हरियाणवी सिंगर राहुल यादव उर्फ फाजिलपुरिया गुरुग्राम में खुद पर हुए हमले के बाद पहली बार मीडिया के सामने आए। उन्होंने कहा, ‘एक गाड़ी सामने आई। पहले कुछ नहीं लगा। जब वे पीछे मुड़कर देख रहे थे तो मुझे लगा फैन हैं। इसके बाद उन्होंने गाड़ी ओवरटेक कर आगे लगाई। 2 लोग उतरकर आए और फायरिंग करने लगे। मैंने पीछे की तरफ गाड़ी भगाई।’ उन्होंने आगे कहा- ‘एक कॉल मुझे उस रात को भी आया था। मैंने पुलिस को कहा था कि आप इस बात को बाहर न आने दें, पहले जांच कर लें। मीडिया में जाने के बाद 2 फोन और आने लग जाते हैं। अभी पुलिस इस पर जांच कर रही है।’ सोशल मीडिया पर पोस्ट पर उन्होंने कहा कि उसे मैं जानता हूं। मैंने उसके साथ काम किया है। मैंने उसे फ्रंट फेस बनाकर काम किया है। जो वो कह रहा है कि मैंने स्टार बनाया है, ये गलत है। सारा पैसा लेबल ने लगाया है। सभी पैसे उनके अकाउंट में आए हैं। जितने भी खर्चे थे, सभी लेबल ने किए हुए हैं। मुझे डीफेम करने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे लोगों से सबूत मांगा जाए। अगर लगेगा कोई हिसाब है तो हम क्लियर कर लेंगे। बता दें कि 14 जुलाई की शाम को गुरुग्राम के सेक्टर 71 में फाजिलपुरिया की थार गाड़ी पर कुछ लोगों ने फायरिंग कर दी थी। इस मामले में पुलिस ने सोनीपत के जाजल के रहने वाले विशाल को गिरफ्तार किया था। फायरिंग के बाद एक पोस्ट भी सामने आई थी, जिसमें दावा किया गया था कि 5 करोड़ रुपए के लेन-देन में फाजिलपुरिया पर फायरिंग की गई।