गृहमंत्री अमित शाह की मानहानि केस में राहुल गांधी शुक्रवार को सुल्तानपुर की MP/MLA कोर्ट में पेश हुए। यहां उन्होंने बयान दर्ज कराए। जज से कहा- मैं निर्दोष हूं। मेरे खिलाफ राजनीतिक साजिश हुई है। मैं सारे आरोपों से इनकार करता हूं। मेरी और मेरी पार्टी की छवि को धूमिल करने के लिए आरोप लगाए गए हैं। लखनऊ लौटते समय राहुल ने सुल्तानपुर में अचानक मोची की दुकान पर अपना काफिला रुकवा लिया। गाड़ी से उतरकर मोची चैतराम की दुकान पर गए। चप्पल की सिलाई की और उनसे पूछा कि जूते कैसे बनाते हो। करीब 5 मिनट तक चैतराम से बातचीत के बाद राहुल वहां से निकल गए। इससे पहले, राहुल 16 मिनट तक कोर्ट रूम में रहे। 12 अगस्त को इस मामले में अगली सुनवाई होगी। राहुल पर आरोप है कि 2018 में कर्नाटक विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कहा था- अमित शाह हत्या के आरोपी हैं। इस बयान के खिलाफ सुल्तानपुर में भाजपा नेता विजय मिश्रा ने 2018 में मानहानि का केस दर्ज कराया था। इसी मामले में सुनवाई हुई।