मोदी के जम्मू-कश्मीर दौरे से पहले शाह की मीटिंग:NSA डोभाल समेत सभी सुरक्षा एजेंसियों के अफसर मौजूद; अमरनाथ यात्रा की भी समीक्षा होगी

गृह मंत्री अमित शाह दिल्ली में रविवार को जम्मू-कश्मीर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मीटिंग कर रहे हैं। इसमें गृह सचिव, जम्मू-कश्मीर के LG मनोज सिन्हा, NSA अजीत डोभाल, CRPF के DG अनीश दयाल, RAW, IB, सेना और पुलिस के आला अफसर मौजूद हैं। 21 जून को योग दिवस के कार्यक्रम के लिए प्रधानमंत्री मोदी 20 जून को श्रीनगर जा रहे हैं। उससे पहले इस बैठक को अहम माना जा रहा है। बैठक में 29 जून से शुरू हो रहे अमरनाथ यात्रा की तैयारियों का भी जायजा लिया जाएगा। इससे पहले 14 जून को भी शाह ने सुरक्षा-व्यवस्था को लेकर मीटिंग की थी। दरअसल, 9 जून को मोदी कैबिनेट जब शपथ ले रही थी, तब जम्मू-कश्मीर के रियासी में आतंकियों ने श्रद्धालुओं की बस पर गोलीबारी की थी। ड्राइवर को गोली लगी और बस खाई में गिर गई। इसमें 9 श्रद्धालुओं की मौत हो गई थी। 41 लोग घायल हो गए। सभी श्रद्धालु शिव खोड़ी से कटरा (वैष्णव देवी रूट पर) जा रहे थे। इसके अलावा आतंकियों ने कठुआ और डोडा में 3 जगहों पर लगातार हमले किए थे। इसमें एक SPO और एक CRPF का जवान भी शहीद हो गया था। एनकाउंटर में सुरक्षाबलों ने दो आतंकियों को ढेर कर दिया था। आतंकियों से बड़ी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद हुआ था। शनिवार को LG ने की हाई लेवल मीटिंग जम्मू-कश्मीर के LG मनोज सिन्हा ने भी शनिवार को हाई लेवल रिव्यू मीटिंग की थी। इसमें उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि घाटी में आतंकी ईको सिस्टम को जड़ से खत्म करने के लिए सुरक्षा एजेंसियां एक साथ मिलकर काम करें। जो लोग आतंक और आतंकी इको सिस्टम की मदद कर रहे हैं और उसे पनाह दे रहे हैं, उन्हें बख्शा नहीं जाना चाहिए। मीटिंग में चीफ सेक्रेटरी अटल डुल्लू, प्रिंसिपल सेक्रेटरी होम डिपार्टमेंट चंद्रकर भारती, ADGP लॉ एंड ऑर्डर विजय कुमार, ADGP CID नीतीश कुमार और पुलिस और प्रशासन के अन्य सीनियर अधिकारी मौजूद थे। बैठक में अमरनाथ यात्रा, योग दिवस और ईद-अल-अजहा से पहले जिला और पुलिस प्रशासन की तैयारियों को लेकर भी चर्चा हुई। 13 जून को प्रधानमंत्री मोदी ने भी की थी बैठक पीएम मोदी ने भी जम्मू-कश्मीर में हुई आतंकी घटनाओं को लेकर 13 जून को मीटिंग की थी। इसमें NSA अजीत डोभाल समेत सुरक्षा एजेंसियों के कई अधिकारी भी शामिल हुए। PM ने जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और सुरक्षाबलों की तैनाती को लेकर गृहमंत्री अमित शाह से भी बातचीत की थी। अमरनाथ यात्रा के लिए 500 कंपनियां तैनात होंगी
अमरनाथ यात्रा 29 जून से शुरू हो रही है। इस बार अमरनाथ यात्रा 52 दिन की होगी। यात्रा से पहले केंद्र ने जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा बढ़ाने के लिए केंद्रीय सुरक्षाबलों की 500 कंपनियों को घाटी में तैनात करने का फैसला लिया है। सूत्रों के मुताबिक CRPF, BSF, ITBP और CISF समेत केंद्रीय सशस्त्र सुरक्षा बल की 500 कंपनियों को अमरनाथ यात्रा के रूट पर तैनात किया जाएगा। 9 से 12 जून तक चारों आतंकी घटनाओं के बारे में सिलसिलेवार पढ़ें… तारीख: 12 जून, रात 8:20 बजे
स्थान: डोडा, जम्मू
क्या हुआ: डोडा के गंडोह में कोटा टॉप में आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ हुई। इसमें स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) का एक कॉन्स्टेबल फरीद अहमद जख्मी हो गए। फिलहाल उन्हें इलाज के लिए गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज डोडा में भर्ती कराया गया है। इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है। तारीख: 11 जून, रात 1-2 बजे
स्थान: डोडा, जम्मू
क्या हुआ: आतंकियों ने डोडा के भद्रवाह-पठानकोट मार्ग पर 4 राष्ट्रीय राइफल्स और पुलिस की जॉइंट चेकपोस्ट पर फायरिंग की। 5 जवान और एक स्पेशल पुलिस ऑफिसर (SPO) घायल हो गए। हमले की जिम्मेदारी आतंकवादी संगठन कश्मीर टाइगर्स (जेईएम/जैश) ने ली है। तारीख: 11 जून, देर शाम 8 बजे
स्थान: कठुआ, जम्मू
क्या हुआ: पाकिस्तान बॉर्डर से लगे हीरानगर के सैदा सुखल गांव में दो आतंकियों ने घरों का दरवाजा खटखटाकर पानी मांगा। ग्रामीणों को शक हुआ तो दरवाजे बंद कर शोर मचाया। आतंकियों ने फायरिंग की। एक ग्रामीण घायल हुआ। DIG और SSP पहुंचे तो एक आतंकी ने उनकी गाड़ी पर फायरिंग की। ग्रेनेड फेंकने के दौरान वह मारा गया। 12 जून को लगातार दूसरे दिन जारी मुठभेड़ में एक और आतंकी मारा गया। पुलिस ने आतंकी के पास से अमेरिका निर्मित एम4 कार्बाइन बरामद की है। ऑपरेशन अभी भी जारी है, क्योंकि सुरक्षाबलों को एक और आतंकी के छिपे होने की आशंका है। तारीख: 9 जून, शाम 6:15 बजे
स्थान: रियासी, जम्मू
क्या हुआ: मोदी सरकार के शपथ के दिन कंदा इलाके में शिव खोड़ी से कटरा जा रही बस पर आतंकियों ने 25-30 राउंड फायरिंग की। इसमें ड्राइवर को गोली लगी। बस खाई में गिरी। 9 श्रद्धालुओं की मौत हो गई। 41 घायल हो गए। पुलिस ने संदिग्ध आतंकी का स्केच जारी किया। 20 लाख रुपए का इनाम रखा। 200 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। सर्च ऑपरेशन जारी।