सीजफायर के बाद पाकिस्तान ने ड्रोन अटैक किया:सुबह हालात सामान्य, कई दिन बाद पहली बार रातभर फायरिंग-शैलिंग नहीं

पाकिस्तान ने शनिवार शाम 5 बजे सीजफायर लागू होने के 3 घंटे बाद ही इसे तोड़ दिया। जम्मू-कश्मीर, गुजरात, राजस्थान और पंजाब में ड्रोन अटैक किए, जिसे भारतीय सेना ने नाकाम कर दिया। ये जानकारी विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने रात 11 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी। उन्होंने बताया कि पाकिस्तान ने भारतीय सीमा में घुसने की कोशिश की। सेना को फ्रीहैंड दिया गया है। कुछ समय बाद पाकिस्तान की ओर से फायरिंग और ड्रोन अटैक रोक दिया गया। इसके बाद पहली बार रातभर कोई फायरिंग या शैलिंग नहीं हुई। पहलगाम हमले के बाद भारत की कार्रवाई के बाद पाकिस्तान LoC पर लगातार सीजफायर उल्लंघन कर रहा था। आज सुबह जम्मू-कश्मीर, राजस्थान, पंजाब के पाकिस्तान बॉर्डर से सटे कई इलाकों में हालात सामान्य से नजर आए। हालांकि, एतियातन इन राज्यों के कई इलाकों में रेड अलर्ट है। कई जिलों में रातभर ब्लैकआउट रहा। पहलगाम हमले के दिन 22 अप्रैल से 10 मई तक पाकिस्तान की गोलीबारी में 5 जवान शहीद हो चुके हैं, जबकि 60 घायल हैं। इसके अलावा 25 लोगों की मौत हो चुकी है और 50 से ज्यादा घायल हैं। ट्रम्प ने सीजफायर की जानकारी दी थी
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने 10 मई की शाम करीब 5:30 बजे सीजफायर की जानकारी दी थी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, ‘रात में यूएस की मध्यस्थता में चली लंबी बातचीत के बाद मुझे बताते हुए खुशी हो रही है कि भारत-पाकिस्तान तुरंत और पूरी तरह हमले रोकने को तैयार हैं। मैं दोनों देशों को कॉमनसेंस और समझदारी से भरा फैसला लेने के लिए बधाई देता हूं।’ ट्रंप के बयान के 30 मिनट बाद विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने शाम 6 बजे प्रेस ब्रीफिंग की। उन्होंने बताया कि दोनों देश अब एक-दूसरे पर सैन्य कार्रवाई नहीं करेंगे। PAK विदेश मंत्री इशाक डार ने भी युद्ध विराम पर सहमति जताई थी। भारत-पाकिस्तान जंग के हालात पर हर अपडेट नीचे ब्लॉग में पढ़िए …