संसद मार्ग इलाके में सिगरेट और बीयर शेयर करने को लेकर हुए झगड़े में एक शख्स की हत्या हो गई। उसके चेहरे पर ईंट और हथौड़े से कई बार वार किए गए थे। पुलिस ने इस वारदात के बाद फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी पहचान प्रेम चंद्र के तौर पर हुई। आरोपी और मृतक एक दूसरे के पड़ोसी हैं। पुलिस ने इस केस में खून से सनी ईंट और टूटी बीयर की बोतल बरामद की है। नई दिल्ली डिस्ट्रिक डीसीपी ईश सिंघल ने बताया 18 जुलाई की शाम चार बजे एक शख्स के राष्ट्रीय अभिलेखागार, जनपथ के नजदीक झुग्गी में मृत मिलने की सूचना मिली। मौके पर जांच के दौरान पुलिस को पता चला मृतक विजय चौक और राजपथ के आसपास सड़क रिपयेरिंग का काम करता था।
वह बेड के नीचे चटाई से लिपटी हालत में मिला। उसकी पहचान जसटीन उर्फ जसवंत (45) के तौर पर हुई। इसके सिर और चेहरे पर खून लगा मिला। पुलिस की तहकीकात में पता चला दोपहर को उसका अपने पड़ोसी प्रेम चंद्र से झगड़ा हो गया था। वह भी उसी की साइट पर काम करता है। दोनों ने ही झगड़े में एक दूसरे को नुकसान पहुंचाया था। पड़ोसी चश्मदीद के बयान पर पुलिस ने संसद मार्ग थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया। शव पोस्टमार्टम के लिए राम मनोहर लोहिया अस्पताल भेजा गया। आरोपी के पास मोबाइल नहीं था। वह दूसरों के फोन से बात करता था। उसके सिर में चोट और कपड़े के बारे में मिली जानकारी के बाद पुलिस ने उसकी खोजबीन शुरु की। राजपथ के साथ लॉन में उसकी तलाश टॉर्च के जरिए की गई, जहां वह एक पेड़ के पीछे छिपा मिल गया।