गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली के मुस्तफाबाद में कहा- दिल्ली में 3G की सरकार चल रही है। पहले G से घोटाले वाली सरकार है। दूसरे G से घुसपैठियों को पनाह देने वाली सरकार, तीसरे G से घपले वाली सरकार है। 8 फरवरी को ये सरकार बदलने वाली है। आने वाली भाजपा सरकार सारे बांग्लादेशी और रोहिंग्या को चुन-चुन कर बाहर निकालेगी। यमुना में प्रदूषण को लेकर शाह ने कहा- हमने केजरीवाल के कटआउट को यमुना में डुबकी लगवाई। इस कटआउट को भी एम्स में भर्ती कराना पड़ा। हरियाणा वालों ने यमुना में कोई जहर नहीं मिलाया। केजरीवाल ने प्रदूषण मिलाया है। हम दिल्ली को प्रदूषण मुक्त बनाएंगे। भ्रष्टाचार पर शाह ने कहा- दिल्ली में हजारों-करोड़ का घोटाला हुआ। 2 हजार करोड़ रुपए का शराब नीति, 28 हजार करोड़ रुपए जल बोर्ड, 4500 करोड़ रुपए का राशन वितरण, 1300 करोड़ रुपए का क्लास रूम के साथ ही कई घोटाले हुए। शाह ने रैली में आए लोगों से पूछा- आपका मकान 50 हजार गज का है क्या? अंदर डिजाइनर मार्बल लगें हैं क्या, ऑटोमैटिक गेट लगे हैं क्या, 15 करोड़ का प्यूरिफायर लगा है क्या। ये सुविधाएं केजरीवाल ने ली हैं। उन्होंने 51 करोड़ रुपए का घर अपने लिए बनवाया। केजरीवाल कहते थे कि गाड़ी-बंगला-सिक्योरिटी नहीं लेंगे। इन्होंने 51 करोड़ रुपए का शीशमहल बनवाया। दिल्ली में 5 फरवरी को वोटिंग, 8 फरवरी को रिजल्ट दिल्ली में 5 फरवरी को सभी 70 सीटों पर वोटिंग होगी। वहीं, 8 फरवरी को नतीजे घोषित किए जाएंगे। 70 विधानसभा सीटों के लिए कुल 699 उम्मीदवार मैदान में हैं। विधानसभा का मौजूदा कार्यकाल 23 फरवरी को खत्म हो रहा है।