रणबीर बोले- पापा फैंस के साथ बुरा बर्ताव करते थे:इससे मैंने सीख ली, कपूर खानदान की असफलता की वजहों को ऑब्जर्व करता था

रणबीर कपूर अपने फैंस के साथ अच्छा व्यवहार करने के लिए जाने जाते हैं। हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में एक्टर ने बताया कि उन्होंने यह सब अपने पिता के फैंस के प्रति बुरे बर्ताव को देखकर सीखा। इसके साथ ही उन्हाेंने कपूर फैमिली के कई मेंबर्स के असफल होने की वजह भी जानी। खानदान के लोगों की सफलता-असफलता को नोटिस किया
निखिल कामत को दिए एक इंटरव्यू में रणबीर ने कहा, ‘मैं अपने परिवार और खानदान के लोगों की सफलता और असफलता को ऑब्जर्व करता था। मुझे यह बहुत पहले ही महसूस हो गया था क्योंकि मैं एक फिल्म फैमिली में पैदा हुआ था। मैंने बहुत सक्सेसफुल लोगों को भी देखा और असफलता से जूझते हुए लोगों को भी। मैं जानता हूं कि वो क्यों असफल हुए। मैंने उन्हें पढ़ा और उन्हें काफी यंग एज से नोटिस भी किया।’ पापा अपने फैंस को डांट दिया करते थे: रणबीर
वहीं अपने पिता ऋषि कपूर के बारे में बात करते हुए एक्टर ने बताया कि वो किस तरह फैंस के साथ बुरा व्यवहार करते थे। रणबीर ने कहा- ‘मैं वो बिल्कुल नहीं कर सकता। जब फैंस पापा का ऑटोग्राफ लेने या उनके साथ फोटो लेने आते थे तब वो उन्हें डांट दिया करते थे। मैं उन फैंस का चेहरा देखा करता था जो मेरे पिता की तरफ उदासी और निराशा से देखा करते थे। आज जब कोई मेरे साथ फोटो लेना चाहता हैं या किसी को मेरे ऑटोग्राफ चाहिए होता है तो मैं उसे निराश नहीं करता।’ वर्कफ्रंट पर रणबीर इन दिनों नितेश तिवारी की ‘रामायण’ पर बिजी हैं। इसमें उनके अपोजिट साई पल्लवी नजर आएंगी। इसके अलावा उनके पास संजय लीला भंसाली की ‘लव एंड वॉर’ भी है।