श्रीनगर में 80 साल में सबसे गर्म दिन रहा:तापमान सामान्य से 10° ज्यादा; 25 राज्यों में आंधी-बारिश, 3 में ओले गिरने का अनुमान

मौसम विभाग ने बुधवार को देश के 25 राज्यों में आंधी-बारिश का अनुमान लगाया है। बिहार, असम और ओडिशा में तेज बारिश की आशंका है। झारखंड, ओडिशा और मेघालय में ओले भी गिर सकते हैं। मौसम विभाग ने बताया कि 15 अप्रैल श्रीनगर का बीते 80 सालों में सबसे ज्यादा गर्म दिन था। शहर का तापमान सामान्य से 10.2 डिग्री ज्यादा 30.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। श्रीनगर में इस वक्त औसत तापमान 20.2 डिग्री सेल्सियस रहता है। जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी में इससे पहले 20 अप्रैल, 1946 को सबसे ज्यादा तापमान 31.1 डिग्री दर्ज किया गया था। अधिकारियों ने बताया कि 15 अप्रैल को कश्मीर घाटी के अलग-अलग इलाकों में तापमान सामान्य से 8.1 से 11.2 डिग्री ज्यादा रहा। वहीं, राजस्थान का बाड़मेर लगातार दूसरे दिन देश में सबसे गर्म रहा। जिले का तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने अगले तीन से चार दिनों में तापमान में बढ़ोतरी होने का अनुमान जताया है। इधर, हिमाचल में ओलावृष्टि-तूफान का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। यहां के 4 जिलों में भारी बारिश भी हो सकती है। अगले 5 दिन राज्य में मौसम खराब बना रहेगा। हरियाणा में आज बूंदाबांदी की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी। बिहार के 22 जिलों में बारिश-आंधी का यलो अलर्ट जारी किया गया है। इस साल मानसून सामान्य से बेहतर
मौसम विभाग ने मंगलवार को बताया कि इस बार मानसून सामान्य से बेहतर रहेगा। 104 से 110 फीसदी के बीच बारिश को सामान्य से बेहतर मानता है। यह फसलों के लिए अच्छा संकेत है। इस साल जून से सितंबर के बीच 105% यानी 87 सेंटीमीटर बारिश हो सकती है। 4 महीने के मानसून सीजन के लिए लॉन्ग पीरियड एवरेज (LPA) 868.6 मिलीमीटर यानी 86.86 सेंटीमीटर होता है। यानी मानसून सीजन में कुल इतनी बारिश होनी चाहिए। मानसून हर साल 1 जून के आसपास केरल के रास्ते आता है। 4 महीने की बरसात के बाद यानी सितंबर के अंत में राजस्थान के रास्ते मानसून की वापसी होती है। कई राज्यों में यह 15 से 25 जून के बीच पहुंचता है। पूरी खबर पढ़ें… सामान्य से अधिक बारिश वाले राज्य: मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, ओडिशा, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र का मराठवाड़ा और उससे सटे तेलंगाना का इलाका। सामान्य से कम बारिश वाले राज्य: बिहार, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, तमिलनाडु, और पूर्वोत्तर राज्यों के कुछ हिस्सों में। अब राज्यों के मौसम का हाल… मध्यप्रदेशः 3 दिन तेज गर्मी, फिर पारा लुढ़केगा; भोपाल, इंदौर-उज्जैन में 41° पहुंचेगा टेम्परेचर मध्यप्रदेश में अगले 3 दिन तेज गर्मी का असर रहेगा। ग्वालियर, चंबल, इंदौर और उज्जैन संभाग के जिलों में हीट वेव यानी, लू भी चल सकती है। बुधवार को प्रदेश के सभी जिलों में गर्मी बढ़ेगी। भोपाल, इंदौर, उज्जैन और सागर संभाग में पारा 41 डिग्री के पार रहेगा। मौसम विभाग ने 18 अप्रैल तक तेज गर्मी की संभावना जताई है। पूरी खबर पढ़ें… उत्तर प्रदेशः 48 घंटे बाद फिर होगी झमाझम बारिश; 38.2°C के साथ झांसी सबसे गर्म रहा यूपी में मौसम तेजी से बदल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आज और कल पूर्वी और पश्चिमी इलाकों में मौसम शुष्क रहेगा। साथ ही दिन और रात के तापमान में बढ़ोत्तरी होगी। वहीं मौसम विभाग ने 48 घंटे बाद 18 अप्रैल से आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। प्रदेश के कई जिलों में बारिश हो सकती है। पूरी खबर पढ़ें… छत्तीसगढ़ः दुर्ग-बिलासपुर सहित 20 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट; 3 दिन खराब रहेगा मौसम वेस्टर्न डिस्टर्बेंस और साइक्लोन सर्कुलेशन की वजह से छत्तीसगढ़ में मौसम बदला हुआ है। 3 दिन आंधी-बारिश का अलर्ट है। वहीं रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग सहित 20 जिलों में आज भी बूंदाबांदी के आसार हैं। आंधी-बारिश के बावजूद सबसे गर्म राजनांदगांव है, जहां 40 डिग्री टेम्प्रेचर है। रायपुर, जगदलपुर, रायगढ़ सहित कई जिलों में मंगलवार शाम को अंधड़ के साथ बौछारें पड़ीं। पूरी खबर पढ़ें… बिहारः 22 जिलों में बारिश-आंधी का यलो अलर्ट;19 अप्रैल तक बदला रहेगा मौसम बिहार में आज यानी बुधवार को भी मौसम बदला रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र ने 22 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में हल्की बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है। इस दौरान इन जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है।​​​​​​​ पूरी खबर पढ़ें… पंजाबः 6 जिलों में आज बारिश की संभावना; तूफान भी आएगा, लू का यलो अलर्ट जारी पंजाब में एक बार फिर भीषण गर्मी का दौर शुरू हो गया है। तापमान 41.2 डिग्री पर पहुंच गया है। बठिंडा सबसे गर्म रहा। 24 घंटे में तापमान में 0.5 डिग्री की बढ़ोतरी हुई। यह सामान्य तापमान से 0.5 डिग्री ज्यादा है। हालांकि, आज एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है। इसके चलते मौसम विभाग ने 6 जिलों में हल्की बारिश की संभावना जताई है। ​​​​​​​पूरी खबर पढ़ें… हरियाणा: आज बूंदाबांदी की संभावना; तेज हवाएं चलेंगी, सिरसा सबसे गर्म जिला हरियाणा में आज (बुधवार) रात से मौसम में बदलाव आएगा। जिसके तहत तेज हवाएं चल सकती हैं और गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी की भी संभावना है। इसके बाद फिर से मौसम बदलेगा और मौसम साफ रहेगा। मंगलवार को सिरसा प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पूरी खबर पढ़ें… हिमाचलः ओलावृष्टि-तूफान का ऑरेंज अलर्ट; 4 जिलों में हैवी रेन-फॉल, 5 दिन खराब रहेगा मौसम हिमाचल के ज्यादातर क्षेत्रों में पांच दिन मौसम खराब रहेगा। प्रदेश में वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव होने से इस सप्ताह अच्छी बारिश होने का पूर्वानुमान है। इस बीच मौसम विभाग (IMD) के आरेंज अलर्ट ने किसानों-बागवानों के चिंता बढ़ा दी है।​​​​​​​ IMD के अनुसार, 18 और 19 अप्रैल को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, शिमला और लाहौल स्पीति जिला में कुछेक स्थानों पर भारी ओलावृष्टि हो सकती है। ​​​​​​​पूरी खबर पढ़ें…