देश भर के आधे से ज्यादा राज्यों में मानसूनी बारिश के बीच राजस्थान में भीषण गर्मी से लोग परेशान हैं। मौसम विभाग ने आज हीटवेव और धूल भरी आंधी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अगले तीन दिनों के दौरान राजस्थान में तापमान 45 से 46 डिग्री पहुंच सकता है। गर्मी से बुधवार को बूंदी में एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। मध्य प्रदेश के ज्यादातर में आज से तीन दिनों तक आंधी और भारी बारिश का अलर्ट है। कुछ जिलों में हवा की रफ्तार 60km प्रति घंटा तक रहेगी। 25 मई से नौतपा शुरू होने के बाद गर्मी की बजाय आंधी-बारिश जारी है। आमतौर पर नौतपा में पारा 48 डिग्री तक पहुंच जाता है, लेकिन इस बार मई में पहली बार पारा 45 डिग्री भी नहीं पहुंचा है। छत्तीसगढ़ में नौतपे के बीच तय तारीख के 12 दिन पहले ही मानसून की एंट्री हो गई है। आमतौर पर मानसून 10 जून तक आता है, लेकिन इस बार 28 मई को दंतेवाड़ा को पार कर गया है। छत्तीसगढ़ में 5 दिन में 34.6 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य बारिश से 9 गुना ज्यादा है। दिल्ली में आज मौसम विभाग ने बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। यहां अगले तीन दिनों, यानी 31 मई के दौरान 70 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने, गरज के साथ तूफान और बारिश होने की आशंका है। उधर, यूपी में गर्मी के बीच मौसम अचानक बदल गया है। लखनऊ में गुरुवार सुबह तेज बारिश हुई। कई जिलों में बादल छाए हैं। मौसम विभाग ने आज 50 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। मिर्जापुर में 8 लोगों पर बिजली गिर गई। इसमें 2 सगी बहनों की मौत हो गई। राज्यों में मौसम की तस्वीरें… राज्यों के मौसम का हाल… मध्य प्रदेश: मई में पहली बार ‘हैवी’ रेन, 5 जिलों में अलर्ट, भोपाल, इंदौर-उज्जैन संभाग में सबसे ज्यादा असर मध्य प्रदेश में अबकी बार मई महीने में हैवी रेन यानी, भारी बारिश का अलर्ट है। मौसम विभाग ने गुरुवार को प्रदेश के खरगोन, बुरहानपुर, खंडवा, हरदा और बैतूल में 24 घंटे में ढाई से साढ़े 4 इंच तक बारिश होने की संभावना जताई है। भोपाल, इंदौर, उज्जैन, नर्मदापुरम-जबलपुर संभाग के जिलों में आंधी-बारिश का दौर रहेगा। पूरी खबर पढ़ें… हरियाणा: आज से 2 दिन लगातार बारिश, मौसम ठंडा होगा, अभी पारा 43 पार, सिरसा सबसे गर्म हरियाणा में मौसम विभाग ने आज से 2 दिन तक सभी जिलों में बारिश की संभावना जताई है। वहीं 31 मई और 1 जून को प्रदेश के 16 जिलों में बारिश होने की संभावना है। इससे तापमान में गिरावट आएगी। राज्य में गर्मी से लोग परेशान हैं। बुधवार को प्रदेश का सबसे गर्म जिला सिरसा रहा। यहां का अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। पूरी खबर पढ़ें… बिहार: 38 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, 3 जून तक मौसम में बदलाव नहीं, मानसूनी बारिश 11% अधिक होगी पटना समेत बिहार के कई जिलों में एक बार फिर गर्मी बढ़ गई है। इस बीच मौसम विभाग ने आज बिहार के सभी 38 जिलों में बारिश की संभावना जताई है। इसे लेकर 12 जिलों में ऑरेंज और 26 जिलों के लिए यलो अलर्ट है। मौसम विभाग के मुताबिक, बिहार में 3 जून तक आंधी-बारिश के आसार बन रहे हैं। इस मानसून सीजन राज्य में सामान्य से 11% अधिक बारिश हाेने की संभावना है। पूरी खबर पढ़ें… हिमाचल प्रदेश: पहाड़ों पर बारिश, मैदानी इलाकों में साफ रहेगा मौसम, अभी सामान्य से नीचे गिरा तापमान हिमाचल प्रदेश में अगले छह दिन तक मौसम खराब रहेगा। 6 जिलों- शिमला, मंडी, कुल्लू, चंबा, कांगड़ा और सिरमौर में बारिश का पूर्वानुमान है। इन जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तूफान और ओलावृष्टि को लेकर भी यलो अलर्ट जारी किया गया है। इससे इन शहरों का तापमान सामान्य से नीचे रहेगा। अन्य जिलों में मौसम साफ रहने की संभावना है। पूरी खबर पढ़ें… झारखंड: तीन दिन बारिश और वज्रपात का अलर्ट, 40-50km की रफ्तार से हवा चलेगी; यलो अलर्ट जारी झारखंड में गुरुवार से अगले तीन दिनों तक तेज हवा, गरज-चमक और वज्रपात के साथ बारिश होने की संभावना है। हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। पूरे राज्य में यलो अलर्ट जारी किया गया है। बुधवार की दोपहर राज्य के कई हिस्सों में अचानक बारिश हुई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत तो मिली। पूरी खबर पढ़ें… पंजाब: 6 जिलों में बारिश का अलर्ट, 60km की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं; 25 जून तक मानसून के पहुंचने की संभावना पंजाब के 6 जिलों- पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला और होशियारपुर में आज बारिश की संभावना है। यहां 50-60 किमी की रफ्तार से हवाएं भी चल सकती हैं। मौसम विभाग ने इन जिलों में शुक्रवार तक ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। बीते दिनों से बारिश न होने के कारण तापमान लगातार बढ़ रहा है। अनुमान है कि पंजाब में मॉनसून 25 जून के बाद दस्तक दे सकता है। पूरी खबर पढ़ें…