रूस ने कोरोना वैक्सीन स्पूतनिक-वी बेचने के लिए 10 देशों के साथ शुरुआती सौदा तय कर लिया है। अब तक 120 करोड़ डोज बेचने पर समझौता हो चुका है। इसे ऑर्डर करने वालों में दक्षिण अमेरिकी और एशिया के साथ ही कुछ खाड़ी देश भी हैं।
रूसी अधिकारियों के मुताबिक, भारत, सऊदी अरब, मैक्सिको और ब्राजील से वैक्सीन के लिए सौदा किया गया है। वहीं, 10 दूसरे देशों के साथ भी बात चल रही है। वॉल स्ट्रीट जर्नल ने अपनी रिपोर्ट में यह दावा किया है।
दुनिया में संक्रमितों का आंकड़ा 3.12 करोड़ से ज्यादा हो गया है। ठीक होने वाले मरीजों की संख्या 2 करोड़ 28 लाख 17 हजार 541 से ज्यादा हो चुकी है। अब तक 9 लाख 64 हजार 764 मौतें हो चुकी हैं। ये आंकड़े www.worldometers.info/coronavirus के मुताबिक हैं।
इन 10 देशों में कोरोना का असर सबसे ज्यादा
देश |
संक्रमित | मौतें | ठीक हुए |
अमेरिका | 70,14,816 | 2,04,208 | 42,69,56 |
भारत | 55,23,917 | 88,345 | 44,40,775 |
ब्राजील | 45,47,450 | 1,36,997 | 38,51,227 |
रूस | 11,09,595 | 19,489 | 9,11,973 |
पेरू | 7,68,895 | 31,369 | 6,15,255 |
कोलंबिया | 7,65,076 | 24,208 | 6,33,199 |
मैक्सिको | 7,65,076 | 73,493 | 4,99,302 |
स्पेन | 6,59,334 | 30,495 | उपलब्ध नहीं |
साउथ अफ्रीका | 6,61,211 | 15,953 | 5,90,071 |
अर्जेंटीना | 6,31,365 | 13,053 | 4,88,231 |
फ्रांस: हेल्थ मिनिस्ट्री का बयान
फ्रांस की हेल्थ मिनिस्ट्री ने रविवार रात कहा- देश में पिछले 24 घंटे में 10 हजार 569 नए मामले सामने आए। इसके एक दिन पहले यानी शनिवार को 13 हजार 498 मामले सामने आए थे। यह साफ तौर पर संक्रमण की दूसरी लहर है। सरकार इसको लेकर सख्त कदम उठाने की तैयारी कर रही है।
रविवार को 12 और लोगों की संक्रमण के चलते मौत हो गई। फ्रांस में 31 हजार 585 लोगों की अब तक मौत हो चुकी है। दूसरी ओर, संभावित लॉकडाउन जैसे कदमों का विरोध भी शुरू हो गया है।
रूस: संक्रमितों का आंकड़ा 11 लाख के पार
रूस में अब तक 11 लाख 9 हजार 595 संक्रमित मिले हैं, जबकि 19 हजार 489 मौतें हो चुकी हैं। बीते 10 दिनों से यहां हर दिन 5 हजार से ज्यादा संक्रमित मिल रहे हैं। हालांकि, सरकार ने दावा किया है कि साल के आखिर तक कोरोना वैक्सीन आम लोगों के लिए इस्तेमाल में लाई जा सकेगी। वैक्सीन को रूस के गामेलया रिसर्च सेंटर में तैयार किया गया है। दुनिया के दूसरे देशों में करीब 40 हजार लोगों पर इसका ह्यूमन ट्रायल शुरू हो चुका है।
रूस की कोरोना वैक्सीन स्पूतनिक-वी के ट्रायल के लिए 60 हजार लोगों ने अप्लाई किया है। इनमें हजारों लोग ऐसे हैं, जो इस वैक्सीन के ट्रायल से पहले होने वाला अनिवार्य मेडिकल टेस्ट पास कर चुके हैं। इस बीच, 700 लोगों को वैक्सीन लगाई जा चुकी है। यह जानकारी मेयर सर्गेइ सोबयनिन ने दी। रूस के स्वास्थ्य मंत्रालय ने 15 अगस्त को यह वैक्सीन तैयार करने का ऐलान किया था।
न्यूजीलैंड: कोई नया केस नहीं
सोमवार को जारी बयान के मुताबिक, न्यूजीलैंड में रविवार को कोई नया केस सामने नहीं आया। ऑकलैंड में खासतौर पर प्रतिबंधों को लेकर सतर्कता बरती जा रही है। इसकी एक वजह यह है कि यहां अब भी कई टूरिस्ट ऐसे हैं, जिन्हें सेहत संबंधी दिक्कतें हैं। कुछ शहरों में प्रतिबंध जारी रखे जाएंगे।
प्रधानमंत्री जेसिंडा अर्डर्न ने आज प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इसमें सरकार द्वारा उठाए जाने वाले कदमों की जानकारी दी गई। न्यूजीलैंड में 1464 मामले सामने आ चुके हैं और 25 लोगों की मौत हो चुकी है। तीन संक्रमितों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

चीन: 12 नए मामले
चीन में एक बार फिर 12 नए मामले सामने आए। एक दिन पहले भी यहां 12 केस मिले थे। नेशनल हेल्थ अथॉरिटी की तरफ से जारी बयान में कहा गया है कि सभी मामले उन लोगों के हैं जो दूसरे देशों से चीन पहुंचे। 25 ऐसे मामले भी सामने आए हैं जिनमें संक्रमण के लक्षण नहीं मिले।
चीन की हेल्थ मिनिस्ट्री ने शनिवार को जारी बयान में कहा था कि विदेश से आने वाले लोगों की टेस्टिंग को लेकर नई गाइडलाइन जारी की जाएगी। इसकी वजह यह है कि ज्यादातर मामले इन्हीं पैसेंजर्स की वजह से सामने आ रहे हैं और इनके लोकल लेवल पर लोगों का संपर्क नई परेशानी खड़ी कर सकता है।

ब्रिटेन में विरोध के बावजूद सख्ती
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने शनिवार से देश में कोरोना से जुड़ी नई पाबंदियों का ऐलान किया था। देश में संक्रमण की दूसरी लहर शुरू हो चुकी है। लोग सरकार की ओर से जारी गाइडलाइन्स नहीं मान रहे हैं। अब पाबंदियां सख्त की गई हैं। पॉजिटिव आने के बावजूद सेल्फ आइसोलेशन में नहीं जाने वाले लोगों पर 13 हजार डॉलर (करीब 9.56 लाख रु.) का जुर्माना लगाया जाएगा। ब्रिटेन में अब तक 3 लाख 90 हजार 358 लोग संक्रमित मिले हैं। खास बात ये है कि बिगड़ते हालात के बावजूद सरकार के प्रतिबंधों का विरोध कर रहे हैं। प्रदर्शन हो रहे हैं। 30 लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है।
