मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ:AI इंजीनियर सुसाइड केस, पत्नी-सास अरेस्ट; केजरीवाल चौथी बार नई दिल्ली से लड़ेंगे; महाराष्ट्र के 39 मंत्रियों में 1 मुस्लिम, 4 महिलाएं

नमस्कार, कल की बड़ी खबर बेंगलुरु के AI इंजीनियर सुसाइड केस की रही, पुलिस ने पत्नी समेत 3 आरोपियों को 2 राज्यों से गिरफ्तार किया। दो बड़ी खबरें दिल्ली चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी की लिस्ट और महाराष्ट्र सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार की रही। लेकिन कल की बड़ी खबरों से पहले आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर रहेगी नजर… अब कल की बड़ी खबरें… 1. AI इंजीनियर सुसाइड केस- पत्नी गुरुग्राम से गिरफ्तार; सास, पत्नी का भाई प्रयागराज से अरेस्ट बेंगलुरु पुलिस ने AI इंजीनियर अतुल सुभाष सुसाइड केस में पत्नी निकिता, सास निशा और पत्नी के भाई अनुराग को अरेस्ट किया है। सास और साले को प्रयागराज से, जबकि पत्नी को गुरुग्राम से अरेस्ट कर बेंगलुरु लाया गया। तीनों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। 7 दिन पहले बेंगलुरु में सुसाइड किया था: अतुल ने 9 दिसंबर को बेंगलुरु में सुसाइड किया था। आत्महत्या से पहले उसने 1.20 घंटे का वीडियो बनाया। इसमें पत्नी निकिता और उनकी फैमिली पर प्रताड़ना का आरोप लगाया था। बेंगलुरु में पत्नी निकिता, सास निशा, साले अनुराग और चाचा ससुर सुशील सिंघानिया पर FIR दर्ज की गई थी।
पूरी खबर यहां पढ़ें… 2. केजरीवाल नई दिल्ली, आतिशी कालकाजी से लड़ेंगी; सभी 70 सीटों पर AAP कैंडिडेट घोषित
आम आदमी पार्टी (AAP) ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए 38 कैंडिडेट्स की चौथी और आखिरी लिस्ट जारी की। पूर्व CM अरविंद केजरीवाल लगातार चौथी बार नई दिल्ली से चुनाव लड़ेंगे। CM आतिशी कालकाजी से, सौरभ भारद्वाज ग्रेटर कैलाश और सत्येंद्र जैन शकूर बस्ती से चुनाव लड़ेंगे। पार्टी सभी 70 सीटों पर प्रत्याशी उतार चुकी है। दिल्ली में फरवरी 2025 में विधानसभा चुनाव हो सकते हैं। नई दिल्ली सीट से केजरीवाल 3 बार चुनाव लड़े, तीनों बार जीते: केजरीवाल ने नई दिल्ली विधानसभा सीट से 2013 में उस समय की मुख्यमंत्री और कांग्रेस उम्मीदवार शीला दीक्षित को 25,864 हराया था। भाजपा के विजेंदर कुमार तीसरे नंबर पर रहे थे। 2015 में भाजपा की नूपुर शर्मा दूसरे नंबर पर थीं। तीसरे नंबर पर रहीं कांग्रेस की किरन वालिया को सिर्फ 4781 वोट मिले थे। 2020 में भाजपा के सुनील कुमार को 21,697 वोट से हराया था। कांग्रेस के रोमेश सभरवाल तीसरे नंबर पर रहे थे।
पूरी खबर यहां पढ़ें… 3. किसान नेता 20 दिन से आमरण अनशन पर; एक दिन पहले मोदी ने शाह-शिवराज के साथ मीटिंग की थी किसान नेता जगजीत डल्लेवाल पंजाब-हरियाणा के शंभू बॉर्डर पर 20 दिन से आमरण अनशन पर हैं। केंद्रीय गृह निदेशक मयंक मिश्रा ने उनसे मुलाकात कर मांगे सुनी। किसान सभी फसलों पर MSP की गारंटी समेत 13 मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 14 दिसंबर को गृह मंत्री अमित शाह और कृषि मंत्री शिवराज सिंह के साथ इस मामले पर मीटिंग की थी। पूरी खबर यहां पढ़ें… 4. महाराष्ट्र में 33 कैबिनेट, 6 राज्य मंत्रियों की शपथ; फडणवीस सरकार में 2 डिप्टी CM समेत 42 मंत्री महाराष्ट्र में चुनाव नतीजे आने के 22 दिन बाद 33 कैबिनेट और 6 राज्य मंत्रियों ने शपथ ली। अब मंत्रिमंडल में CM और 2 डिप्टी CM समेत 42 मंत्री हैं। एक सीट खाली रखी गई है। फडणवीस सरकार में भाजपा के 19, शिवसेना (शिंदे गुट) के 11 और NCP (अजित पवार गुट) के 9 मंत्री हैं। इनमें 1 मुस्लिम और 4 महिलाएं हैं। कैबिनेट में कितने युवा: कैबिनेट में सबसे युवा मंत्री NCP की अदिति तटकरे (36) और सबसे उम्रदराज मंत्री भाजपा के गणेश नाइक (74) साल हैं। भाजपा के पंकज भोयर (PHD) सबसे ज्यादा पढ़े-लिखे मंत्री हैं। शिवसेना के भारत गोगावले सबसे कम पढ़े-लिखे (8वीं पास) मंत्री हैं। कैबिनेट में 30-40 साल के 2, 40-50 साल के 12, 50-60 साल के 12 और 60 साल से ज्यादा उम्र के 13 मंत्री शामिल किए गए हैं।
पूरी खबर यहां पढ़ें… 5. गाबा टेस्ट- ऑस्ट्रेलिया पहली पारी में 400 पार, हेड-स्मिथ ने शतक लगाए, बुमराह ने 5 विकेट झटके ऑस्ट्रेलिया ने गाबा टेस्ट के दूसरे दिन पहली पारी में 7 विकेट पर 405 रन बनाए हैं। स्टंप्स पर विकेटकीपर एलेक्स कैरी 45 और मिचेल स्टार्क 20 रन पर नाबाद लौटे। ऑस्ट्रेलिया ने 28 रन के स्कोर से खेलना शुरू किया था। स्टीव स्मिथ ने 101 और ट्रैविस हेड ने 152 रन बनाए। भारत से जसप्रीत बुमराह ने 5 विकेट लिए, जबकि मोहम्मद सिराज और नीतीश रेड्डी ने एक-एक विकेट लिया। इस टेस्ट के रिकॉर्ड्स: बुमराह टेस्ट क्रिकेट में 20 से कम की औसत से सबसे ज्यादा (190) विकेट लेने वाले गेंदबाज बने। ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज स्टीव स्मिथ ने भारत के खिलाफ टेस्ट में सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में इंग्लैंड के जो रुट की बराबरी कर ली। अब इन दोनों प्लेयर्स के इंडिया के खिलाफ 10-10 शतक हो गए हैं। स्टीव स्मिथ भारत के खिलाफ वनडे, टी-20 और टेस्ट तीनों फॉर्मेट में सबसे ज्यादा (15) शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। दूसरे नंबर पर इंग्लैंड के पूर्व कप्तान जो रुट हैं, जिनके 11 शतक हैं।
पूरी खबर यहां पढ़ें… 6. WPL ऑक्शन- ₹9.05 करोड़ में बिकीं 19 प्लेयर्स; अनकैप्ड बैटर कमलिनी को मुंबई ने 16 गुना ज्यादा कीमत देकर खरीदा
विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2025 के लिए बेंगलुरु में मिनी ऑक्शन हुआ। 5 टीमों ने 9.05 करोड़ रुपए खर्च कर 19 प्लेयर्स को खरीदा, जिनमें से 4 करोड़पति बनीं। 5 विदेशी प्लेयर्स पर 2.70 करोड़ रुपए खर्च हुए। सिमरन शेख सबसे महंगी प्लेयर रहीं, उन्हें 1.90 करोड़ रुपए में गुजरात ने खरीदा। अनकैप्ड विकेटकीपर-बैटर जी कमलिनी को बेस प्राइस से 16 गुना ज्यादा कीमत में मुंबई इंडियंस ने 1.60 करोड़ रुपए में खरीदा। पूरी खबर यहां पढ़ें… 7. बांग्लादेश- हिंदू मंदिर पर हमले के आरोप में 4 गिरफ्तार, 170 लोगों पर दर्ज हुआ था मामला बांग्लादेश में हिंदू मंदिरों और घरों पर हमले के आरोप में 4 लोग अरेस्ट हुए हैं। इन पर उत्तरी जिले सुनामगंज में मंदिर और हिंदुओं के घर-दुकानों में तोड़फोड़ का आरोप था। मामले में 170 लोगों पर केस हुआ था। सुनामगंज में 3 दिसंबर को एक फेसबुक पोस्ट के बाद हिंसा भड़की थी। विवाद के बाद पोस्ट डिलीट कर दी गई, लेकिन इसके स्क्रीन शॉट्स वायरल हो गए। हसीना सरकार के गिरने के बाद हिंदुओं के खिलाफ हिंसा बढ़ी: बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ धार्मिक हिंसा के मामले लगातार बढ़े हैं। 5 से 20 अगस्त के बीच हिंसा के 2110 मामले सामने आए। इनें हिंदू परिवारों पर हमले के 157 और मंदिरों के अपमान के 69 मामले शामिल थे।
पूरी खबर यहां पढ़ें… आज का कार्टून By मंसूर नकवी… कुछ अहम खबरें हेडलाइन में… अब खबर हटके… 88 साल की उम्र में पास किया पियानो एग्जाम इंग्लैंड के 88 साल के रे एवलेघ ने अच्छे मार्क्स के साथ ग्रेड 8 पियानो एग्जाम पास किया है। उन्होंने 67 साल पहले ग्रेड 7 पियानो एग्जाम पास किया था। ब्रिटेन में ग्रेड 8 पियानो को ए-लेवल स्टैंडर्ड का माना जाता है। इसका मतलब है कि शख्स म्यूजिक में अच्छी स्किल और पकड़ रखता है। भास्कर की एक्सक्लूसिव स्टोरीज, जो सबसे ज्यादा पढ़ी गईं… वृश्चिक और मीन राशि के लोगों की कई समस्याएं दूर हो सकती हैं। कर्क, कन्या, धनु और मकर राशि के लोगों को लापरवाही से बचना होगा, जानिए आज का राशिफल आपका दिन शुभ हो, पढ़ते रहिए दैनिक भास्कर ऐप… मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें…