आपने रिलेशनशिप में ’ग्रीन फ्लैग’ या ’रेड फ्लैग’ जैसे शब्दों के बारे में जरूर सुना होगा। जनरेशन-Z रिलेशनशिप में सोशल मीडिया पर अक्सर इन शब्दों का इस्तेमाल करते हैं। हालांकि ये शब्द सिर्फ सोशल मीडिया पर एक ट्रेंड मात्र नहीं हैं। इन शब्दों का एक बड़ा और गहरा अर्थ भी है। तो आज रिलेशनशिप कॉलम में हम रिश्ते में ‘रेड फ्लैग’ और ‘ग्रीन फ्लैग’ का मतलब बताएंगे। साथ ही जानेंगे कि रिलेशनशिप में ग्रीन फ्लैग की पहचान कैसे कर सकते हैं। रिश्ते में ‘रेड फ्लैग’ और ‘ग्रीन फ्लैग’ का क्या अर्थ है? रेड फ्लैग्स किसी व्यक्ति में दिखने वाले नकारात्मक संकेत हैं, जो उसके साथ रिलेशनशिप को मुश्किल बनाते हैं। उदाहरण के लिए पार्टनर को धोखा देना, अक्सर झूठ बोलना, रिलेशनशिप में इनसिक्योर होना। ये कुछ सामान्य रेड फ्लैग्स हैं। वहीं ग्रीन फ्लैग्स व्यक्ति में दिखने वाले सकारात्मक संकेत हैं। ये वो बातें हैं, जिसकी वजह से आप रिश्ते को लंबे समय तक संजोकर रखना चाहते हैं। सरल शब्दों में कहें तो ग्रीन फ्लैग्स रिश्ते में ‘आगे बढ़ो’ के संकेत हैं। रिलेशनशिप में ग्रीन फ्लैग के संकेत ग्रीन फ्लैग्स वे पॉजिटिव संकेत हैं, जो दिखाते हैं कि रिश्ता सही दिशा में बढ़ रहा है। जैसेकि पार्टनर आपकी बातें सुनता है, आपकी कद्र करता है और आपके सपनों को सपोर्ट करता है। नीचे दिए ग्राफिक के जरिए इसके संकेतों को समझिए- आइए, अब ऊपर दिए कुछ पॉइंट्स के बारे में विस्तार से बात करते हैं। ऐसे लोग हेल्दी कम्युनिकेशन करते हैं रिश्ते में बातचीत की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। अगर पार्टनर आपसे सम्मान के साथ बातचीत करता है, आपसे अपनी हर छोटी-बड़ी बातें शेयर करता है, आपकी बातों को ध्यान से सुनता है तो ये संकेत है कि आप एक ग्रीन फ्लैग वाले रिश्ते में हैं। वे माफी मांगने से नहीं हिचकिचाते रिश्ते में बात-बहस होना काफी सामान्य है। लेकिन कपल इसे कैसे सुलझाता है, यही रिश्ते की दिशा तय करता है। अगर पार्टनर गलती करने पर माफी मांगने से नहीं हिचकिचाता तो यह भी ग्रीन फ्लैग है। वे भावनाओें काे समझते हैं अगर पार्टनर आपकी भावनाओं को समझता है, आपके प्रति सहानुभूति रखता है और जरूरत पड़ने पर दिलासा देता है तो इसका मतलब है कि आपका रिश्ता उसके लिए काफी मायने रखता है। वे सुरक्षित महसूस कराते हैं रिश्ते में सुरक्षित महसूस करना सिर्फ शारीरिक सुरक्षा नहीं है। यह इस बात का विश्वास दिलाना भी है कि चाहे जीवन में कोई भी चुनौती क्यों न आए, वह हमेशा आपके साथ खड़ा रहेगा। अगर पार्टनर हर सुख-दुख में आपका साथ देता है तो ये भी ग्रीन फ्लैग है। वे सपनों को सपोर्ट करते हैं अगर पार्टनर आपके सपनों को पूरा करने के लिए प्रोत्साहित करता है, उसे अचीव करने में मदद करता है, तो निश्चित ही वह एक ग्रीन फ्लैग पार्टनर है। वे हर छोटी-बड़ी चीजों को नोटिस करते हैं ग्रीन फ्लैग पार्टनर अपने साथी की हर छोटी-बड़ी चीजों को नोटिस करता और उसे याद रखता है। जैसेकि बर्थडे डेट, पहली मुलाकात की डेट या फेवरेट डिश। यह दर्शाता है कि वह वास्तव में आपकी परवाह करता है। वे फ्यूचर की प्लानिंग करते हैं यदि पार्टनर भविष्य के बारे में योजनाएं बनाने में संकोच नहीं करता है तो इसका मतलब है कि वे लंबे समय तक साथ रहने के लिए तैयार है। यह रिश्ते में ग्रीन फ्लैग है। वे पर्सनल बाउंड्रीज का सम्मान करते हैं किसी रिश्ते में बाउंड्री बनाने का मतलब दूसरे व्यक्ति को यह बताना होता है कि उसके लिए क्या ठीक है और क्या नहीं। यह फिजिकल बाउंड्रीज, इमोशनल बाउंड्रीज और यहां तक कि फाइनेंशियल बाउंड्रीज भी हो सकती हैं। एक ग्रीन फ्लैग पार्टनर इन बाउंड्रीज का हमेशा सम्मान करता है। वे पर्सनल स्पेस देते हैं जब पार्टनर आपको पर्सनल स्पेस और आजादी देता है तो यह रिश्ते में उसके प्रोग्रेसिव माइंडसेट को दर्शाता है। ये रिश्ते में ग्रीन फ्लैग है। वे आपकी बातें धैर्यपूर्वक सुनते हैं अगर पार्टनर आपके सभी विचारों और समस्याओं को धैर्यपूर्वक सुनता है। वह आपकी समस्याओं के लिए जज नहीं करता, बल्कि वह आपको समझने की कोशिश करता है तो ये रिश्ते में ग्रीन फ्लैग है। वे जरूरतों को समझते हैं जब आपका पार्टनर आपकी जरूरतों के प्रति संवेदनशील होता है तो समझ लीजिए कि आप एक ग्रीन फ्लैग पर्सन को डेट कर रहे हैं। वे आपके दृष्टिकोण का सम्मान करते हैं एक केयरिंग पार्टनर हमेशा आपके फैसले और विचार के प्रति सम्मान रखता है। वह कभी भी इन चीजों को लेकर आपसे बहस नहीं करता है। वह रिश्ते को आपके नजरिए से भी देखता है। रिलेशनशिप में रेड फ्लैग के संकेत रेड फ्लैग ऐसे व्यवहार हैं, जो संकेत देते हैं कि आप अनहेल्दी रिलेशनशिप में हैं। ये समय के साथ पार्टनर में दिखाई देता है। रिश्ते में सबसे बड़ा रेड फ्लैग पार्टनर पर विश्वास की कमी है। इसके अलावा भी कुछ चीजें हैं, जो रेड फ्लैग को दर्शाती हैं। इसे नीचे ग्राफिक से समझिए- रिलेशनशिप कांउसलर डॉ. गीतांजलि शर्मा बताती हैं कि ऊपर दिए रेड फ्लैग्स दिखने पर पार्टनर से सतर्क रहना चाहिए। इससे रिश्तों में कड़वाहट आ सकती है। पार्टनर के साथ झगड़ा हो सकता है, जो रिलेशनशिप को खत्म भी कर सकता है। ये रेड फ्लैग पार्टनर के असहज व्यवहार को बताते हैं।