लूटपाट के मामले में पुलिस ने एक नाबालिग समेत दो युवकों को पकड़ा है। खास बात ये है इनमें बालिग आरोपी की गर्लफ्रैंड लूट की वारदात में उसका साथ देती थी। इनके पास से एक मोबाइल बरामद किया। आरोपी की पहचान अमन उपाध्याय के तौर पर हुई। यह मामला लाजपत नगर इलाके का है। डीसीपी साउथ ईस्ट आरपी मीणा ने बताया जल विहार के नजदीक चाकू के बल मोबाइल लूटने की सूचना मिली। मौके पर सब इंस्पेक्टर किशोर कुमार पहुंचे जिन्हें पीड़ित मोहम्मद दानिश मिले। आठ सितंबर की शाम साढ़े सात बजे वह मूलचंद अस्पताल के पास सवारी के इंतजार में खड़े थे। एक लड़की और दो युवक ने वहां पहुंच जल विहार जाने के लिए ऑटो पकड़ा। गंतव्य पहुंचने पर लड़की तो ऑटो से उतरकर चली गई लेकिन पीछे से दोनों युवकों ने उसके साथ लूटपाट की। मोबाइल और पर्स छीन वे फरार हो गए। एक सूचना पर नौ सितम्बर को हरि नगर आश्रम निवासी अमन उपाध्याय को नेहरु नगर लाजपत नगर से दबोचा। जिसके पास से लूटा गया मोबाइल बरामद हो गया। आरोपी ने बताया वह अपनी गर्लफ्रैंड के साथ नशा करता है। अपनी जरूरत को पूरा करने के लिए वे वारदात करते थे। अब पुलिस लड़की के रोल को वेरिफाई कर रही है।