सीजफायर के बाद हज का दूसरा बैच मक्का रवाना:अमृतसर में पहली फ्लाइट लैंड; योगी बोले- कोई हमें छेड़ेगा तो छोड़ेंगे नहीं

भारत-पाकिस्तान के बीच सीजफायर के बाद जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में बुधवार सुबह हज यात्रियों का दूसरा जत्था हज हाउस से एयरपोर्ट के लिए रवाना हुआ। वे सऊदी अरब के मक्का के लिए रवाना हो रहे हैं। श्रीनगर से हज यात्रियों का पहला जत्था 4 मई 2025 को रवाना हुआ था। ऑपरेशन सिंदूर के कारण 7 मई और 12 मई को रवाना होने वाले हज यात्रियों की सात फ्लाइट्स रद्द कर दी गई थीं। आज से फ्लाइट्स शुरू हुई हैं। श्रीनगर एयरपोर्ट पर मंगलवार से फ्लाइट ऑपरेशन शुरू हुए हैं। दूसरी तरफ, पंजाब के अमृतसर एयरपोर्ट पर भी मंगलवार-बुधवार की रात पहली फ्लाइट लैंड हुई। यह फ्लाइट कतर एयरवेज की थी। इंडिगो एयरलाइंस ने भी पंजाब के लिए बुधवार से फ्लाइट शुरू करने की घोषणा कर दी है। पाकिस्तान के खिलाफ ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के जश्न में आज देशभर में तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है। UP के लखनऊ में CM योगी आदित्यनाथ ने तिरंगा यात्रा की शुरुआत की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा- पहलगाम में पाकिस्तान समर्थित आतंकवादियों के बर्बर कृत्य की पूरी दुनिया ने निंदा की। पाकिस्तान और उसके आका इस पूरी घटना पर मौन रहे। भारतीय सेना ने पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया और पूरी दुनिया को संदेश दिया कि हम किसी को परेशान नहीं करेंगे, लेकिन अगर कोई हमें छेड़ेगा तो हम उसे छोड़ेंगे नहीं। भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान के कई एयरबेस तबाह किए थे। प्राइवेट कंपनी मैक्सार (Maxar) ने इन तबाह एयरबेस की सैटेलाइट तस्वीरें जारी की हैं। इनमें सरगोधा, नूर खान, भोलारी और सुक्कुर एयरबेस शामिल हैं। फोटोज में साफ देखा जा सकता है कि हमले के पहले और बाद में वहां क्या स्थिति थी। भारत-पाकिस्तान जंग के हालात पर हर अपडेट पढ़ने के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए …