मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ:UGC-NET एग्जाम रद्द, 9 लाख स्टूडेंट्स शामिल हुए थे; नीतीश ने मोदी की उंगली देखी; गर्मी से 645 हज यात्रियों की मौत

नमस्कार, कल की बड़ी खबर UGC-NET एग्जाम की रही, नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की ओर से आयोजित यह एग्जाम एक दिन बाद ही रद्द कर दिया गया। NEET एग्जाम को लेकर NTA पहले से ही सवालों के घेरे में है। लेकिन कल की बड़ी खबरों से पहले आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर रहेगी नजर… अब कल की बड़ी खबरें… 1. UGC-NET एग्जाम एक दिन बाद रद्द, पेपर में गड़बड़ी के शक के चलते केंद्र का फैसला नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने 18 जून को हुई UGC-NET की परीक्षा रद्द कर दी है। यह एग्जाम दो शिफ्ट में पेन और पेपर मोड में हुआ था। 19 जून को विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) को परीक्षा के बारे में गृह मंत्रालय के इंडियन साइबर क्राइम कोर्डिनेशन सेंटर से परीक्षा में गड़बड़ी के इनपुट्स मिले थे। केंद्र ने इसकी जांच CBI को सौंपी है। अब नए सिरे परीक्षा होगी, नया एग्जाम शेड्यूल अलग से शेयर किया जाएगा। 9 लाख स्टूडेंट्स ने एग्जाम दिया था: UGC NET की परीक्षा 83 सब्जेक्ट्स में हुई थी। एग्जाम एक ही दिन 2 शिफ्ट में हुआ था। पहली शिफ्ट सुबह 9.30 बजे से दोपहर 12.30 बजे तक थी और दूसरी शिफ्ट दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक थी। देश के 317 शहरों में 1205 सेंटर्स पर परीक्षा हुई थी। 11 लाख 21 हजार 225 कैंडिडेट्स ने फॉर्म भरा था, जिनमें से करीब 81% (9,08,580) ने एग्जाम दिया। पहली शिफ्ट में 4 लाख 73 हजार 484 और दूसरी शिफ्ट में 4 लाख 35 हजार 96 स्टूडेंट्स शामिल हुए थे। ​​​​ पहले ऑनलाइन एग्जाम होता था: इससे पहले UGC NET का एग्जाम ऑनलाइन CBT यानी कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट होता था। ये बदलाव इसलिए किया गया, ताकि सभी सब्जेक्ट्स और सभी सेंटर्स पर एग्जाम एक ही दिन में आयोजित किया जा सके। साथ ही दूर-दराज के सेंटर्स में भी एग्जाम आयोजित हो सके। UGC NET एग्जाम देशभर की यूनिवर्सिटीज में PhD एडमिशन, जूनियर रिसर्च फेलोशिप (JRF) और असिस्टेंट प्रोफेसर के पद के लिए होता है।
पूरी खबर यहां पढ़ें… 2. 14 खरीफ फसलों की MSP बढ़ी: धान की MSP ₹117 बढ़ाकर ₹2300 की, तुअर दाल में ₹550 का इजाफा केंद्र सरकार ने 14 खरीफ फसलों की मिनिमम सपोर्ट प्राइस (MSP) बढ़ा दी है। धान की MSP 117 रुपए बढ़ाकर 2,300 रुपए और कपास की नई MSP 501 रुपए बढ़ाकर 7,121 रुपए तय की गई है। इसकी दूसरी किस्म की MSP 7,521 रुपए कर दी गई है, जो पहले से 501 रुपए ज्यादा है। केंद्रीय मंत्री अश्विणी वैष्णव ने कहा, ‘नई MSP से सरकार पर 2 लाख करोड़ रुपए का बोझ बढ़ेगा। यह पिछले फसल सीजन की तुलना में 35 हजार करोड़ रुपए ज्यादा है। MSP फसल की लागत का कम से कम 1.5 गुना होनी चाहिए। देश में 2 लाख नए गोदाम भी बनाए जाएंगे।’ क्या है MSP या मिनिमम सपोर्ट प्राइस: न्यूनतम समर्थन मूल्य वो गारंटीड मूल्य है जो किसानों को उनकी फसल पर मिलता है। भले ही बाजार में उस फसल की कीमतें कम हो। इसके पीछे तर्क यह है कि बाजार में फसलों की कीमतों में होने वाले उतार-चढ़ाव का असर किसानों पर न पड़े। उन्हें न्यूनतम कीमत मिलती रहे। सरकार हर फसल सीजन से पहले CACP यानी कमीशन फॉर एग्रीकल्चर कॉस्ट एंड प्राइजेज की सिफारिश पर MSP तय करती है। यदि किसी फसल की बम्पर पैदावार हुई है तो उसकी बाजार में कीमतें कम होती हैं, तब MSP उनके लिए फिक्स एश्योर्ड प्राइस का काम करती है। यह एक तरह से कीमतें गिरने पर किसानों को बचाने वाली बीमा पॉलिसी की तरह काम करती है।
पूरी खबर यहां पढ़ें… 3. नालंदा यूनिवर्सिटी के नए कैंपस का उद्घाटन; नीतीश ने मोदी की उंगली देखी, फिर कुछ बात हुई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 1749 करोड़ रुपए की लागत से तैयार हुए नालंदा यूनिवर्सिटी के नए कैंपस का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि आग की लपटों में पुस्तकें भले जल जाएं, लेकिन आग की लपटें ज्ञान को नहीं मिटा सकतीं। PM मोदी ने प्राचीन नालंदा विश्वविद्यालय के खंडहर भी देखे। 1600 साल बाद फिर उद्घाटन: 427 ई. में सम्राट कुमारगुप्त ने प्राचीन नालंदा विश्वविद्यालय की स्थापना की।1199 ई. में बख्तियार खिलजी ने इसे नष्ट कर आग लगवा दी। 28 मार्च 2006 को तत्कालीन राष्ट्रपति डॉ. कलाम ने बिहार विधानमंडल में इसके रिवाइवल का विचार रखा। 2007 में भारत सरकार ने नोबेल पुरस्कार प्राप्त अमर्त्य सेन के नेतृत्व में नालंदा मेंटर ग्रुप बनाया। 1 सितंबर 2014 को 15 स्टूडेंट के साथ नए नालंदा यूनिवर्सिटी में पढ़ाई की शुरुआत हुई। फिलहाल यहां 17 देशों के 400 स्टूडेंट्स पढ़ रहे हैं। कैंपस के उद्घाटन कार्यक्रम में CM नीतीश कुमार अचानक PM मोदी का हाथ पकड़कर कुछ देखने लगे। PM ने मुस्कुराते हुए उनसे बात की और उनके सवाल का जवाब दिया। ये देखकर प्रधानमंत्री की सुरक्षा में तैनात SPG के जवान भी उनकी तरफ देखने लगे।
पूरी खबर यहां पढ़ें… 3. NCERT डायरेक्टर बोले- ग्रेस मार्क विवाद के लिए काउंसिल जिम्मेदार नहीं, NTA ने कहा था- किताबों में फर्क के कारण देने पड़े ग्रेस मार्क्स NCERT के डायरेक्टर दिनेश प्रसाद सकलानी ने कहा कि NEET के ग्रेस मार्क विवाद के लिए काउंसिल जिम्मेदार नहीं है। दरअसल, NTA ने कहा था कि NCERT की पुरानी और नई किताबों में अलग-अलग जानकारी होने की वजह से बच्चों ने फिजिक्स के सवाल का गलत उत्तर दिया। इसलिए इन बच्चों को ग्रेस मार्क्स दिए गए। NCERT के डायरेक्टर ने कहा, ‘हमारी संशोधित किताबें, 2020 से ही प्रिंट और ऑनलाइन दोनों फॉर्मेट में उपलब्ध हैं। हमें नहीं पता कि सवाल बनाने वालों ने 2020 से पहले की किताबों का रेफरेंस क्यों दिया।’ उधर, NEET पेपर लीक मामले में बिहार की आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने पटना में दो कैंडिडेट्स से करीब ढाई घंटे पूछताछ की। इससे पहले 9 कैंडिडेट्स को पूछताछ के लिए बुलाया गया था। क्या है पूरा मामला: 5 मई 2024 को हुई NEET में 23 लाख 30 हजार स्टूडेंट्स शामिल हुए थे। 4 जून को रिजल्ट आया। इसमें 67 स्टूडेंट्स को पूरे 720 मार्क्स दिए गए। NEET की परीक्षा के इतिहास में पहली बार इतने छात्र टॉप स्कोरर रहे। इस पर कई स्टूडेंट्स ने सवाल उठाए। कई राज्यों में पेपर लीक के भी आरोप लगे, इस मामले में बिहार और गुजरात से गिरफ्तारियां भी हुई हैं।
पूरी खबर यहां पढ़ें… 5. गर्मी से हफ्ते भर में 645 हज यात्रियों की मौत, इनमें 323 नागरिक मिस्र के, 68 भारतीय होने की खबर सऊदी अरब के मक्का में गर्मी के कारण 12 जून से 19 जून के बीच 645 हज यात्रियों की मौत हुई है। मरने वालों में 323 नागरिक मिस्र,144 इंडोनेशिया के, 68 भारत और 60 जॉर्डन के हैं। 17 जून को मक्का की ग्रैंड मस्जिद में तापमान 51.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। पिछले साल हज पर गए 240 लोगों की मौत हुई थी। सऊदी ने सभी यात्रियों को छाते इस्तेमाल करने और लगातार पानी पीने की सलाह दी है। कई भारतीय लापता: लापता भारतीयों की तलाश की जा रही है। मृतकों में कई बुजुर्ग तीर्थयात्री शामिल हैं। हालांकि सऊदी अरब ने हीट स्ट्रोक के कारण मरने वालों के आंकड़े पर आधिकारिक बयान नहीं दिया है। हज कमेटी ऑफ इंडिया के मुताबिक, इस साल सबसे ज्यादा 1,75,000 भारतीय हज यात्रा के लिए मक्का पहुंचे। हज क्या है: इस्लाम धर्म में 5 फर्ज में से एक फर्ज हज है। मान्यताओं के मुताबिक, हर मुस्लिम व्यक्ति को जीवन में कम से कम एक बार इस फर्ज को पूरा करना होता है। BBC के मुताबिक, साल 628 में पैगंबर मोहम्मद ने अपने 1400 शिष्यों के साथ एक यात्रा शुरू की थी। ये इस्लाम की पहली तीर्थयात्रा बनी और इसी यात्रा में पैगंबर इब्राहिम की धार्मिक परंपरा को फिर से स्थापित किया गया। इसी को हज कहा जाता है।
पूरी खबर यहां पढ़ें… 6. जम्मू-कश्मीर में दो आतंकी ढेर; रियासी हमले में आतंकियों की मदद करने वाला गिरफ्तार जम्मू-कश्मीर के बारामूला में सुरक्षाबलों ने दो आतंकी मार गिए। हादीपोरा इलाके में पुलिस और सेना की जॉइंट टीम ने सर्च ऑपरेशन चलाया था, इस दौरान आतंकियों ने उन पर फायरिंग कर दी। एनकाउंटर में स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप का एक जवान और एक पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। पुलिस ने एक शख्स को गिरफ्तार किया है, जिसने 9 जून को रियासी में तीर्थयात्रियों की बस पर हुए हमले की आतंकियों की मदद की थी। रियासी हमले में 9 श्रद्धालु मारे गए थे: हकीम-उद-दीन ने 6000 रुपए में आतंकियों को पनाह दी थी। आतंकियों को खाना मुहैया कराने के साथ घटनास्थल तक पहुंचने का रास्ता भी बताया था। इस हमले में 9 श्रद्धालु मारे गए थे, जबकि 40 घायल हुए थे।
पूरी खबर यहां पढ़ें… 7. रूस-उत्तर कोरिया के बीच नई डिफेंस डील, किसी ने भी किया हमला तो मिलकर करेंगे सामना रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और उत्तर कोरिया के शासक किम जोंग उन ने नए एग्रीमेंट पर दस्तखत किए हैं। इसके मुताबिक, अगर किसी भी देश ने उत्तर कोरिया या फिर रूस पर हमला किया तो उसे दोनों देशों पर हमला माना जाएगा। इसका जवाब दोनों देश मिलकर देंगे। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, इस डील को ‘एलायंस’ नाम दिया गया है। नॉर्थ कोरिया दौरे पर पुतिन ने किम जोंग को तोहफे में लग्जरी कार ऑरस भेंट की। पुतिन 24 साल बाद नॉर्थ कोरिया पहुंचे: पुतिन 24 साल बाद 19 जून को नॉर्थ कोरिया दौरे पर पहुंचे। यहां एयरपोर्ट पर किम जोंग उन ने खुद उन्हें रिसीव किया। पुतिन के साथ रूस के 10 मंत्रियों और अधिकारियों का डेलिगेशन था। इनमें विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव और रक्षा मंत्री आंद्रे बेलोऊसोव शामिल हैं।
पूरी खबर यहां पढ़ें… आज का कार्टून By मंसूर नकवी… कुछ अहम खबरें हेडलाइन में… अब खबर हटके… पहली बार AI मॉडल्स का ब्यूटी कॉन्टेस्ट, भारत की जारा टॉप-10 में दुनिया में पहली बार AI ब्यूटी पेजेंट होने वाला है। इस प्रतियोगिता को ब्रिटेन की फैनव्यू कंपनी वर्ल्ड AI क्रिएटर अवॉर्ड्स (WAICA) के साथ मिलकर आयोजित कर रही है। पेजेंट के पहले चरण में 1500 कंटेस्टेंट में से टॉप 10 AI मॉडल्स को सिलेक्ट किया गया है। इनमें भारत की AI मॉडल जारा शतावरी भी शामिल हैं। मिस AI बनने वाली मॉडल को 10.84 लाख रुपए और उसके क्रिएटर को 4.17 लाख रुपए दिए जाएंगे।
पढ़ें पूरी खबर… भास्कर की एक्सक्लूसिव स्टोरीज, जो सबसे ज्यादा पढ़ी गईं… इन करेंट अफेयर्स के बारे में विस्तार से पढ़ने के लिए यहां क्लिक करे… आपका दिन शुभ हो, पढ़ते रहिए दैनिक भास्कर ऐप… मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें…