सऊदी अरब ने 7 महीने बाद मक्का खोला, 18 अक्टूबर से 40 हजार लोगों को मस्जिद में नमाज की इजाजत; दुनिया में 3.52 करोड़ केस

सऊदी अरब में सात महीने बाद रविवार से मुस्लिमों का धार्मिक स्थल मक्का उमरा के लिए खोल दिया गया। इसके लिए जरूरी सावधानियों का ध्यान रखा गया है। इसे तीन चरणों में खोला जाएगा। पहले चरण में सऊदी के 6 हजार लोगों को जाने की इजाजत होगी। दूसरे स्टेज में 18 अक्टूबर के बाद ज्यादा से ज्यादा 15,000 श्रद्धालुओं और नमाज के लिए 40,000 लोगों को इजाजत दी जाएगी। उमरा के लिए लोगों को मोबाइल एप्लिकेशन से आवेदन करना होगा, ताकि भीड़ से बचा जा सके।

हज मंत्री ने कहा कि देश के बाहर के श्रद्धालु 1 नवम्बर से मक्का जा सकेंगे। सऊदी अरब में अब तक 3 लाख 35 हजार से ज्यादा लोग संक्रमित हैं और 4850 मौतें हुई हैं। भीड़ से बचने के लिए लोगों को यहां आने के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराना होगा।उमरा में हर साल पूरी दुनिया से लाखों मुसलमान पहुंचते हैं। कोरोना के चलते इस साल सऊदी में रहने वाले केवल एक हजार लोगों को ही हज की इजाजत दी गई थी।

दुनिया में संक्रमितों का आंकड़ा 3 करोड़ 52 लाख 10 हजार 693 हो गया है। राहत की बात है कि इनमें 2 करोड़ 61 लाख 96 हजार 883 लोग ठीक भी हो चुके हैं। अभी 79 लाख 74 हजार 623 मरीजों का इलाज चल रहा है। मरने वालों का आंकड़ा 10.39 लाख के पार हो चुका है। ये आंकड़े www.worldometers.info/coronavirus के मुताबिक हैं।

इन 10 देशों में कोरोना का असर सबसे ज्यादा

देश

संक्रमित मौतें ठीक हुए
अमेरिका 76,05,602 2,14,327 48,28,428
भारत 65,59,777 1,01,910 55,16,487
ब्राजील 49,06,833 1,46,011 42,48,574
रूस 12,15,001 21,358 9,79,143
कोलंबिया 8,48,147 26,556 7,57,801
पेरू 8,24,985 32,665 7,00,868
स्पेन 8,10,807 32,086 उपलब्ध नहीं
अर्जेंटीना 7,90,818 20,795 6,26,114
मैक्सिको 7,57,953 78,880 5,45,530
साउथ अफ्रीका 6,79,716 16,938 6,12,763

ब्रिटेन: 700 से ज्यादा स्टूडेंट्स संक्रमित

ब्रिटेन के नार्थम्बुरिया यूनिवर्सिटी के 700 से ज्यादा स्टूडेंट्स संक्रमित मिले हैं। पॉजिटिव पाए गए सभी स्टूडेंट्स को सेल्फ आइसोलेशन में जाने के लिए कहा गया है। ऐसा नहीं करने पर उन्हें बाहर किया जा सकता है। स्टूडेंट्स के साथ ही उनके फ्लैट में रहने वालों और उनके संपर्क में आए लोगों को सेल्फ आइसोलेट होने के लिए कहा गया है। ब्रिटेन में 4 लाख 80 हजार से ज्यादा संक्रमित हैं और 42 हजार से ज्यादा मौतें हुई हैं।

स्पेन: पाबंदियां सख्त

स्पेन की राजधानी मैड्रिड में पाबंदियां सख्त कर दी गई हैं। नए नियमों के मुताबिक, बार और रेस्टोरेंट में पहले के मुकाबले अब 50% कम लोगों को ही सेवाएं दी जा सकेंगी। सभी दुकानें रात 10 बजे तक बंद करनी होंगी। निजी और सार्वजनिक स्थानों पर 6 से ज्यादा लोग नहीं जुट सकेंगे। देश में 8 लाख 10 हजार से ज्यादा लोग संक्रमित मिले हैं और 32 हजार से ज्यादा मौतें हुई हैं।

कोलंबिया : स्लम एरिया में खतरा
कोलंबिया में पांच महीने से लॉकडाउन है। हालांकि, प्रतिबंधों में ढील भी दी गई है। सितंबर से कुछ रेस्टोरेंट्स खोले गए हैं। सरकार का कहना है कि छोटे शहरों और स्लम एरिया में संक्रमण का खतरा टला नहीं है। कोलंबिया की राजधानी बोगोटा की मेयर क्लाउडिया ने शनिवार को कहा- महामारी की दूसरी लहर नवंबर-दिसंबर या इसके पहले भी आ सकती है। हमने तैयारियां की हैं। उम्मीद है यह पहले जैसी खतरनाक साबित नहीं होगी।

कोलंबिया की राजधानी बोगोटा की एक पार्किंग लॉट में सैनिटाइजेशन के काम में जुटा एक वर्कर।

रूस: 24 घंटे में 10,499 मामले
रूस में 24 घंटे में संक्रमण के 10,499 केस मिले हैं जबकि 107 लोगों की जान गई है। 15 मई के बाद एक दिन में सबसे ज्यादा संक्रमित मिले हैं। यहां अब तक 12.15 लाख मरीज मिल चुके हैं और 21,358 लोगों की मौत हो चुकी है। यहां राजधानी मॉस्को सबसे ज्यादा प्रभावित है। देश में 5 अक्टूबर से सभी निजी कंपनियों को अपने 30% कर्मचारियों को घर से काम करने की इजाजत देने के लिए कहा गया है।

रूस की राजधानी मॉस्को के अस्पताल में वॉलेंटियर को कोरोना वैक्सीन स्पुतनिक वी का टीका लगाती एक डॉक्टर।

फ्रांस: एक दिन में रिकार्ड 16 हजार से ज्यादा मामले
फ्रांस में 24 घंटे में 16 हजार 972 मामले सामने आए हैं। यह देश में एक दिन में सामने आए सबसे ज्यादा मामले हैं। इससे पहले शुक्रवार को देश में 12 हजार 148 मामले सामने आए थे। देश में संक्रमण की दूसरी लहर शुरू होने के साथ ही राजधानी पेरिस समेत कई शहरों में सख्त पाबंदियां लागू की गई हैं। अब तक फ्रांस में 6 लाख से ज्यादा लोग संक्रमित मिले हैं और 32 हजार से ज्यादा मौतें हुई हैं।

फ्रांस की राजधानी पेरिस में एफिल टावर के पास मास्क लगाकर घूमते स्थानीय लोग।

इजराइल: प्रतिबंध के बावजूद देश भर में प्रदर्शन
इजराइल में प्रदर्शन करने पर रोक होने के बावजूद शनिवार को कई जगहों पर रैलियां निकाली गई। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हिंसा भी हुई। पुलिस ने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने के आरोप में तेल अवीव में 37 लोगों को गिरफ्तार किया गया था। वहीं, येरूशलम में 4 लोगों को गिरफ्तार किया गया था। इजराइल में कोरोना से जुड़ी नई पाबंदियों के तहत एक जगह पर 20 से ज्यादा लोगों के जुटने पर रोक है।

इजराइल के तेल अवीव में शनिवार को सरकार के खिलाफ निकाली गई रैली में शामिल प्रदर्शनकारी।

Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today

सऊदी में पहले फेज में 6 हजार लोगों की मक्का जाने की इजाजत दी गई है। महामारी के चलते इस साल केवल 1 हजार लोगों को ही हज यात्रा की इजाजत मिली थी।