मोदी बोले- लुटियन जमात, खान मार्केट गैंग से हैरान हूं:शादी में 10 से ज्यादा लोग नाचे तो दूल्हे समेत गिरफ्तारी; 75 साल तक ऐसे कानून नहीं हटे थे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कहा कि अंग्रेजों के बनाए एक कानून पर दिल्ली के पॉश इलाके में रहने वाले लोग क्यों खामोश रहे। अंग्रेजों का बनाया ये कानून हमारी सरकार ने हटाया। पीएम ने ये बातें NXT के एक कार्यक्रम में कहीं। मोदी ने कहा कि एक कानून था- ड्रामेटिक परफॉर्मेंस एक्ट। ये कानून अंग्रेजों ने 150 साल पहले बनाया था। अंग्रेज चाहते थे कि थिएटर और ड्रामे का इस्तेमाल उनके खिलाफ न हो। इस कानून में प्रावधान था कि सार्वजनिक जगह पर 10 लोग डांस करते मिल जाएं तो उन्हें गिरफ्तार किया जा सकता है। देश के आजाद होने के 75 साल तक यह कानून चलता रहा। यानी शादी के दौरान 10 लोग डांस कर रहे हों तो पुलिस उन्हें अरेस्ट कर सकती थी। ये कानून हमारी सरकार ने हटाया। ’70 साल तक हमने कानून झेला। मुझे उस समय की सरकारों के बारे में कुछ नहीं कहना। लेकिन मुझे लुटियंस जमात और खान मार्केट गैंग पर आश्चर्य होता है। ये लोग 75 साल तक ऐसे कानून पर चुप क्यों थे। ये लोग जो आए दिन कोर्ट जाते रहते हैं, PIL (जनहित याचिका) के ठेकेदार बने फिरते हैं, वे क्यों चुप थे? तब इन्हें लोगों की स्वतंत्रता का ध्यान नहीं रहता था।’ पहले बांस काटने पर जेल में डाल देते थे मोदी ने कहा कि पहले बांस काटने पर जेल हो जाती थी। हमारे देश में ऐसा कानून था, जिसमें बांस को पेड़ माना जाता था। पहले की सरकारें ये समझने में नाकाम रहीं कि बांस, पेड़ नहीं होता। हमारी सरकार ने इस कानून को खत्म किया।