यूपी-बिहार में आंधी और बिजली गिरने से 53 की मौत:चमोली के नंदप्रयाग में भारी बारिश, बद्रीनाथ हाईवे पर ट्रैफिक रुका; कर्नाटक में ओले गिरे

भीषण गर्मी के बीच देश के उत्तरी-पश्चिमी राज्यों में मौसम बदला है। उत्तराखंड के चमोली जिले के नंदप्रयाग में भारी बारिश हुई, साथ ही ओले गिरे। इससे बद्रीनाथ हाईवे पर ट्रैफिक रुका रहा। कर्नाटक में भी देर शाम तेज बारिश के साथ ओले गिरे। दिल्ली में भी धूल भरी आंधी चली। उत्तर प्रदेश में गुरुवार को आंधी-तूफान और बिजली गिरने से 22 लोगों की मौत हो गई। मुरादाबाद में बिजली गिरने से पांच छात्र झुलस गए। इनमें दो की हालत गंभीर है। वहीं, बिहार में बिजली गिरने से गुरुवार को 25 लोगों की मौत हो गई, जबकि झारखंड में 3 लोग बुरी तरह झुलस गए। बिहार में पिछले 48 घंटे में 52 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें बिजली गिरने से 31 लोग जान गंवा चुके हैं। नालंदा जिले में पेड़ और दीवार गिरने से 21 लोगों की मौत हुई है। मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 20 से ज्यादा राज्यों में अगले 2 दिन आंधी-तूफान और बारिश की संभावना जताई है। मध्य प्रदेश, राजस्थान और गुजरात में हीटवेव की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के चलते राजस्थान के 16 जिलों में बारिश के आसार हैं। राज्यों से मौसम की तस्वीरें… अगले 2 दिन कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तरी-पश्चिमी राज्यों के मैदानी इलाकों में अगले 2 दिन बारिश की संभावना है। उत्तराखंड, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, असम, अरुणाचल और नगालैंड में बारिश और ओले गिरने की संभावना है। केरल, तमिलनाडु और आंध्र में अगले दो दिन तक कई जगहों पर बारिश होगी। वहीं, गुजरात, राजस्थान और मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में हीटवेव जैसी स्थिति बन सकती है। तापमान 40 डिग्री पार पहुंच सकता है। अगले 2 दिन उत्तर-पश्चिमी भारत, गुजरात और महाराष्ट्र में अधिकतम तापमान में कोई बदलाव नहीं होगा। उसके बाद 4 दिन तापमान 2-4 डिग्री तक तापमान नीचे आ सकता है। ——————————————– राज्यों के मौसम से जुड़ी खबरें… मध्य प्रदेश: लू-गर्मी के बीच ओले-बारिश, उज्जैन-ग्वालियर संभाग में आज हीटवेव; रीवा-मंडला समेत 17 जिलों में बारिश के आसार मध्यप्रदेश में हीटवेव यानी लू और तेज गर्मी के बीच कहीं कहीं बारिश-आंधी भी चल रही है और कुछ जगहों पर ओले गिरे हैं । बुधवार को छिंदवाड़ा-पांढुर्णा में तेज बारिश हुई और ओले गिरे। हवा इतनी तेज चली कि कुछ पेड़ गिर गए। ऐसा ही मौसम गुरुवार को भी बना रहेगा। मौसम विभाग ने आज उज्जैन-ग्वालियर संभाग में लू चलने का अलर्ट जारी किया है, जबकि 17 जिलों में बारिश की संभावना है। पूरी खबर पढ़ें… राजस्थान: आज भी 16 जिलों में बारिश की संभावना, आंधी का अलर्ट; 4 डिग्री तक गिर सकता है पारा, कल की बरसात से मिली राहत राजस्थान में तेज गर्मी और लू से कल देर शाम कई शहरों को राहत मिली। बीकानेर, जयपुर, भरतपुर संभाग के जिलों में शाम को कई जगह तेज धूलभरी आंधी चली और बारिश हुई। मौसम के इस बदलाव से चार डिग्री तक तापमान गिरा। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक राजस्थान में आज और कल भी पश्चिमी विक्षोभ का असर रहेगा। आज 5 जिलों में ऑरेंज और 11 जिलों में आंधी-बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। पूरी खबर पढ़ें… उत्तर प्रदेश: यूपी में बिजली गिरने से 22 मौत, 5 छात्र झुलसे; सहारनपुर में ओले गिरे, कल 55 जिलों में बारिश का अलर्ट यूपी में गुरुवार शाम को मौसम बदला। नोएडा-गाजियाबाद और मथुरा समेत पश्चिमी यूपी के कई शहरों में अचानक बादल छाए। गरज-चमक के साथ तेज आंधी चली। सहारनपुर-ललितपुर में बारिश के साथ ओले भी गिरे। मुरादाबाद में बिजली गिरने से 5 छात्र झुलस गए। 2 की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्रदेश में आज आंधी-तूफान और बिजली गिरने से 22 लोगों की मौत हो गई।​​​​​​​ पूरी खबर पढ़ें… बिहार: तेज आंधी-बारिश से 48 घंटे में 52 मौतें, बिजली गिरने से 31, दीवार-पेड़ गिरने से 21 लोगों की जान गई पटना समेत बिहार के 11 जिलों में तेज आंधी-बारिश रुक-रुक कर हो रही है। पिछले 48 घंटे में 56 लोगों की मौत हो चुकी है। अब तक ठनका गिरने से 38 लोग जान गंवा चुके हैं। सिर्फ नालंदा में 18 लोगों की पेड़ और दीवार में दबकर मौत हो गई है। पूरी खबर पढ़ें… हरियाणा: रात को कई जिलों में आंधी, पेड़ टूटे, आसमान में छाए बादल, बारिश की संभावना; गेहूं कटाई में लगे किसान परेशान हरियाणा में मौसम बदला गया है। बुधवार शाम को नारनौल क्षेत्र में रात को तेज अंधड़ आया। इससे पहले कई गांवों में ओलावृष्टि भी हुई। आंधी का असर महेंद्रगढ़, झज्जर व साथ लगते जिलों में देखा गया। मौसम विभाग ने रात को दो बार विभिन्न जिलों के लिए आंधी और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया। कुछ क्षेत्र में आंधी और बूंदाबांदी होने की सूचना भी है। आज गुरुवार को बादल छाए रहने के साथ-साथ कुछ एरिया में बूंदाबांदी होने की संभावना जताई गई है। पूरी खबर पढ़ें… पंजाब: आज से बारिश और तेज हवाएं चलेगी, 4 दिन लू से मिलेगी राहत; तापमान 42.8 डिग्री दर्ज, बठिंडा सबसे गर्म पंजाब में भीषण गर्मी पड़ रही है। राज्य का औसत अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री दर्ज किया गया है। बठिंडा राज्य में सबसे गर्म क्षेत्र बना हुआ है। 24 घंटे में राज्य के औसत अधिकतम तापमान में 0.7 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। यह अब औसत तापमान से 6.2 डिग्री अधिक है। पहली बार बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बना था। पूरी खबर पढ़ें… हिमाचल: अगले 48 घंटे बारिश के आसार:5 जिलों में तूफान-ओलावृष्टि का यलो अलर्ट; ऊना का पारा 38 डिग्री पहुंचा हिमाचल प्रदेश में अप्रैल के दूसरे सप्ताह में मई जैसी गर्मी पड़ रही है। कई शहरों का तापमान नॉर्मल से 7 डिग्री तक ज्यादा हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार, गर्मी से अब राहत मिल सकती है। प्रदेश में वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव हो रहा। इससे आज और कल कुछ क्षेत्रों में बारिश के आसार हैं। पूरी खबर पढ़ें…