क्या आपको भी लगता है कि आपके रिश्ते में पहले जैसी बात नहीं रही? आपके और पार्टनर के बीच प्यार कम हो गया है? ऐसा कई लोगों के साथ होता है। तनाव और थकान की वजह से हम अक्सर अपने पार्टनर पर ध्यान नहीं दे पाते हैं। घर-परिवार, बच्चों और ऑफिस की जिम्मेदारियां संभालते-संभालते हम इतने थक जाते हैं कि रिश्ते में आई दूरी को नजरअंदाज करने लगते हैं। जबकि ऐसा करने से रिश्ता और कमजोर हो सकता है। हालांकि, खुशी की बात यह है कि आप इस बोरियत को खत्म कर सकते हैं। रोज के बोरिंग रूटीन से बाहर निकलकर, रिश्ते में फिर से पुराने प्यार और रोमांस वापस पा सकते हैं। इसके लिए आपको छोटी-छोटी बातों को ध्यान में रखना होगा। आज हम रिलेशनशिप कॉलम इन्हीं बातों के बारे में जानेंगे और साथ ही जानेंगे कि- पार्टनर के साथ रिश्ता नीरस क्यों हो जाता है? पार्टनर के साथ रिश्ता कई कारणों से नीरस या उबाऊ हो सकता है। कई बार लोग एक-दूसरे का पसंद नहीं करते हैं और किसी दबाव या बुरा न बनने के चक्कर में ना नहीं बोल पाते हैं। ऐसे में पार्टनर को इग्नोर करने लगते हैं। हालांकि, अलग-अलग लोगों के साथ अलग-अलग वजहें शामिल हो सकती हैं। आइए इसे ग्राफिक के जरिए समझते हैं। रिश्ते में एकरसता: जब रिश्ते में कुछ नया नहीं होता और हर दिन एक जैसा लगता है, तो बोरियत होने लगती है। शुरू-शुरू का जोश और नयापन धीरे-धीरे कम हो जाता है। दोनों एक-दूसरे से कटने लगते हैं। बातचीत की कमी: जब दोनों पार्टनर आपस में अपनी बातें, भावनाएं, जरूरतें और के बारे में खुलकर बात करना बंद कर देते हैं, तो उनके बीच दूरी बढ़ जाती है। एक-दूसरे को हल्के में लेना: समय बीतने के साथ दोनों एक-दूसरे की कोशिशों को कमतर करके देखने लगते हैं या महत्व देना बंद कर देते हैं। ऐसे में अच्छे प्रयास के बावजूद भी कोई तारीफ नहीं मिलती है, तो लोग प्रयास करना कम कर देते हैं और रिश्ते में अच्छा महसूस नहीं होता। साथ में क्वालिटी टाइम न बिताना: रिश्ते में सिर्फ एक साथ रहना काफी नहीं है। अगर आप साथ में मजेदार गतिविधियां नहीं करते, गहरी बातचीत नहीं करते या एक-दूसरे पर ध्यान केंद्रित नहीं करते, तो जुड़ाव कमजोर हो सकता है। व्यक्तिगत बदलाव और विकास: समय के साथ सभी लोगों में बदलाव होते हैं। उनकी रुचियां, लक्ष्य और प्राथमिकताएं बदल सकती हैं। यदि दोनों पार्टनर एक-दूसरे के बदलाव को स्वीकार नहीं करते हैं तो रिश्ता कमजोर हो सकता है। इंटीमेसी में कमी: रिश्ते में इंटीमेसी यानी अंतरंगता की कमी भी रिश्ते में रूखेपन की वजह बन सकती है। स्नेह, रोमांस और इमोशनल कनेक्शन की कमी रिश्ते को उबाऊ बना सकती है। अनसुलझे मुद्दे और नाराजगी: पुराने झगड़े या ऐसी शिकायतें जो हल नहीं हुई हैं, वे समय के साथ नाराजगी पैदा कर सकती हैं। बाहरी तनाव: काम का बोझ, आर्थिक परेशानी, परिवार या स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं, तनाव रिश्ते पर भारी पड़ सकते हैं। अगर आपका पार्टनर इन चीजों से परेशान है तो रिश्ते के लिए उसके पास एनर्जी नहीं बचेगी। पारिवारिक या निजी तनाव: परिवार में चल रहे किसी विवाद की वजह से तनाव या किसी पर्सनल प्रॉब्लम की वजह से भी रिश्ता नीरस हो सकता है। रिश्ते को पहले की तरह बेहतर कैसे बनाएं? किसी भी नए रिश्ते में गर्मजोशी, रोमांच और रोमांस बना रहता है। हालांकि, समय के साथ ये चीजें कम हो जाती हैं। ऐसे में कुछ छोटे सुधारों के साथ हम इसे ठीक कर सकते हैं। आइए इसे ग्राफिक के जरिए समझते हैं। प्यार भरी यादें साझा करें: पुरानी अच्छी यादों के बारे में बात करना, जैसे आपकी पहली डेट, पहला घर, या कोई मजेदार किस्सा, आप दोनों को अच्छा महसूस कराता है। यह याद दिलाता है कि आप क्यों प्यार में पड़े थे। पार्टनर के अच्छे गुणों की तारीफ करें और उदाहरण देकर बताएं। तनाव में हम अक्सर नकारात्मक बातों पर ध्यान देते हैं, इसलिए जानबूझकर अच्छी बातों और यादों पर ध्यान देना जरूरी है। एक ही समय पर सोने जाएं: कोशिश करें कि आप और आपका पार्टनर एक ही समय पर सोने जाएं। अलग-अलग समय पर सोने वाले जोड़ों में ज्यादा झगड़े होते हैं, बातचीत कम होती है और फिजिकल इंटीमेसी भी कम होती है। बिस्तर पर जाने के बाद सोशल मीडिया स्क्रॉल करने के बजाय एक-दूसरे पर ध्यान दें। बहुत से लोग मानते हैं कि पार्टनर का फोन में व्यस्त रहना उन्हें परेशान करता है। अपनी भावनाएं खुलकर बताएं: कभी-कभी अपनी गहरी भावनाएं, चाहे वो कोई डर हो या कोई कमजोरी पार्टनर के साथ साझा करें। जब आप हिम्मत करके अपनी अंदरूनी बातें बताते हैं, तो इससे भरोसा और नजदीकी बढ़ती है। कुछ नया और रोमांचक करें: रोज एक ही जैसा काम करने से बोरियत आ सकती है। इसलिए, अपनी दिनचर्या में कुछ नयापन लाएं। कभी-कभी अचानक डेट पर जाएं या कुछ मजेदार करें। जैसे ट्रेंक पर जाएं, स्कूबा डाइविंग करें, लॉन्ग ड्राइव पर जाएं। इससे रिश्ते में नयापन बना रहेगा। साथ में नई और दिलचस्प चीजें करने से कपल्स के बीच प्यार बढ़ता है और वे ज्यादा करीब महसूस करते हैं। छोटी-छोटी चीजों से सरप्राइज दें: छोटे-छोटे प्यार भरे काम या तोहफे आपके रिश्ते को हमेशा मजेदार बनाए रखेंगे। ये आपके साथी को याद दिलाएंगे कि आप उनका ध्यान रखते हैं। यह जानने की कोशिश करें कि आपके साथी को प्यार कैसे महसूस होता है। जैसे तारीफ सुनने से, साथ में समय बिताने से, छूने से, मदद मिलने से या तोहफे पाने से, उसी तरह से उन्हें प्यार दिखाएं। उदाहरण के लिए, सुबह बिस्तर पर कॉफी देना, उनका कोई काम कर देना, प्यार भरा संदेश भेजना, गले लगाना या कोई छोटा सा उपहार देना। अपने लिए वक्त निकालें: यह सुनने में अजीब लग सकता है, लेकिन रिश्ते को बेहतर बनाने के लिए कभी-कभी पार्टनर से अलग अपना समय बिताना जरूरी है। हर किसी को निजी स्पेस चाहिए। इससे आप तरोताजा महसूस करते हैं, एक-दूसरे को याद करने का मौका मिलता है, और रिश्ते में नई ऊर्जा आती है। रिश्ते में थोड़ी दूरी नजदीकी के लिए जरूरी है। अकेले कुछ पढ़ना, दोस्तों के साथ घूमना या कोई शौक पूरा करना, इन छोटी-छोटी चीजों से भी रिश्ता मजबूत बनता है।