अगले साल बिजली के मामले में शहर की स्थिति काफी अच्छी हो जाएगी। हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम सेक्टर-58 में 220 मेगावाट का बिजली घर (सबस्टेशन) बना रहा है। यह पूरी तरह से गैस इंसुलेटिड (जीआईएस) पर आधारित होगा। अभी कोरोना के कारण मजदूर न मिलने से इसका निर्माण कार्य रुका हुआ है। अधिकारियों के मुताबिक वर्ष-2021 के अंत तक यह बिजली घर काम करना शुरू कर देगा। करीब 50 हजार उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा। अभी स्मार्ट सिटी में बिजली व्यवस्था का बुरा हाल है।
गर्मी में बिजली की बढ़ती डिमांड के मुताबिक आपूर्ति नहीं हो पाती है। शहर में बढ़ती नई बसावट की वजह से भी बिजली की डिमांड लगातार बढ़ती जा रही है। सेक्टर-58 के आसपास के इलाके सेक्टर-55, राजीव कॉलोनी, पल्ला, झाड़सेंतली, आदर्श कॉलोनी में बिजली सप्लाई झाड़सेंतली सबस्टेशन से की जाती है। इन इलाकों में कई इंडस्ट्री हैं। कई बार फॉल्ट होने पर इंडस्ट्री में कामकाज ठप हो जाता है। साथ ही अर्बन क्षेत्र के उपभोक्ताओं को भी काफी परेशानी होती है। इसे देखते हुए हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम लिमिटेड (एचवीपीएनएल) सेक्टर-58 में नया सब-स्टेशन बना रहा है। निगम के एक अधिकारी के अनुसार कोरोना संकट के कारण मजदूर न मिलने से काम बंद है। अनलॉक प्रक्रिया में सरकार द्वारा अनेक तरह छूट दी जा रही हैं। मजदूरों के रहने की व्यवस्था की भी बात कही जा रही है। इसके बावजूद मजदूर वापस आने के लिए तैयार नहीं हैं। इस कारण पांच महीने से सबस्टेशन का निर्माण कार्य रुका है। इसके बनने से क्षेत्र के करीब 50 हजार उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा।
सबस्टेशन का निर्माण कार्य कुछ माह से रुका हुआ है। मजदूरों से लगातार संपर्क किया जा रहा है। मजदूर मिलते ही दोबारा काम शुरू हो जाएगा। सेक्टर-58 के लोगों के लिए वर्ष 2021 में नया सबस्टेशन बनकर तैयार होगा। इसके चालू होने के बाद झाड़सेंतली और हैदराबाद सबस्टेशन से इंडस्ट्रियल लोड खत्म हो जाएगा। इससे अर्बन क्षेत्र में बिजली सप्लाई बेहतर हो जाएगी। -एमएल गर्ग, कार्यकारी अभियंता, एचवीपीएनएल