राजस्थान की गर्म हवाओं से MP का पारा 40° पार:हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी होगी; हरियाणा समेत 10 राज्यों में तूफान की आशंका

राजस्थान समेत पश्चिम राज्यों से आ रही गर्म हवाओं ने मध्य प्रदेश का पारा बढ़ा दिया है। बुधवार को प्रदेश के कई हिस्सों में गर्मी का असर देखने को मिला। 6 जिलों में पारा 40 डिग्री पार पहुंच गया। राजधानी भोपाल में इस सीजन में पहली बार तापमान 38.8 डिग्री पर पहुंचा, जो सामान्य से 3.3 डिग्री अधिक है। इधर राजस्थान में भी बुधवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया। हालांकि, एक्टिव पश्चिमी विक्षोभ के चलते सीमावर्ती जिलों में तेज आंधी के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। जिससे तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग ने आज गुरुवार को जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की बारिश-बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है। वहीं, दिल्ली-हरियाणा समेत 10 राज्यों में तूफान की आशंका है। इन राज्यों में 30-40 KM की रफ्तार से हवा चल सकती है। हल्की बारिश भी हो सकती है। वहीं, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में गर्मी रहेगी। इस साल 10-12 दिन हीटवेव का अलर्ट, हरियाणा-पंजाब पर असर
मौसम विभाग के मुताबिक, इस साल उत्तर-पश्चिम भारत के राज्यों में हीटवेव के दिनों की संख्या लगभग दोगुनी रहेगी। इन राज्यों में पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश के नाम हैं। आमतौर पर यहां हीटवेव 5-6 दिन चलती है, इस बार 10-12 दिन चल सकती है। मौसम वैज्ञानिक सोमा सेन रॉय ने कहा- पश्चिमी भारत और मध्य भारत में सामान्य से थोड़े अधिक हीटवेव की स्थिति रहने की आशंका हैं। साल 2024 में देश में सबसे ज्यादा गर्म साल दर्ज किया गया था। 28 फरवरी को मौसम विभाग ने मार्च से मई 2025 के लिए हीट आउटलुक जारी किया था। इसमें चेतावनी दी गई थी कि देश के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रहेगा। देश के हीटवेव प्रोन स्टेट में 13 राज्य शामिल आमतौर पर देश के 13 प्रदेशों को हीटवेव प्रोन स्टेट माना जाता है। इस लिस्ट में राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ , दिल्ली, पश्चिम मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, महाराष्ट्र में विदर्भ, गंगा के तटवर्ती पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्से, तटीय आंध्र प्रदेश और तेलंगाना शामिल हैं। आमतौर पर कोर हीटवेव जोन यानी CHZ में मार्च से जून तक भीषण गर्मी पड़ती है। कई बार जुलाई महीने में भी हीटवेव और लू चलने की आशंका रहती है। साल 2024 में अप्रैल में पश्चिम बंगाल में बीते 15 साल में और ओडिशा में बीते 9 साल में हीटवेव वाले दिनों की संख्या सबसे ज्यादा रही थी। ओडिशा में भी साल 2016 के बाद से 2024 में अप्रैल में सबसे ज्यादा 16 दिन तक हीटवेव चली थी। हीटवेव क्या है और IMD इसकी घोषणा कब करता है? जब किसी क्षेत्र में तापमान सामान्य से ज्यादा हो जाएं और वहां तेज लू चलने लगे तो उसे हीटवेव माना जाता है। इतनी ज्यादा लू लगातार दो या ज्यादा दिन तक रह सकती है। हीटवेव के लिए फिक्स तापमान अलग-अलग देशों के लिए अलग-अलग हो सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, आमतौर पर देश में हीटवेव तब चलती है जब मैदानी इलाकों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस, समुद्र तटीय इलाकों में 37 डिग्री सेल्सियस और पहाड़ी इलाकों में 30 डिग्री सेल्सियस या इससे ज्यादा हो जाए। किसी क्षेत्र में तापमान, सामान्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस ज्यादा होने पर हीटवेव और 6.4 डिग्री सेल्सियस ज्यादा होने पर सीवियर हीटवेव कहलाती है। आमतौर पर भारत में गर्मी का मौसम कब से कब तक रहता है? देश में गर्मी के मौसम को तीन हिस्सों में बांटा जा सकता है… 1. प्री समर सीजन: मार्च और अप्रैल तक गर्मी की शुरुआत होती है। अप्रैल के पहले सप्ताह से लू चलने के साथ ही गर्मी की शुरुआत मानी जाती है। 2. पीक समर सीजन: मई और मध्य जून में गर्मी पीक पर होता है। इस समय सूर्य भूमध्य रेखा से कर्क रेखा की ओर बढ़ता है, जिससे पूरे देश में गर्मी तेजी से बढ़ने लगती है। 3. पोस्ट समर सीजन: जून के आखिरी सप्ताह से गर्मी थोड़ी कम होने लगती है। जैसे-जैसे मानसूनी हवाएं देश के एक हिस्से से दूसरे हिस्से में जाती है, लोगों को गर्मी से राहत मिलती है। कई बार मानसून चक्र में बदलाव की वजह से जुलाई महीने में भी भीषण गर्मी पड़ती है। राज्यों में मौसम का हाल… राजस्थान में 41 डिग्री पार पहुंचा तापमान:सीमावर्ती जिलों में रहेगी बादलों की आवाजाही, 4 डिग्री तक गिर सकता है पारा राजस्थान में मौसम परिवर्तन का सिलसिला लगातार जारी है। बुधवार को जहां प्रदेश में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया। वहीं, सीमावर्ती क्षेत्र में सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ के चलते बीकानेर और जोधपुर संभाग में अधिकतम तापमान 2 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया है। पूरी खबर पढ़ें… MP में पहली बार 7 शहरों में पारा 40° पार:भोपाल, इंदौर, ग्वालियर-उज्जैन में भी गर्मी बढ़ी; अगले 2 दिन रहेगी थोड़ी राहत मध्यप्रदेश में गर्मी के इस सीजन में पहली बार 7 शहरों में दिन का तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच गया है। बुधवार को नर्मदापुरम, रतलाम, बड़वानी, नौगांव, शिवपुरी, गुना-दमोह में पारे में यह बढ़ोतरी देखने को मिली, जबकि भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और उज्जैन भी गर्म रहे। मौसम विभाग ने अगले 2 दिन यानी, 28-29 मार्च को गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की संभावना जताई है। पूरी खबर पढ़ें… हिमाचल में आज बारिश-बर्फबारी के आसार:कल से 5 दिन साफ रहेगा मौसम; मार्च में नॉर्मल से 25% कम बरसे बादल हिमाचल प्रदेश के अधिक ऊंचे क्षेत्रों में बर्फबारी और मैदानी व मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में आज हल्की बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग (IMD) ने किन्नौर और लाहौल स्पीति के कुछ क्षेत्रों में बर्फबारी को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। पूरी खबर पढ़ें… पंजाब में आज धूल भरी आंधी का अलर्ट:कई जिलों में बारिश के आसार; तापमान में लगातार बढ़ोतरी, गर्मी से राहत के आसार पंजाब में गर्मी लगातार बढ़ रही है। आज भी मौसम विभाग ने आंधी, तूफान का यलो अलर्ट जारी कर रखा है। बीच-बीच में बादल छाए रहने का अनुमान है। बीते कल भी ऐसा ही मौसम रहा, इसके बावजूद राज्य में अधिकतम तापमान औसतन 0.9°C बढ़ा और यह सामान्य से 5.8°C अधिक दर्ज किया गया। राज्य में सबसे अधिक तापमान बठिंडा में 36.9°C दर्ज किया गया, जो इस समय के लिए काफी अधिक माना जा रहा है। पूरी खबर पढ़ें…