सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन पर 4 जून से एक भव्य ऐतिहासिक सीरीज चक्रवर्ती सम्राट पृथ्वीराज चौहान शुरू हो रही है। यह सिर्फ युद्धों की कहानी नहीं, बल्कि उस निडर युवा सम्राट की गाथा है जिसने मातृभूमि के लिए अपना सर्वस्व अर्पित कर दिया। यह शो हर सोमवार से शुक्रवार शाम 7:30 बजे प्रसारित होगा और दर्शकों को लेकर चलेगा इतिहास के उस दौर में, जब एक युवा राजा ने साहस, समर्पण और नीतियों से भारत की रक्षा की। बता दें कि कम उम्र में सिंहासन संभालने वाले पृथ्वीराज चौहान ने आक्रमणकारी मोहम्मद गौरी जैसे दुश्मनों का डटकर सामना किया, लेकिन उनकी ताकत केवल तलवार नहीं थी वह अपने कर्तव्य, सम्मान और देशभक्ति से प्रेरित योद्धा थे। पृथ्वीराज की खासियत सिर्फ उनके रणकौशल तक सीमित नहीं थी। उनके भीतर करुणा थी, नैतिक साहस था और एक सभ्यता की आत्मा को बचाने का जज्बा था। वह केवल एक शासक नहीं थे, बल्कि भारत की आत्मा के प्रतीक थे। इस सीरीज में चंद बरदाई की भूमिका निभा रहे हैं जाने-माने अभिनेता आशुतोष राणा, जो पृथ्वीराज के सबसे करीबी मित्र और विश्वासपात्र थे। अपने किरदार के बारे में बोलते हुए आशुतोष राणा ने कहा, “पृथ्वीराज एक सच्चे सम्राट थे, जिनके लिए सच्चा प्रेम उनके लोग और उनका देश था। अपने पिता के पदचिह्नों पर चलते हुए उन्होंने सदैव यह जाना कि क्या सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने हमेशा भारत का गौरव अपने कंधों पर उठाया और हर उस व्यक्ति को चुनौती दी जो भारत पर आक्रमण करने आया। युवा राजा होते हुए भी वे सदैव रणनीतिक दृष्टिकोण अपनाते थे और शत्रु की ताकत और कमजोरी को भलीभांति समझते थे। अगर आज का युवा देश सेवा के लिए प्रेरणा लेना चाहता है, तो उसे भारत के सबसे महान बाल सम्राट पृथ्वीराज चौहान जैसा बनना चाहिए। वह इस बात की कालातीत याद दिलाते हैं कि महानता आग में तपती है और बलिदान में जीती जाती है।” चक्रवर्ती सम्राट पृथ्वीराज चौहान एक ऐतिहासिक ड्रामा से कहीं अधिक है। यह भारत के उस महान सम्राट को श्रद्धांजलि है, जिन्होंने यह साबित किया कि एक सच्चा नेता वही होता है जो राष्ट्र को अपने जीवन से भी ऊपर रखता है। बता दें कि यह ऐतिहासिक महागाथा, 4 जून से, सोमवार से शुक्रवार, शाम 7:30 बजे, सिर्फ सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन और सोनीलिव पर आएगी।