वर्ल्ड अपडेट्स:PM शहबाज शरीफ ने ट्रम्प को शुक्रिया कहा, US प्रेसिडेंट ने आज पाकिस्तान की तारीफ की थी

पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प को शुक्रिया कहा है। ट्रम्प ने आज अमेरिकी कांग्रेस (संसद) को संबोधित करते हुए कहा था कि 2021 में अफगानिस्तान में आतंकियों ने 13 अमेरिकी सैनिकों की हत्या कर दी थी। उन्हें पकड़ने में पाकिस्तान सरकार ने मदद की थी। शहबाज शरीफ ने कहा अमेरिकी राष्ट्रपति ने आज 2021 के काबुल एयरपोर्ट बम विस्फोट में शामिल आतंकवादी मोहम्मद शरीफुल्लाह को गिरफ्तार करने में पाकिस्तान के सहयोग का जिक्र किया। शरीफुल्लाह की गिरफ्तारी में पाकिस्तान के रोल को स्वीकार करने और उसकी तारीफ करने के लिए ट्रम्प को धन्यवाद। पाकिस्तान ने हमेशा से आतंकवादियों के खिलाफ कार्रवाई करने में जरूरी रोल निभाया है। हमारा मकसद है कि आतंकवादी किसी दूसरे देश के खिलाफ काम करने के लिए हमारी जमीन का इस्तेमाल न कर सकें। अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़ी अन्य बड़ी खबरें… अमेरिका से ईरान के न्यूक्लियर प्रोग्राम पर बात करेगा रूस, कहा- मुद्दे का डिप्लोमैटिक हल निकले रूस का कहना है कि अमेरिका के साथ भविष्य में होने वाली वार्ता में ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर भी चर्चा होगी। बुधवार को क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने कहा कि रूस का मानना ​​है कि ईरान के परमाणु कार्यक्रम से जुड़ी परेशानियों का हल डिप्लोमैटिक तरीकों से किया जाना चाहिए। इससे पहले ब्लूमबर्ग ने मंगलवार को बताया था कि रूस ने राष्ट्रपति ट्रम्प को ईरान के साथ विभिन्न मुद्दों पर बातचीत करने में सहायता करने पर सहमति व्यक्त की है। ट्रम्प ने कुछ दिन पहले एग्जीक्यूटिव ऑर्डर पर साइन करके ईरान के खिलाफ ‘अधिकतम दबाव’ अभियान को फिर से लागू किया। इसके तहत ईरान पर सख्त आर्थिक प्रतिबंध लगाए गए हैं। खासतौर पर उसके तेल एक्सपोर्ट को निशाना बनाने के आदेश दिए गए हैं। थाइलैंड में मानव तस्करी से जुड़े 100 लोग गिरफ्तार, 2 चीनी नागरिकों के खिलाफ भी वारंट जारी थाईलैंड की पुलिस ने बुधवार को कंबोडिया में लोगों की तस्करी करने वाले एक घोटालेबाज ग्रुप का भंडाफोड़ किया। इस मामले में 100 लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि 2 चीनी नागरिकों के खिलाफ भी गिरफ्तारी वारंट जारी किए गए है, जिन्हें इस ग्रुप का मास्टरमाइंड माना जा रहा है। पिछले महीने कंबोडियाई शहर पोइपेट में थाई और कंबोडियाई पुलिस ने एक स्कैम सेंटर पर छापेमारी करके इसका भंडाफोड़ किया। ये ग्रुप लोगों की तस्करी करके उन्हें दूसरे देशों में काम करने के लिए भेजता था। अब तक 20 से ज्यादा देशों के लगभग 7000 लोगों को रेस्क्यू किया जा चुका है, जिनमें से ज्यादातर चीनी हैं।पाकिस्तान के मिलिट्री कंपाउंड में ब्लास्ट; मरने वालों की संख्या बढ़कर 16 हुई, 35 घायल पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में मंगलवार को हुए आत्मघाती हमले में मरने वालों की संख्या बढ़कर 16 हो गई है, जबकि 35 लोग घायल हैं। आंतकवादी गुट के दो आत्मघाती हमलावरों ने विस्फोटकों से भरी दो कारों को एक मिलिट्री कंपाउंड में घुसा दिया। इसके चलते जोरदार धमका हुआ। विस्फोट के बाद कई आतंकवादियों ने कंपाउंड में घुसने की कोशिश की। इस हमले कि जिम्मेदारी हाफिज गुल बहादुर गुट ने ली है। कनाडाई PM बोले- ट्रम्प का हम पर टैरिफ लगाने का फैसला बेवकूफी भरा कनाडाई प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने डोनाल्ड ट्रम्प की तरफ से कनाडा पर 25% एक्स्ट्रा टैरिफ लगाने के फैसले को बेवकूफी भरा बताया। उन्होंने कहा कि ट्रम्प भले ही होशियार इंसान हैं, लेकिन ऐसा करना बहुत मूर्खतापूर्ण है। हम दो दोस्तों की लड़ाई बिल्कुल वैसी ही है, जैसी दुनिया भर में हमारे विरोधी देखना चाहते हैं। ट्रूडो ने कहा कनाडा वर्ल्ड ट्रेड ऑर्गेनाइजेशन के जरिए अमेरिकी टैरिफ को चुनौती देगा। अमेरिका के टैरिफ के जवाब में कनाडा ने भी टैरिफ का ऐलान किया है। इसे लेकर कनाडाई PM ने कहा कि जब तक अमेरिका टैरिफ वापस नहीं लेगा, तब तक हमारा टैरिफ भी लागू रहेगा। ट्रूडो ने कहा- ट्रम्प चाहते हैं कि कनाडा की अर्थव्यवस्था पूरी तरह से बर्बाद हो जाए, क्योंकि इससे उन्हें कनाडा को अमेरिका में मिलाना आसान हो जाएगा। मैं बता दूं कि ऐसा कभी नहीं होने वाला है। हम कभी भी अमेरिका के 51वें राज्य नहीं बनेंगे, लेकिन वो कनाडा की अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचा सकते हैं, और उन्होंने इसकी शुरुआत कर दी है। इससे जुड़ी पूरी खबर यहां पढ़ें… भारतीय नर्स को पीटने वाला शख्स पुलिस से बोला- भारतीय बुरे होते हैं; अस्पताल में साइकिएट्रिक वॉर्ड में भर्ती था फ्लोरिडा में एक शख्स ने भारतीय मूल की नर्स को बुरी तरह पीटा। हमले में नर्स को चेहरे समेत पूरे शरीर पर कई फ्रैक्चर हुए। जब पुलिस आरोपी को गिरफ्तार करने पहुंची, तो उसने कहा- भारतीय बुरे होते हैं। मैंने अभी एक भारतीय डॉक्टर की बुरी तरह पिटाई की है। आरोपी का ये बयान पुलिस अफसर ने कोर्ट में बताया। ये घटना 19 फरवरी की है। हमलावर की पहचान 33 साल के स्टीफन स्कैंटलबरी के तौर पर हुई है, जो फ्लोरिडा पाम्स वेस्ट साइड अस्पताल के साइकिएट्रिक वॉर्ड में भर्ती था। 67 साल की लीलम्मा लाल उसी अस्पताल में नर्स हैं। हमले के कुछ देर बाद ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उस पर हेट-क्राइम के साथ हत्या की कोशिश का केस दर्ज हुआ है। पुलिस के मुताबिक, जब उसे अरेस्ट किया गया तो वह बिना शर्ट और जूतों के था। उसके शरीर पर EKG मशीन के तार लगे हुए थे। सूत्रों के मुताबिक, उसे फ्लोरिडा बेकर्स एक्ट के तहत अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इस एक्ट के मुताबिक, किसी व्यक्ति की मानसिक स्थिति का पता लगाने के लिए उसे अनिवार्य रूप से अस्पताल में भर्ती कराना जरूरी है। पूरी खबर यहां पढ़ें…