देश के अधिकतर हिस्सों में जुलाई में सामान्य से ज्यादा बारिश होने की आशंका है। मौसम विभाग ने सोमवार को यह जानकारी दी। राजस्थान के अलवर में भारी बारिश की वजह से सड़कों पर दो फीट तक पानी भर गया। वहीं, उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में गंगा-यमुना का जल स्तर बढ़ गया है। पानी बढ़ने से नदियां 500 मीटर आगे की आ गई हैं। प्रशासन ने बाढ़ के नजरिए से संवेदनशील इलाकों की पहचान की है। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में सोमवार रात चार जगह बादल फटने से भारी नुकसान हुआ है। बाढ़ और लैंडस्लाइड से अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 10 लोग लापता हैं। इसके अलावा 20 घरों को नुकसान पहुंचा है। उत्तराखंड में भी भारी बारिश का दौर जारी है। सोमवार को कोटद्वार-बद्रीनाथ मार्ग पर सतपुली के पास लैंडस्लाइड हुई। इस वजह से पौड़ी-मेरठ नेशनल हाईवे बंद हो गया। वहीं, उत्तरकाशी में भूस्खलन और कुछ हिस्सों के बह जाने के कारण यमुनोत्री हाईवे बंद हो गया है। राजस्थान में मानसून सीजन में अब तक 136 फीसदी ज्यादा बरसात हुई है। 1 से 29 जून तक औसत बारिश 50.7mm होती है, जबकि इस सीजन में अब तक कुल 119.4mm बरसात हो चुकी है। आज भी राज्य के सभी जिलों में बारिश का अलर्ट है। देशभर की बारिश से जुड़ी पल-पल की अपडेट्स के लिए नीचे लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए…