुरू किया और 42 रन बनाकर आउट हुए। ऑस्ट्रेलिया की ओर से कप्तान पैट कमिंस ने 5 विकेट झटके। स्कॉट बोलैंड को 3 और मिचेल स्टार्क को 2 विकेट मिले। स्टार्क ने पहली पारी में 6 विकेट लिए थे।
पूरी खबर यहां पढ़ें… 5. ढाका में इंडियन हाई कमीशन के सामने प्रदर्शन, BNP लीडर बोले- भारत हमें नुकसान पहुंचा सकता है BNP यानी बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी ने ढाका में इंडियन हाई कमीशन के सामने मार्च निकाला। BNP के जॉइंट सेक्रेटरी रूहुल कबीर रिजवी ने कहा, ‘भारत हर कदम पर बांग्लादेश को नुकसान पहुंचा सकता है। उसने शेख हसीना को इसलिए शरण दी क्योंकि उसे बांग्लादेश के लोग पसंद नहीं।’ हसीना सरकार गिरने के बाद हिंदू विरोधी भावनाएं बढ़ीं: बांग्लादेश में 5 अगस्त, 2024 को शेख हसीना सरकार गिरने के बाद से भारत विरोधी भावनाओं को बल मिला है। BNP से जुड़े कई नेता और कट्टरपंथी समूह लगातार भारत के खिलाफ बयान दे रहे हैं। बांग्लादेश में हिंदू मंदिरों पर हमले बढ़े है।
पूरी खबर यहां पढ़ें… 6. महाराष्ट्र विधानसभा के स्पीकर राहुल नार्वेकर होंगे, विपक्ष ने CM फडणवीस से मिलकर डिप्टी स्पीकर का पद मांगा
महाराष्ट्र विधानसभा के विशेष सत्र के दूसरे दिन रविवार को 105 विधायकों ने शपथ ली। कई विधायकों ने EVM के मुद्दे पर 7 दिसंबर को शपथ लेने से इनकार करते हुए सदन से वॉकआउट कर दिया था। राहुल नार्वेकर लगातार दूसरी बार विधानसभा के स्पीकर होंगे। स्पीकर पद के लिए किसी और नेता ने नामांकन नहीं किया है। विपक्ष के नेताओं ने डिप्टी स्पीकर के पद की मांग को लेकर CM फडणवीस से मुलाकात की। नेता विपक्ष पर संशय: महाराष्ट्र की 288 विधानसभा सीटों में से BJP ने 132, शिवसेना ने 57 और NCP ने 41 सीटें जीतीं। वहीं महाविकास अघाड़ी (MVA) को 46 और अन्य को 12 सीटें मिलीं। MVA में शिवसेना (UBT) 20, कांग्रेस 16 और शरद पवार की NCP को 10 सीटों पर जीत मिली। बहुमत का आंकड़ा 145 है। नेता विपक्ष पर दावा करने के लिए किसी पार्टी के पास 10% यानी 29 सीटें होना जरूरी है। जो किसी भी विपक्षी पार्टी के पास नहीं हैं। ऐसे में विधानसभा में कोई भी मुख्य विपक्षी दल और उसका नेता नहीं होगा।
पूरी खबर यहां पढ़ें… 7. ट्रम्प अवैध प्रवासियों को अमेरिका से निकालने पर कायम, कहा- पैदा होते ही US नागरिकता मिलने का अधिकार खत्म करूंगा अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने एक टीवी चैनल को दिए इंटरव्यू में अपने एजेंडे का खुलासा किया। ट्रम्प ने कहा, ‘मैं पैदा होते ही अमेरिकी नागरिकता मिलने का अधिकार खत्म कर दूंगा। ये काम मैं अपने ऑफिस के पहले दिन ही करूंगा।’ अमेरिकी संविधान क्या कहता है: अमेरिकी संविधान के 14वें संशोधन के मुताबिक जो भी बच्चा अमेरिका में पैदा होता है, उसे पैदा होते ही अमेरिका की नागरिकता मिल जाती है। भले ही उसके माता-पिता के पास किसी भी देश की नागरिकता हो। हालांकि ट्रम्प को ये नियम बदलने के लिए कानूनी अड़चन का सामना करना पड़ सकता है।
पूरी खबर यहां पढ़ें… आज का कार्टून By मंसूर नकवी… कुछ अहम खबरें हेडलाइन में… अब खबर हटके… सोने के 2,024 सिक्कों से बनाया क्रिसमस ट्री, कीमत 46 करोड़ रुपए जर्मनी के एक गोल्ड मर्चेंट ने 2,024 सोने के सिक्कों से 10 फीट लंबा क्रिसमस ट्री तैयार कराया है। 46 करोड़ रुपए की लागत से बने क्रिसमस ट्री को म्यूनिख में प्रदर्शनी के लिए रखा गया है। हालांकि यह सबसे महंगा क्रिसमस ट्री नहीं है। साल 2010 में 93 करोड़ रुपए की लागत से 43.2 फीट ऊंचा क्रिसमस ट्री बनाया गया था। जो अबू धाबी के अमीरात पैलेस होटल में लगाया गया था। भास्कर की एक्सक्लूसिव स्टोरीज, जो सबसे ज्यादा पढ़ी गईं… वृष राशि के लोगों को नौकरी में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिल सकती है। मिथुन राशि वालों के बिजनेस में सुधार होगा, जानिए आज का राशिफल आपका दिन शुभ हो, पढ़ते रहिए दैनिक भास्कर ऐप… मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें…