दुनिया में कोरोनावायरस के अब तक 1 करोड़ 62 लाख 7 हजार 130 संक्रमित मिल चुके हैं। इनमें 99 लाख 16 हजार 266 ठीक हो चुके हैं, जबकि 6 लाख 48 हजार 513 की मौत हो चुकी है। ये आंकड़े www.worldometers.info/coronavirus के मुताबिक हैं।वियतनाम में शनिवार को तीन महीने के बाद पहला संक्रमित मिला। 57 साल के इस व्यक्ति को गुरुवार को देनांग शहर में बुखार और सांस लेने में दिक्कत होने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि शनिवार को इसकी रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई।
फिलहाल संक्रमित की हालत गंभीर है और उसे वेंटिलेटर पर रखा गया है। यह व्यक्ति कैसे संक्रमित हुआ इसका पता नहीं चल सका है। स्वास्थ्यकर्मियों के मुताबिक संक्रमित एक महीने से अपने ही शहर में था। सावधानी बरतते हुए देनांग शहर को दोबारा लॉकडाउन कर दिया गया है। लोगों से कहा गया है कि वे जरूरी कामों के लिए ही घर से बाहर निकलें।
10 देश जहां कोरोना का असर सबसे ज्यादा
देश |
कितने संक्रमित | कितनी मौतें | कितने ठीक हुए |
अमेरिका | 43,15,709 | 1,49,398 | 20,61,692 |
ब्राजील | 23,96,434 | 86,496 | 16,17,480 |
भारत | 13,85,494 | 32,096 | 8,86,235 |
रूस | 8,06,720 | 13,192 | 5,97,140 |
द.अफ्रीका | 4,34,200 | 6,655 | 2,63,054 |
पेरू | 3,75,961 | 18,030 | 2,63,130 |
मैक्सिको | 3,85,036 | 43,374 | 2,47,178 |
चिली | 3,43,592 | 9,020 | 3,16,169 |
स्पेन | 3,19,501 | 28,432 | उपलब्ध नहीं |
ब्रिटेन | 2,98,681 | 45,738 | उपलब्ध नहीं |
इजराइल: प्रधानमंत्री नेतन्याहू के खिलाफ प्रदर्शन
इजराइल में संक्रमितों का आंकड़ा 60 हजार के पार हो गया। बढ़ते मामलों को लेकर लोगों में नाराजगी है। लोगों ने शनिवार को येरुशलम समेत देश के कई शहरों में प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के इस्तीफे की मांग के साथ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि नेतन्याहू कोरोना को रोकने में नाकाम हुए हैं। इजराइल में नेतन्याहू के खिलाफ पिछले हफ्ते से लेकर अब तक तीन बार प्रदर्शन हो चुके हैं। उन पर कोरोना से जुड़े काम में भ्रष्टाचार के आरोप हैं।

दक्षिण अफ्रीका: ट्रेड मिनिस्टर संक्रमित
दक्षिण अफ्रीका के ट्रेड मिनिस्टर इब्राहिम पटेल संक्रमित पाए गए हैं। वे देश में संक्रमित होने वाले चौथे मंत्री हैं। कैबिनेट की प्रवक्ता फुमला विलियम्स ने कहा कि मिनिस्टर इब्राहिम ठीक है। वो पॉजिटिव पाए जाने के बाद सेल्फ क्वारैंटाइन हो गए हैं। वे घर से अपना काम जारी रखेंगे। जो लोग मिनिस्टर के संपर्क में आए थे वे भी सेल्फ क्वारैंटाइन हो गए हैं। सभी को अपना टेस्ट कराने के लिए कहा गया है।

हर पांच हफ्ते में 10 लाख से ज्यादा मामले: डब्ल्यूएचओ
वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गनाइजेशन (डब्ल्यूएचओ) ने शनिवार को कहा कि पांच हफ्तों में हर हफ्ते दुनिया में 10 लाख से ज्यादा मामले सामने आए। 24 जुलाई को सिर्फ एक दिन में ही 2 लाख 80 हजार मामले सामने आए। डब्ल्यूएचओ के मुताबिक, दुनिया के ज्यादातर देश इससे प्रभावित हैं। हालांकि, ज्यादा आबादी वाले देशों में इससे ज्यादा नुकसान हुआ है। ब्राजील और भारत ने एक दिन में मामलों में रिकार्ड बढ़ोत्तरी होने की पुष्टि की है। वहीं, अमेरिका में भी सामने आ रहे मामले चिंता की बात है।

मैक्सिको: स्टील प्लांट में काम करने वाले 21 लोगों की मौत
संक्रमण से प्रभावित लैटिन अमेरिकी देश मैक्सिको की एक स्टील प्लांट के 21 स्टाफ की मौत हुई है। स्टील वर्कर्स ट्रेड यूनियन ने शनिवार को इसकी जानकारी दी। मरने वालों में स्टाफ के साथ ही कुछ कान्ट्रैक्टर और सप्लायर भी शामिल हैं। मैक्सिको में जून से अचानक नए मामले बढ़ने लगे हैं। अब तक यहां 3 लाख से ज्यादा लोग संक्रमित हुए हैं और 43 हजार से ज्यादा मौतें हुई हैं।

इटली: मास्क नहीं लगाने पर 85 हजार का जुर्माना
इटली में मास्क नहीं लगाने पर शनिवार को लोगों पर 1,150 अमेरिकी डॉलर (करीब 85 हजार रु.) का जुर्माना लगाया गया। यहां के कैंपेनिया इलाके में तीन लोगों पर जुर्माना लगाया। वहीं, इशचिया आइलैंड के तीन रेस्तरांं में बिना मास्क के नजर लोगों के खिलाफ यह एक्शन लिया गया। इटली में कैँपेनिया में इस हफ्ते सबसे ज्यादा मामले आए हैं। इसके बाद स्थानीय प्रशासन ने जुर्माना लगाने का आदेश जारी किया था।

नेपाल: संक्रमितों की संख्या 18 हजार हुई
नेपाल में 24 घंटों में 109 नए मामले सामने आए हैं। अब देश में संक्रमितों की संख्या 18 हजार 483 हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को बताया कि देश में सामने आए कुल मामलों में से 13 हजार 53 लोगों को ठीक होने के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है। यहां के छह जिले भोजपुर, पंचचर, संखुवासभा, रसुवा, मनांग और मस्टैंग जिले में कोई सक्रिय मामला नहीं है। रौतहत, कैलाई और बजुरा जिले में 500 से ज्यादा मामले हैं। यहां अब तक 45 लोगों की मौत हुई है।
मिस्र: संक्रमण के मामलों में कमी आई
मिस्र में संक्रमण के नए मामलों में कमी आई है। 24 घंटों में यहां 511 नए मामले सामने आए हैं। देश के स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता खालिद मगहद ने बताया कि देश में लगातार 17वें दिन कोरोना वायरस के मामले एक हजार से कम रहे। यहां 19 जून को 1774 मामलों की पुष्टि हुई थी। इस बीच 933 और मरीज स्वस्थ्य हुए हैं, जिसके बाद इनकी संख्या 32,903 हो गई है। देश में अब तक 4558 मौतें हुई हैं और 91 हजार 583 संक्रमित मिले हैं।