सिक्किम में लैंडस्लाइड से 6 की मौत, कई लापता:पर्यटन स्थलों पर 2 हजार से ज्यादा लोग फंसे; 12 राज्यों में हीटवेव का अलर्ट

देश के उत्तरी राज्यों में हीटवेव का दौर जारी है। गुरुवार (13 जून) को उत्तर प्रदेश और बिहार के कई इलाकों में हीटवेव चली। यहां तापमान 46 डिग्री से ज्यादा दर्ज किया गया। मानसून में देरी के चलते आने वाले कुछ दिन गर्मी से राहत मिलने की संभावना नहीं है। गुरुवार को बिहार का बक्सर 47.2 डिग्री तापमान के साथ देश का सबसे गर्म शहर रहा। हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में कई जगहों पर तापमान 44 से 47 डिग्री दर्ज किया गया। IMD के मुताबिक 1 मार्च से 9 जून के बीच ओडिशा में सबसे ज्यादा 27 दिन हीटवेव चली है। पश्चिमी राजस्थान में 23 दिन, पश्चिम बंगाल में 21 दिन, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 20 दिन, पश्चिमी मध्य प्रदेश में 19 दिन और गुजरात और पूर्वी राजस्थान में 17 दिन हीटवेव चली है। शुक्रवार (14 जून) को उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, बिहार और झारखंड के कई हिस्सों में, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू डिवीजन के कुछ हिस्सों और पंजाब, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ और ओडिशा के अलग-अलग स्थानों में लू चलने का अनुमान है। वहीं पिछले तीन दिन से जारी भारी बारिश के चलते उत्तरी सिक्किम के कई इलाके बुरी तरह तबाह हो गए हैं। भूस्खलन और बाढ़ में सैकड़ों घर और कई सड़कें बह गई हैं। अब तक 6 लोगों की मौत हो चुकी है। सबसे ज्यादा तबाही मंगन जिले में हुई है। यहां एक दिन में 220 मिमी से ज्यादा बारिश होने से पिछले साल 4 अक्टूबर को आई भीषण बाढ़ के बाद बना संगकालांग पुल भी गुरुवार दोपहर में ढह गया। इससे दजोंगू, चुंगथांग, लाचेन और लाचुंग से संपर्क टूट गया है। इन इलाकों में अब न फोन कनेक्टिविटी है और न ही रोड। बिजली पोल भी बह गए हैं। दक्षिण सिक्किम में तीस्ता नदी उफान पर
सिक्किम में राहत-बचाव में जुटे डिजास्टर मैनेजमेंट के अधिकारियों ने बताया कि पर्यटन स्थल लाचुंग और चुंगथांग में करीब 2 हजार पर्यटक फंसे हैं। इन्हें अब हेलिकॉप्टर से ही रेस्क्यू कर सकते हैं, लेकिन हेलिकॉप्टर का फिलहाल उड़ पाना मुमकिन नहीं है। उधर, दक्षिण सिक्किम में तीस्ता नदी उफान पर है, इससे कई घर बह चुके हैं। पिछले साल उत्तरी सिक्किम में एक हिमनद झील के फटने से अचानक आई बाढ़ में 100 से ज्यादा लोगों की मौत हुई थी देशभर के राज्यों में मौसम से जुड़ी तस्वीरें… अब बात मानसून की
देश के दक्षिणी राज्यों में समय से पहले दस्तक देने के बाद मानसून कमजोर पड़ गया है। अर्थ साइंस के पूर्व सेक्रेटरी माधवन राजीवन ने कहा कि अगले 8-10 दिन तक मानसून के तेजी से आगे बढ़ने की संभावना नहीं है। बिहार और झारखंड में 16 से 18 जून तक मानसून के पहुंचने का अनुमान है। यह 20 से 30 जून के बीच उत्तर प्रदेश और 27 जून के आसपास दिल्ली पहुंच सकता है। प्रमुख राज्यों के मौसम से जुड़ी खबरें पढ़ें… मध्य प्रदेश: निमाड़ में आंधी-बारिश का अलर्ट; 18 जून तक होगी मानसून की एंट्री महाराष्ट्र के कई हिस्सों को कवर कर चुका मानसून मध्यप्रदेश की सीमा के करीब है, लेकिन बंगाल की खाड़ी और अरब सागर की ब्रांच के कमजोर होने की वजह से इसकी एंट्री में 4 से 5 दिन और लगेंगे। IMD भोपाल के सीनियर वैज्ञानिक डॉ. वेदप्रकाश सिंह ने बताया, प्रदेश में मानसून 18 जून तक आ सकता है। दक्षिण हिस्से से मानसून एंटर होगा।​​​​​​ पढ़ें पूरी खबर… उत्तर प्रदेश: 5 दिनों तक हीटवेव का रेड अलर्ट, 48 डिग्री के पार जाएगा तापमान; प्रयागराज सबसे गर्म UP में गर्मी का कहर जारी है। झांसी-प्रयागराज में बुधवार (12 जून) की रात तापमान 32 डिग्री से ऊपर पहुंच गया। झांसी में रात का तापमान सामान्य से करीब 4 डिग्री ज्यादा 32.7 डिग्री सेल्सियस और प्रयागराज में 31.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। मौसम विभाग ने राज्य में 17 जून तक हीटवेव का रेड अलर्ट जारी किया है। इस दौरान पारा 48 डिग्री के पार जाएगा। पूरी खबर पढ़ें… बिहार: 20 जिलों में लू का अलर्ट, गर्मी से फिलहाल राहत नहीं; 19 जिलों में तापमान 40 डिग्री के पार बिहार में अगले दो दिनों तक भीषण गर्मी और लू का प्रकोप जारी रहेगा। मौसम विभाग ने गुरुवार (13 जून) को 20 जिलों में लू को लेकर रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। पटना, गया, छपरा, शेखपुरा, गोपालगंज समेज 15 जिलों में बुधवार (12 जून) को पूरे दिन लू की स्थिति बनी रही। पूरे दिन तापमान 40 से 45 डिग्री सेल्सियस रहा। औरंगाबाद में सबसे ज्यादा 44.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। पूरी खबर पढ़ें… हरियाणा: 20 जिलों में हीटवेव का अलर्ट, 47 के पार पहुंचा पारा; नूंह दूसरे दिन सबसे गर्म हरियाणा में भीषण गर्मी का सेकेंड फेज चल रहा है। इस फेज के तीसरे दिन बुधवार (12 जून) को राज्य में तापमान 46 डिग्री पहुंच गया। रोहतक सबसे गर्म रहा। यहां का तापमान 46.1 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने गुरुवार (13 जून) को 20 जिलों में हीटवेव को लेकर ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है। पूरी खबर पढ़ें… हिमाचल: 9 जिलों में हीटवेव का अलर्ट, 9 शहरों का तापमान 40 डिग्री पार; प्री-मानसून बारिश के आसार नहीं हिमाचल प्रदेश के 9 जिलों में गुरुवार (13 जून) को हीटवेव का यलो अलर्ट दिया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, चंबा, किन्नौर और लाहौल स्पीति को छोड़कर अन्य सभी जिलों में हीटवेव चल सकती है। शिमला के निचले इलाकों में भी लू चलने की चेतावनी दी गई है। पूरी खबर पढ़ें… झारखंड: लू से तीन की मौत, कई जिलों में अलर्ट, सरायकेला का तापमान 46 डिग्री के करीब पहुंचा झारखंड में हीटवेव को लेकर गुरुवार (13 जून) को अलर्ट जारी किया गया है। गढ़वा, पलामू, जमशेदपुर, सरायकेला सहित कई जिलों में आज भी हीटवेव चल सकती है। बुधवार (12 जून) को डालटनगंज और सरायकेला खरसावां सबसे गर्म रहा। यहां पारा 45.4 डिग्री पर पहुंच गया। राज्य में बुधवार को लू से 3 लोगों की मौत हो गई। पूरी खबर पढ़ें… छत्तीसगढ़: दिन भर भीषण गर्मी, शाम में झमाझम बारिश से राहत मिली, आज भी बूंदाबांदी का अलर्ट छत्तीसगढ़ में बुधवार (12 जून) को दिन भर भीषण गर्मी के बाद शाम में मौसम बदल गया। बिलासपुर जिले में मानसून की पहली बारिश हुई। कुछ ही घंटों में कई इलाकों में पानी भर गया। मौसम विभाग ने गुरुवार (13 जून) को भी राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश होने की संभावना जताई है। पूरी खबर पढ़ें… राजस्थान: राज्य में मौसम के दो रंग, श्रीगंगानगर में हीटवेव, कोटा में प्री-मानसून की बरसात; 18 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट राजस्थान में मौसम के दो रंग देखने को मिल रहे हैं। कुछ इलाका भीषण गर्मी है, तो कहीं पर प्री-मानसून की बारिश हो रही है। पिछले 24 घंटे में कोटा, बारां, झालावाड़, उदयपुर, चित्तौड़गढ़, डूंगरपुर, बांसवाड़ा, पाली और राजसमंद में बारिश हुई है। दूसरी ओर, बीकानेर संभाग के जिलों में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चला गया। मौसम केन्द्र जयपुर ने गुरुवार (13 जून) को 18 जिलों में आंधी चलने, बादल छाने और कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी की चेतावनी जारी की है। पूरी खबर पढ़ें…