मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ:UP में होली से पहले मस्जिदें ढंकीं, नमाज का वक्त बदला; पाकिस्तानी ट्रेन हाईजैक का VIDEO; रोहित ICC रैंकिंग में नंबर-3 बैटर

नमस्कार, कल की बड़ी खबर UP से रही, यहां होली से पहले मस्जिदों को ढंका जा रहा है। एक खबर पाकिस्तान के बलूचिस्तान से रही, जहां 36 घंटे तक चला ट्रेन हाईजैक खत्म हुआ। लेकिन कल की बड़ी खबरों से पहले आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर रहेगी नजर… अब कल की बड़ी खबरें… 1. UP में होली से पहले मस्जिदों को तिरपाल से ढंका; संभल-शाहजहांपुर में हाई अलर्ट इस साल होली और रमजान का जुमा एक ही दिन पड़ रहा है। अब से 64 साल पहले 4 मार्च 1961 को होली ऐसा संयोग हुआ था। इसे लेकर UP में पुलिस-प्रशासन हाई अलर्ट पर है। शाहजहांपुर और संभल में मस्जिदों को रंग-गुलाल से बचाने के लिए तिरपाल से ढक दिया गया है। 12 जिलों में नमाज का वक्त बदला: 12 जिलों में जुमे की नमाज का वक्त बदला गया है। इनमें शाहजहांपुर, संभल, जौनपुर, मिर्जापुर, ललितपुर, औरैया, लखनऊ, मुरादाबाद, रामपुर, उन्नाव, बरेली और अयोध्या शामिल हैं। अधिकतर जिलों में अब नमाज 2 से ढाई बजे के बीच पढ़ी जाएगी।
पूरी खबर यहां पढ़ें… 2. पाकिस्तान सेना बोली- सभी बंधक ट्रेन हाईजैक से छुड़ाए गए, 33 बलूच विद्रोही ढेर पाकिस्तानी सुरक्षाबलों ने दावा किया कि बलूचिस्तान में ट्रेन हाईजैक खत्म हो गया। सुरक्षाबलों ने सभी 33 बलूच लड़ाकों को मार गिराया। ऑपरेशन में कुछ बंधक भी मारे गए। BLA ने 11 मार्च को बोलान में जाफर एक्सप्रेस पर हमला कर 214 यात्रियों को बंधक बनाया था। करीब 36 घंटे तक ट्रेन को हाईजैक करके रखा। BLA का दावा- 100 सैनिक मारे: न्यूज एजेंसी AFP ने पाकिस्तान आर्मी के हवाले से बताया है कि ट्रेन में यात्रा कर रहे 27 ऑफ ड्यूटी पाकिस्तानी सैनिक मारे गए हैं, जबकि 1 सैनिक रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान मारा गया। बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) का दावा है कि उसने दो दिन में 100 पाकिस्तानी सैनिक मार गिराए।
पूरी खबर यहां पढ़ें… 3. एयरटेल के बाद जियो की भी स्पेस-X से डील, मस्क की कंपनी के पास दुनिया का सबसे बड़ा नेटवर्क देश की सबसे बड़ी टेलिकॉम सर्विस प्रोवाइडर रिलायंस जियो ने सैटैलाइट इंटरनेट सर्विस मुहैया कराने के लिए इलॉन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स के साथ डील की है। एक दिन पहले एयरटेल ने भी ये डील की थी। समझौते के तहत, स्पेसएक्स और जियो दूरदराज के क्षेत्रों में स्टारलिंक सर्विसेस देने के लिए मिलकर काम करेंगे। स्टारलिंक मौजूदा नेटवर्क से कितना अलग: जियो और एयरटेल जैसी कंपनियां फाइबर ऑप्टिक्स, मोबाइल टावर से इंटरनेट देती हैं। स्टारलिंक सैटेलाइट नेटवर्क पर आधारित है। इसमें फिजिकल इन्फ्रास्ट्रक्चर की जरूरत नहीं पड़ती। स्टारलिंक का दावा है कि वह 150 MBPS तक स्पीड देती है। जो फाइबर ब्रॉडबैंड से कम है, लेकिन पारंपरिक सैटेलाइट इंटरनेट से बेहतर।
पूरी खबर यहां पढ़ें… 4. PM मोदी को मॉरीशस का सर्वोच्च सम्मान; भारत नई पार्लियामेंट बनाने में मदद करेगा PM मोदी ‘मॉरीशस के 57वें नेशनल डे’ इवेंट में बतौर चीफ गेस्ट शामिल हुए। इस दौरान उन्हें मॉरीशस के सर्वोच्च सम्मान ‘द ग्रैंड कमांडर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द स्टार एंड की ऑफ द इंडियन ओशन’ से नवाजा गया। वे यह सम्मान पाने वाले पहले भारतीय हैं। यह मोदी को मिला 21वां अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार है। भारत और मॉरीशस के बीच 8 समझौते हुए। भारत, मॉरीशस में नया संसद भवन बनवाने में भी मदद करेगा। मॉरीशस 12 मार्च को आजाद हुआ था: भारतीय मूल के सर शिवसागर रामगुलाम की अगुआई में मॉरीशस को 12 मार्च 1968 को ब्रिटेन से आजादी मिली थी। यह राष्ट्रमंडल के तहत 1992 में गणतंत्र बना। इस दिन को मॉरीशस राष्ट्रीय दिवस के तौर पर मनाता है। 2015 के बाद भारतीय PM की यह दूसरी मॉरीशस यात्रा थी।
पूरी खबर यहां पढ़ें… 5. ICC वनडे रैंकिंग में रोहित शर्मा नंबर-3 बल्लेबाज, शुभमन गिल ICC प्लेयर ऑफ द मंथ बने
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल यानी ICC की ओर से जारी बल्लेबाजों की ताजा वनडे रैंकिंग में रोहित शर्मा नंबर-3 पर पहुंच गए हैं। पहले वो पांचवें पायदान पर थे। पहले पर शुभमन गिल और दूसरे पर पाकिस्तानी बल्लेबाज बाबर आजम हैं। वहीं शुभमन गिल ICC प्लेयर ऑफ द मंथ बने हैं। उन्होंने तीसरी बार ये अवॉर्ड हासिल किया है। पूरी खबर यहां पढ़ें… 6. MP का बजट: 7.5 लाख सरकारी कर्मचारियों के भत्ते बढ़ेंगे, युवाओं को लिए 3 लाख रोजगार मध्यप्रदेश के वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने साल 2025-26 के लिए राज्य का बजट पेश किया। इसमें 20 से ज्यादा नई योजनाओं का ऐलान है। इनमें गंभीर बीमार मरीजों के इलाज के लिए CM केयर योजना भी शामिल हैं। प्रदेश के 7.5 लाख सरकारी कर्मचारियों के भत्तों को सातवें वेतन आयोग के मुताबिक बढ़ाने की घोषणा की गई है। ये बदलाव 13 साल बाद हो रहा है। प्रदेश के 39 नए औद्योगिक क्षेत्रों में 3 लाख नौकरियां मिलेंगी। पूरी खबर यहां पढ़ें… 7. जेलेंस्की 30 दिन के युद्धविराम के लिए तैयार; अब रूस की सहमति का इंतजार
यूक्रेन वॉर खत्म करने को लेकर सऊदी अरब के जेद्दाह में अमेरिकी और यूक्रेनी अधिकारियों के बीच बैठक हुई। इसके बाद यूक्रेन ने अमेरिका के 30 दिन का युद्धविराम प्रस्ताव स्वीकार कर लिया। इसकी पुष्टि यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने की। वहीं रूसी राष्ट्रपति ऑफिस ने कहा, ‘हम सऊदी अरब में हुई बातचीत को स्टडी कर रहे हैं। साथ ही अमेरिका की ओर से बातचीत के नतीजों का इंतजार कर रहे हैं।’ बातचीत में क्या शर्तें तय हुईं, जानकारी नहीं: पुतिन पूर्वी यूक्रेन के चार बड़े क्षेत्रों (डोनेट्स्क, लुहान्स्क, खेरसॉन, और जापोरीजिया) पर पूर्ण नियंत्रण चाहते हैं। रूस पहले ही यूक्रेन के 20% हिस्से पर कब्जा कर चुका है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि रूस युद्धविराम को स्वीकार करेगा या नहीं।
पूरी खबर यहां पढ़ें… आज का कार्टून By मंसूर नकवी… कुछ अहम खबरें हेडलाइन में… अब खबर हटके… कैलिफोर्निया में आग की वजह से बिछड़ी बिल्ली दो महीने बाद मिली अमेरिका के कैलिफोर्निया राज्य में एक बिल्ली करीब 2 महीने बाद अपनी मालकिन के पास लौट आई। दरअसल, जनवरी में लॉस एंजिल्स में आग लग गई थी। इसकी चपेट में 82 साल की कैथरीन कीफर का घर जल गया। कैथरीन ने सोचा कि बिल्ली एगी की भी आग से मौत हो गई, लेकिन इसी हफ्ते कैथरीन को एनिमल शेल्टर से कॉल आया कि एगी उनके पास है। भास्कर की एक्सक्लूसिव स्टोरीज, जो सबसे ज्यादा पढ़ी गईं… इन करेंट अफेयर्स के बारे में विस्तार से पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें… मेष राशि के नौकरीपेशा लोगों के काम की तारीफ होगी। कर्क राशि वालों को उपलब्धि मिल सकती है। जानिए आज का राशिफल… आपका दिन शुभ हो, पढ़ते रहिए दैनिक भास्कर ऐप… मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें…