वेटरन एक्ट्रेस आशा पारेख ने दिवंगत एक्टर शम्मी कपूर के साथ अपनी बॉन्डिंग पर बात की है। दोनों ने ‘तीसरी मंजिल’, ‘दिल देके देखो’ और ‘पगला कहीं का’ जैसी फिल्मों में साथ काम किया था। इसी दौरान शम्मी कपूर ने कह दिया था कि उनकी शादी आशा पारेख से हो गई है जिसे सुनकर सब हैरान रह गए थे। अब एक इंटरव्यू में आशा पारेख ने शम्मी कपूर की इस बात के पीछे की कहानी बताई है। शॉक में चले गए थे आशा पारेख के पेरेंट्स चैट शो ‘द इनविंसिबल सीरीज विद अरबाज खान सीजन 2’ में बतौर गेस्ट पहुंचीं आशा पारेख ने शम्मी कपूर से शादी की खबरों पर सफाई देते हुए कहा, ‘ये लंबी कहानी है। हम महाबलेश्वर में शूटिंग कर रहे थे तभी ओम प्रकाश जी ने सबसे कहा कि मेरी और शम्मी जी की शादी हो गई है। सब चौंक गए और फिर नासिर हुसैन जी के यहां पार्टी थी जहां भी सब खुसुर पुसुर करने लगे कि अरे इनकी शादी हो गई।’ आशा आगे बोलीं, ‘जानी-मानी जर्नलिस्ट देवयानी जी भी वहां मौजूद थीं। उन्होंने भी सुन लिया और मुझसे पूछा-क्या तुम्हारी शादी हो गई। मैं समझ नहीं पा रही थी कि क्या हो रहा है। शम्मीजी ने मुझसे कहा कि तुम कुछ नहीं बोलना। मैंने कहा ठीक है। दरअसल वो प्रैंक कर रहे थे। मेरे पिता जी भी तुरंत सेट से चले गए। सबने मेरे पिता जी को सेट से जाते देखा और मुझसे पूछा कि वो क्यों चले गए।’ आशा ने आगे कहा, ‘बाद में पिता जी ने बताया कि शादी की बात सुनकर वो और मम्मी शॉक में चले गए थे इसलिए सेट से चले गए थे। उस दौरान शम्मी जी भी किसी को डेट कर रहे थे और शादी की झूठी खबर सुनकर वो लड़की भी अपसेट हो गई थी।’ ‘दिल देके देखो’ से रातोंरात बनीं सुपरस्टार फिल्म ‘दिल देके देखो’ में शम्मी कपूर, आशा पारेख के अपोजिट थे। फिल्म सुपरहिट साबित हुई और आशा रातों रात बॉलीवुड की सुपरस्टार बन गईं। इस फिल्म के बाद हुसैन ने आशा को 6 और फिल्मों ‘जब प्यार किसी से होता है’ (1961), ‘फिर वही दिल लाया हूं’ (1963), ‘तीसरी मंजिल’ (1966), ‘बहारों के सपने’ (1967), ‘प्यार का मौसम’ (1969) और ‘कारवां’ (1971) के लिए साइन कर लिया और सभी ने बॉक्स ऑफिस पर सफलता बटोरी। इसके अलावा आशा ने अपने करियर में ‘कटी पतंग’, ‘उपकार’, ‘आन मिलो सजना’ और ‘लव इन टोक्यो’ जैसी सुपरहिट फिल्में भी दीं। लाइफ टाइम अचीवमेंट और पद्मश्री अवॉर्ड से सम्मानित आशा पारेख ने 40 साल के करियर में बॉलीवुड की करीब 95 फिल्मों में काम किया है। आखिरी बार वे साल 1999 में आई फिल्म ‘सर आंखों पर’ में नजर आई थीं।