श्रीनगर का तापमान सामान्य से 10 डिग्री ज्यादा रहा:80 सालों में सबसे गर्म रहा बीता दिन; 25 राज्यों में आंधी-बारिश, 3 में ओले की आशंका

मौसम विभाग ने बुधवार को देश के 25 राज्यों में आंधी-बारिश का अनुमान लगाया है। बिहार, असम और ओडिशा में तेज बारिश की आशंका है। झारखंड, ओडिशा और मेघालय में ओले भी गिर सकते हैं। मौसम विभाग ने बताया कि 15 अप्रैल श्रीनगर का बीते 80 सालों में सबसे ज्यादा गर्म दिन था। शहर का तापमान सामान्य से 10.2 डिग्री ज्यादा 30.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम के इस समय के लिए औसत तापमान 20.2 डिग्री सेल्सियस है। जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी में इससे पहले 20 अप्रैल, 1946 को सबसे ज्यादा तापमान 31.1 डिग्री दर्ज किया गया था। अधिकारियों ने बताया कि 15 अप्रैल को कश्मीर घाटी के अलग-अलग इलाकों में तापमान सामान्य से 8.1 से 11.2 डिग्री ज्यादा रहा। वहीं, राजस्थान का बाड़मेर लगातार दूसरे दिन देश में सबसे गर्म रहा। जिले का तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने अगले तीन से चार दिनों में तापमान में बढ़ोतरी होने की आशंका जताई है। इस साल मानसून सामान्य से बेहतर
मौसम विभाग ने मंगलवार को बताया कि इस बार मानसून सामान्य से बेहतर रहेगा। 104 से 110 फीसदी के बीच बारिश को सामान्य से बेहतर मानता है। यह फसलों के लिए अच्छा संकेत है। इस साल जून से सितंबर के बीच 105% यानी 87 सेंटीमीटर बारिश हो सकती है। 4 महीने के मानसून सीजन के लिए लॉन्ग पीरियड एवरेज (LPA) 868.6 मिलीमीटर यानी 86.86 सेंटीमीटर होता है। यानी मानसून सीजन में कुल इतनी बारिश होनी चाहिए। मानसून हर साल 1 जून के आसपास केरल के रास्ते आता है। 4 महीने की बरसात के बाद यानी सितंबर के अंत में राजस्थान के रास्ते मानसून की वापसी होती है। कई राज्यों में यह 15 से 25 जून के बीच पहुंचता है। पूरी खबर पढ़ें… सामान्य से अधिक बारिश वाले राज्य: मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, ओडिशा, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र का मराठवाड़ा और उससे सटे तेलंगाना का इलाका। सामान्य से कम बारिश वाले राज्य: बिहार, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, तमिलनाडु, और पूर्वोत्तर राज्यों के कुछ हिस्सों में। अब राज्यों के मौसम का हाल… राजस्थान: लू से पारा 45 डिग्री के पार, बाड़मेर सबसे गर्म; अगले 48 घंटे तक राहत नहीं राजस्थान में बारिश के चलते 2 दिन गर्मी से राहत के बाद एक बार फिर प्रदेशभर में लू ने दस्तक दी। बाड़मेर में सोमवार को पारा 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। जैसलमेर और फलोदी में भी अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। सीमावर्ती जिले लू की चपेट में रहे। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, राज्य में 17-18 अप्रैल तक राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है। पूरी खबर पढ़ें… बिहार: 19 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, अरवल में आकाशीय बिजली से पति-पत्नी और बेटी की मौत बिहार के 19 जिलों में आज यानी मंगलवार को तेज बारिश और आंधी की संभावना है। मौसम विभाग ने 5 जिलों में ऑरेंज और 14 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों में 50 से 60KM प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। वहीं जिन 14 जिलों में यलो अलर्ट है, वहां 40 से 50KM प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा और हल्की बारिश हो सकती है। पूरी खबर पढ़ें… मध्य प्रदेश: कल से लू चलेगी, ग्वालियर-चंबल सबसे गर्म रहेंगे, पूर्वी हिस्से में आज हल्की बारिश मध्यप्रदेश में 16 अप्रैल से हीट वेव यानी, लू का असर शुरू होगा। इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन और चंबल संभाग के जिलों में लू चलेगी। इससे पहले मंगलवार को पूर्वी हिस्से के 7 जिले-शहडोल, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला, बालाघाट, सिवनी और छिंदवाड़ा में हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, चंबल और नर्मदापुरम संभाग में मंगलवार को गर्मी का असर तेज रहेगा। पूरी खबर पढ़ें… UP: वाराणसी-गोरखपुर सहित 14 जिलों में बारिश का अलर्ट, 24 घंटे में 8 शहरों में बरसात, सोनभद्र में ओले गिरे यूपी के मौसम में उलटफेर का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग का अनुमान है कि मंगलवार को भी प्रदेश के 14 जिलों में बारिश होगी। साथ ही, कई जिलों में बिजली के साथ ओले भी गिरने की आशंका है। मंगलवार सुबह पश्चिमी यूपी के कई जिलों में बादल छाए हैं। 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चल रहीं है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अभी दो दिन यानी 17 अप्रैल तक प्रदेश का मौसम ऐसा ही बना रहेगा। पूरी खबर पढ़ें… छत्तीसगढ़: 4 दिन आंधी-बारिश का अलर्ट, गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ेंगी, 24 जिलों में आज बूंदाबांदी के आसार छत्तीसगढ़ के अलग-अलग हिस्सों में अगले तीन दिन आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं आज 24 जिलों सरगुजा, जशपुर, सूरजपुर, बलरामपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बिलासपुर, रायगढ़, सारंगढ़-बिलाईगढ़, मुंगेली, रायपुर, गरियाबंद, धमतरी, दुर्ग, बालोद, बेमेतरा, कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, बस्तर कोंडागांव, दंतेवाड़ा, सुकमा, कांकेर, बीजापुर, नारायणपुर में बूंदाबांदी के आसार हैं। पूरी खबर पढ़ें… हरियाणा: 12 जिलों में हीटवेव का यलो अलर्ट, आज साफ रहेगा मौसम, कल से बदलाव हरियाणा में आज (मंगलवार को) मौसम साफ रहेगा, वहीं बुधवार से लू (हीटवेव) और गर्मी फिर से अपना असर दिखाने लगेगी। हालांकि मंगलवार को मौसम में पिछले दिनों हुई बरसात का असर जरूर देखने को मिलेगा। सोमवार को प्रदेश का सबसे गर्म जिला सिरसा रहा, जहां का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश के अधिकतम तापमान में 0.6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। पूरी खबर पढ़ें… पंजाब: बढ़ने लगी गर्मी, तापमान 38 डिग्री पहुंचा, कल से तीन दिन चलेगी लू, बठिंडा सबसे गर्म पंजाब में एक बार फिर गर्मी बढ़ने लगी है। पिछले 24 घंटे में औसत अधिकतम तापमान में 0.9 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। यह सामान्य से 1.8 डिग्री अधिक हो गया है। तापमान 38 डिग्री पर पहुंच गया है। बठिंडा सबसे अधिक गर्म रहा है, जबकि 16 अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ हिमालय क्षेत्रों में सक्रिय होगा। इससे पंजाब के मौसम पर असर दिखेगा। अगले चार दिनों में अधिकतम तापमान में 05-06 डिग्री की बढ़ोतरी होगी, जबकि कल ही से तीन लू चलने का यलो अलर्ट भी मौसम विभाग ने जारी किया है। पूरी खबर पढ़ें…