‘यहां शाहरुख खान को बुरा बोला तो लोग लड़ जाएंगे’:पाकिस्तानी एक्टर फैसल कुरैशी बोले- इंडिया ने हमारे लोगों को धक्के मारकर निकाला

‘आप पाकिस्तान में किसी पाकिस्तानी एक्टर को खराब बोल दो, तो लोग बुरा नहीं मानेंगे। हां, अगर शाहरुख खान साहब के बारे में बुरा बोल दिया, तो लोग लड़ने पर आ जाते हैं। बोलेंगे कि तुमने शाहरुख के खिलाफ ऐसा कैसे बोल दिया, तुम जानते क्या हो उनके बारे में। यहां लोग इंडिया के अदाकारों से इतनी मोहब्बत करते हैं।’ फैसल कुरैशी पाकिस्तान के मशहूर एक्टर हैं। उनके बनाए सीरियल भारत में भी पसंद किए जाते हैं। भारत में काम करना चाहते हैं, लेकिन कहते हैं, ‘हमें अच्छा नहीं लगता, जिस तरह हमारे एक्टर्स को धक्का मारकर इंडिया से निकाला गया। उनके साथ बदतमीजी हुई। वे जान बचाकर पाकिस्तान पहुंचे।’ पाकिस्तान में चल रही चैंपियंस ट्रॉफी की कवरेज के दौरान दैनिक भास्कर ने वहां के एक्टर्स से भी बात की। फैसल के अलावा एक और मशहूर एक्टर अली रहमान से मिले। दोनों से भारत पाकिस्तान के खराब रिश्तों, क्रिकेट, फिल्म इंडस्ट्री और बाकी मसलों पर बात की। पहले फैसल कुरैशी से बातचीत… सवाल: भारत-पाकिस्तान के रिश्तों में काफी तनाव है। आपको लगता है फिल्मों में साथ काम करने से या फिर क्रिकेट खेलने से रिश्ते सुधर सकते हैं? जवाब: बिल्कुल, अभी इंडिया की टीम दुबई खेलने गई। हम सब पाकिस्तानियों की दिली ख्वाहिश थी कि इंडियन टीम हमारे यहां आए। आप सोच नहीं सकते कि यहां विराट कोहली के कितने फैन हैं। लोग उनसे कितनी मोहब्बत करते हैं। सवाल: क्या ये सच है कि बॉलीवुड में काम करने की वजह से माहिरा खान, फवाद खान या बाकी एक्टर्स को पाकिस्तान में मुश्किलें झेलनी पड़ीं?
जवाब: नहीं, इतनी मुश्किलें नहीं आईं। हम जानते हैं कि फवाद, माहिरा, उमैमा, मोनालिसा या जावेद शेख साहब जब हिंदुस्तान गए थे, तो उन्हें वहां कितनी मोहब्बत मिली थी। हमें अच्छा लग रहा था कि लोग वहां जा रहे हैं, काम कर रहे हैं। उनसे पहले भी हमारे एक्टर हिंदुस्तान में काम कर चुके थे। नदीम साहब ने ‘दूर देश’ फिल्म में काम किया। मोहम्मद अली जेबा साहिबा ने मनोज कुमार के साथ ‘क्लर्क’ में काम किया। हुमायूं सईद ने हिंदुस्तान में फिल्म की। ये सिलसिला चलता रहे, तो अच्छा है। इंडिया की फिल्म इंडस्ट्री बहुत बड़ी है। अगर वहां से हमें ऑफर आता है, तो हमारे लिए बड़ी बात होती है। सवाल: क्या आप बॉलीवुड में काम करना चाहते हैं, कभी किसी फिल्म का ऑफर मिला?
जवाब: शुरुआत में जब ये सिलसिला ओपन हुआ था, तब मुझसे पूछा गया था। इंडिया में फिल्म ऑफर हुई होती, तो जरूर करता। आजकल हालात बिगाड़ दिए गए हैं। सियासत ने इतना बिगाड़ पैदा कर दिया कि बेकार की दरारें आ गई हैं। बहुत सारे अदाकार हिंदुस्तान से पाकिस्तान आते थे। हमें अच्छा लगता था। हम बहुत लोगों से मिले। इरफान खान, ओमपुरी, अजय देवगन, विशाल भारद्वाज साहब से मुलाकात हुई। इस तरह का मेल-मिलाप बहुत जरूरी है। सियासत में लपेटकर बातों को बढ़ाना खराब है। आपस में प्यार-मोहब्बत बढ़ाना चाहिए। वहां की अवाम यहां के लोगों को चाहती है। सवाल: कोई बॉलीवुड एक्टर या एक्ट्रेस, जिसके साथ काम करने का सपना है?
जवाब: बहुत सारे अदाकार हैं। मैं नसीरुद्दीन साहब का बड़ा फैन हूं। इरफान खान बहुत जल्दी इस दुनिया से चले गए, मैं उनका दीवाना था। कराची में एक बार मिले थे, तो मैंने उन्हें पकड़कर गले लगा लिया था। नए लोग भी अच्छा काम कर रहे हैं। विकी कौशल मुझे बहुत अच्छे लगते हैं। आलिया भट्ट अच्छा काम कर रही हैं। यंग डायरेक्टर में जिन्होंने ‘एनिमल’ फिल्म बनाई है, बहुत कमाल के हैं। उन्होंने शाहिद कपूर (कबीर सिंह) से जिस तरह काम करवाया, ये बताता है कि वे कमाल हैं। इंडिया को उनकी कीमत समझनी चाहिए। सवाल: आपको पता ही होगा कि पाकिस्तानी टीवी सीरियल इंडिया में खूब फेमस हैं। इसकी क्या वजह है?
जवाब: मुझे लगता है कि हमारी स्टोरीज चंद एपिसोड की होती हैं। ज्यादा से ज्यादा 35-36 एपिसोड में खत्म हो जाती हैं। इंडिया और पाकिस्तान के रहन-सहन में बहुत फर्क नहीं है। इसलिए आप रिलेट कर लेते हैं। हमारी स्टोरीज वहां के लोगों के बहुत करीब होती हैं। सबसे अहम बात जो मुझे लगती है, हमारे फैमिली मैटर्स और वैल्यूज एक जैसे हैं। आपको पता होगा हमारे यहां सेंसर पॉलिसी बहुत सख्त है। इसलिए हिंदुस्तान में लोग फैमिली के साथ बड़े आराम से हमारे ड्रामे देख सकते हैं। सवाल: इंडिया में OTT खूब चल रहा है। नेटफ्लिक्स-अमेजन और जियो-हॉटस्टार के लिए ओरिजिनल सीरीज बन रही हैं। पाकिस्तान में OTT का क्या हाल है?
जवाब: एक सीरियल अंडर प्रोडक्शन है। वो शायद नेटफ्लिक्स पर आने वाला है। उसमें पाकिस्तान के बड़े-बड़े नाम काम कर रहे हैं। (हंसते हुए) और जो हमें देखना चाहते हैं, वो यूट्यूब पर देख लें। पता नहीं इंडिया कब तक पाकिस्तानी यूट्यूब ओपन रखता है। अगर बंद कर दिया, तो नहीं कह सकते। सवाल: कोई मैसेज जो आप अपने इंडियन फैंस को देना चाहें?
जवाब: आपके लिए हमारी तरफ से बहुत सारा प्यार, बहुत सारी दुआएं। हमने बहुत लड़ लिया, बहुत साल हो गए। अब प्यार मोहब्बत की बात करते हैं। अब पढ़िए अली रहमान से बातचीत 2010 में अपनी पहली फिल्म स्लैकिस्तान से मशहूर हुए अली रहमान को ‘रिश्ते कुछ अधूरे से’ टीवी सीरियल से घर-घर में पहचान मिली। अली रहमान कहते हैं कि इंडिया-पाकिस्तान के बीच जो दीवार बन गई है, उसे गिराना चाहिए। सवाल: इंडिया-पाकिस्तान के खराब रिलेशन को कैसे देखते हैं?
जवाब: ऐसे रिलेशन तो सरकार के लेवल पर हमेशा होते हैं। लोगों के बीच तो बहुत प्यार है। रिलेशन बिगड़ने से पहले मैं इंडिया गया था। लोगों को पता चलता था कि हम पाकिस्तान से हैं, तो हमें बहुत प्यार मिलता था। ऐसा ही हम इधर करते हैं। सवाल: भारत से किसी ने आपको फिल्म या टीवी के लिए अप्रोच किया है?
जवाब: मैं इंडस्ट्री में आया था, उसके कुछ अरसे बाद ही हालात बिगड़ गए। इंडिया से पर्सनल मैसेज जरूर आते हैं, लेकिन प्रोफेशनली कुछ नहीं है। हमें एक-दूसरे की फिल्मों में काम करना चाहिए। हम तो चाहते हैं कि हमारे ड्रामा में इंडियन अदाकार हों। सरकारें जब तक बैरियर नहीं गिराएंगी, तब तक ऐसा नहीं हो पाएगा। सवाल: पाकिस्तान ड्रामा में क्या खास है कि उन्हें इतना पसंद किया जाता है?
जवाब: हमारी स्टोरीज में घर-घर की कहानी होती है। इंडिया-पाकिस्तान में ही नहीं, पूरी दुनिया में ऐसी कहानियां चलती हैं। इनमें क्राइम नहीं है। नॉर्मल कहानियां हैं। लोग फैमिली के साथ इन्हें देख सकते हैं। ऑनलाइन कंटेंट फैमिली के साथ देखने लायक नहीं होता। हमारे ड्रामे यू-ट्यूब पर हैं। कोई भी उन्हें देख सकता है। बड़ी बात ये है कि इन्हें देखने के लिए सब्सक्रिप्शन मॉडल पर नहीं जाना होता। सवाल: OTT पर पाकिस्तान में क्या चल रहा है?
जवाब: पाकिस्तान में OTT का एक्सेस नहीं है। ये तो नहीं पता कि यहां OTT क्यों नहीं है। हो सकता है कि यहां नेटफ्लिक्स और प्राइम की व्यूअरशिप कम हो। अमेजन तो हमारे पास है ही नहीं। हमारे पास अभी सिर्फ लोकल चैनल ही हैं। सवाल: भारत में आपका फेवरेट एक्टर कौन है?
जवाब: अमिताभ बच्चन साहब का तो बचपन से बहुत बड़ा फैन हूं। संजय दत्त, शाहरुख और सलमान खान को देखकर हम लोग बड़े हुए हैं। उनसे एक्टिंग सीखी है। आलिया भट्ट बहुत अच्छी एक्ट्रेस हैं। सवाल: भारत में फैंस के लिए क्या मैसेज है?
जवाब: मुझे तो एहसास ही नहीं था कि वहां हमारे इतने फैंस हैं। मैं कहना चाहूंगा कि आप लोग इसी तरह हमारे ड्रामा देखते रहिए। फवाद खान
फवाद खान ने 2014 में फिल्म ‘खूबसूरत’ से बॉलीवुड में कदम रखा। फिल्म में उनके साथ सोनम कपूर थीं। इसके बाद फवाद कपूर एंड संस और ऐ दिल है मुश्किल फिल्म में नजर आए। 2016 में ऐ दिल है मुश्किल के रिलीज के वक्त भारत-पाकिस्तान के रिश्ते खराब हो चुके थे। इसलिए फिल्म का विरोध हुआ। कई शहरों में ये फिल्म रिलीज नहीं हो पाई। अली जफर
एक्टर और सिंगर अली जफर का बॉलीवुड करियर बाकी पाकिस्तानी एक्टर्स के मुकाबले लंबा रहा। 2010 में उन्होंने तेरे बिन लादेन फिल्म से बॉलीवुड में डेब्यू किया। इसके बाद मेरे ब्रदर की दुल्हन, चश्मे बद्दूर, टोटल सियापा, लंदन पेरिस न्यूयॉर्क और डियर जिंदगी जैसी फिल्मों में नजर आए। माहिरा खान
साल 2011 में ‘हमसफर’ टीवी ड्रामा से पॉपुलर हुईं माहिरा बॉलीवुड फिल्म रईस में दिखी थीं। 2017 में आई इस फिल्म में शाहरुख खान लीड रोल में थे। माहिरा पाकिस्तान में ‘बिन रोए’, ‘हो मन जहां’, ‘सुपरस्टार’ और ‘द लीजेंड ऑफ मौला जट्ट’ जैसी सुपरहिट फिल्मों में काम कर चुकी हैं। सजल अली
सजल अली ने श्रीदेवी के साथ फिल्म मॉम से बॉलीवुड डेब्यू किया था। 2017 में आई इस फिल्म में सजल ने श्रीदेवी की बेटी का रोल किया था। मावरा होकेन
पाकिस्तान के पॉपुलर शोज में नजर आ चुकीं मावरा होकेन ने 2016 में बॉलीवुड में डेब्यू किया था। वे फिल्म ‘सनम तेरी कसम’ में हर्षवर्धन राणे के साथ नजर आई थीं। ये उनकी इकलौती बॉलीवुड फिल्म है। सबा कमर
पाकिस्तानी एक्ट्रेस सबा कमर ने इरफान खान के साथ हिंदी मीडियम फिल्म की थी। ये फिल्म 2017 में रिलीज हुई। सबा को इस फिल्म के सीक्वल अंग्रेजी मीडियम में भी कास्ट किया गया था, लेकिन भारत-पाकिस्तान के बीच विवाद बढ़ने पर उन्हें हटा दिया गया। इमरान अब्बास
इमरान अब्बास ने 2014 की फिल्म क्रिएचर 3D से बॉलीवुड में एंट्री की थी। फिल्म में उनके साथ बिपाशा बसु थीं। इमरान ‘ऐ दिल है मुश्किल’ फिल्म में भी नजर आए थे। वीना मलिक
2012 में वीना मलिक गली-गली में चोर है और तेरे नाल लव हो गया जैसी फिल्मों में आइटम सॉन्ग में नजर आईं। ‘दाल में कुछ काला है’ फिल्म से बतौर लीड डेब्यू किया। वीना पॉपुलर रियलिटी शो बिग बॉस 4 में भी शामिल हुई थीं। ……………………………. पाकिस्तान से ये रिपोर्ट भी पढ़िए… 1. पाकिस्तानी बोले- पाकिस्तान में खेले बिना विराट का करियर अधूरा लाहौर के मशहूर लिबर्टी चौक पर मिले सलमान हैदर मायूस हैं। पाकिस्तान में 29 साल बाद कोई ICC टूर्नामेंट हो रहा है। उन्हें उम्मीद थी कि टीम इंडिया भी मैच खेलने आएगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। भारत अपने सभी मैच दुबई में खेल रहा है। वहीं, पेशे से पत्रकार मंसूर कहते हैं, ‘पाकिस्तान में विराट कोहली के बहुत फैन हैं। यहां खेले बिना कोहली का करियर अधूरा रह जाएगा। पढ़िए पूरी खबर… 2. क्या मीट खाने से पाकिस्तान को मिले वसीम अकरम-शोएब अख्तर फजल महमूद, सरफराज नवाज, इमरान खान, वसीम अकरम, वकार यूनुस, शोएब अख्तर से लेकर शाहीन शाह अफरीदी तक, तेज गेंदबाज पाकिस्तान क्रिकेट की पहचान रहे हैं। पाकिस्तान में इतने फास्ट बॉलर क्यों होते हैं, एक बार ये सवाल शोएब अख्तर से पूछा गया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान में मीट खाने का कल्चर ज्यादा है, इसलिए यहां भारत से बेहतर फास्ट बॉलर्स निकलते हैं। क्या सच में ऐसा है, पढ़िए ये रिपोर्ट…