संसद सत्र का 11वां दिन:विपक्ष ने पूछा- सहारा ग्रुप के कितने निवेशकों को पैसा वापस मिला, वित्त मंत्री बोलीं- कोर्ट में जाकर पूछिए

संसद के मानसून सत्र का सोमवार को 11वां दिन है। लोकसभा में आज प्रश्नकाल के दौरान सीकर (राजस्थान) से CPI(M) सांसद अमरा राम ने पूछा कि सहारा ग्रुप में निवेश करने वाले कितने लोगों को पैसा वापस किया और कितना किया? इस पर पहले वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने कहा कि अभी तक 138 करोड़ रुपए वापस किए जा चुके हैं। अमरा राम इस पर संतुष्ट नहीं हुए और दोबारा सवाल किया। इस बार वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण बोलीं- कोर्ट में जाकर पूछिए। वित्त मंत्री बोलीं- सुप्रीम कोर्ट हमें सुपरवाइज कर रहा है। हमारे ऊपर हाथ उठाने का कोई फायदा नहीं है। सरकार निर्णय नहीं कर सकती। कोई सदस्य बाहर जाकर यह न बोले कि सरकार पैसे नहीं दे रही है। सरकार हाथ जोड़कर बुला रही है कि लोग कागजात के साथ आएं। हम पैसा देने के लिए तैयार हैं। वक्फ एक्ट में बदलाव के लिए बिल ला सकती है सरकार केन्द्र सरकार आज मौजूदा वक्फ एक्ट में करीब 40 संशोधन के लिए बिल ला सकती है। अभी वक्फ के पास किसी भी जमीन को अपनी संपत्ति घोषित करने की शक्ति है। नए बिल में इस पर रोक लगाई जा सकती है। केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी तेल क्षेत्र (विनियमन और विकास) अधिनियम, 1948 में संशोधन करने के लिए तेल क्षेत्र (विनियमन और विकास) संशोधन विधेयक राज्यसभा में पेश करेंगे। इधर कांग्रेस सांसद मनिकम टैगोर ने लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव नोटिस दिया है। उन्होंने मांग की है कि ओबीसी-क्रीमी लेयर के आय मानदंड को संशोधित करें या ओबीसी के लिए क्रीमी लेयर को हटा दें।