वजीराबाद इलाके में युवक की हत्या के इल्जाम में उसी की गर्लफ्रेंड, उसके भाई व एक अन्य को गिरफ्तार किया गया है। इस युवक की हत्या बेल्ट से गला घोंटकर की गई थी। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से मिले क्लू के बाद इस हत्या के मामले में खुलासा हो गया। आरोपियों की पहचान शास्त्री पार्क निवासी आकाश, अली व एक युवती के तौर पर हुई। इस वारदात के बाद मृतक का मोबाइल, पर्स और हेलमेट यमुना नदी में फेंक दिया गया था।
डीसीपी नार्थ डिस्ट्रिक एंटो अल्फोंस ने बताया 11 सितम्बर को सूचना मिली गली नंबर नौ वजीराबाद में एक शख्स अचेत पड़ा है। उसकी गर्दन पर चोट के निशान मिले। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। शव की पहचान कराने के लिए सोशल मीडिया का सहारा लिया गया, जिसके बाद मृतक की मां ने मृतक बेटे की पहचान 23 वर्षीय साहिल उर्फ राजा के तौर पर की।
मामले में पुलिस ने वजीराबाद थाने में हत्या और सबूत मिटाने की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस को घटनास्थल के पास सीसीटीवी कैमरे की फुटेज मिली, जिसमें ऑटो, मृतक को घसीटकर ले जाते, स्कूटी और कुछ लोग मौके से भागते नजर आए। पुलिस की जांच ऑटो पर केंद्रित हो गई।
चालक मुकेश को पुलिस ने ट्रेस कर लिया, जिसने बताया तड़़के चार बजे एक यात्री को उसने जग प्रवेश चंद हॉस्पिटल के बाहर छोड़ा था। तीन महिलाओं ने ऑटो हायर किया था, जिन्होंने कहा था उनके रिश्तेदार की हालत बेहद नाजुक है। अस्पताल में बेड नहीं है जिस वजह से वे उसे वजीराबाद ले आए।
मौके पर पहुंचने पर चालक ने भी उस अचेत शख्स को बाहर निकालने में मदद की। पुलिस ने अस्पताल की सीसीटीवी चेक की जिसमें तीन महिलाएं नजर आ गई। उनके चेहरे साफ दिखायी दिए, जाे मृतक को अस्पताल लेकर पहुंची थी। मृतक के परिजनों ने साहिल की गर्लफ्रेंड और उसके भाई आकाश को पहचान लिया।
सीसीटीवी में आरोपियों को मृतक के परिजनों ने पहचाना
पुलिस लड़की के शास्त्री पार्क घर पहुंची जो लॉक मिला। उसका मोबाइल भी बंद मिला। आखिरकार इस लड़की को पुलिस ने हरदोई यूपी से पकड़ लिया। इसके बाद उसके भाई और अली को भी गिरफ्तार कर लिया गया। मामले की पूछताछ में खुलासा हुआ साहिल इस लड़की से लंबे वक्त से रिलेशनशिप में था। दस सितंबर की रात साहिल लड़की के घर गया था। जहां उन्होंने शराब पी।
इसके बाद वह लड़की के साथ रिलेशन बनाने की कोशिश करने लगा, लड़की इसके लिए राजी नहीं थी। इस वजह से उनके बीच झगड़ा हो गया। बात इतनी बढ़ गई कि आकाश और अली ने उसकी बेल्ट की मदद से उसका गला घोंट दिया। इसके बाद उसके शव को घर के नजदीक ही ठिकाने लगा दिया और उसका मोबाइल व अन्य सामान लेकर निकल गए। बाद में साहिल का शव उसी के घर की अगली गली में छोड़ गए।