स्कॉटलैंड हारा, इंग्लैंड सुपर-8 में पहुंचा:अगले राउंड की 7 टीमें तय, नीदरलैंड को बड़ी जीत की जरूरी, समीकरण

रविवार सुबह ऑस्ट्रेलिया ने स्कॉटलैंड को हरा दिया। इसी के साथ इंग्लैंड को सुपर-8 का टिकट मिल गया। बेहतर रनरेट के कारण ग्रुप बी में पूरे 4 मैचों के बाद इंग्लैंड दूसरे नंबर पर रहा। जबकि, स्कॉटलैंड ने तीसरे स्थान पर फिनिश किया। ग्रुप स्टेज के 40 में से 35 मैच खत्म हो जाने के बाद सुपर-8 की 7 टीमें तय हो चुकी हैं। अमेरिका और अफगानिस्तान ने पहली बार सुपर-8 राउंड में जगह बनाई है। वहीं, अगले राउंड की एक टीम तय होना बाकी हैं, एक टीम दूसरी ग्रुप-डी से क्वालिफाई करेगी, यह नीदरलैंड या बांग्लादेश में से एक होगी। ग्रुप डी में नीदरलैंड को बड़ी जीत के साथ ही बांग्लादेश की हार की दुआ करनी होगी। जानते हैं टूर्नामेंट का समीकरण और सुपर-8 की स्थिति… ऑस्ट्रेलिया की जीत के कारण कैसे इंग्लैंड सुपर-8 में पहुंचा
शनिवार-रविवार की रात इंग्लैंड और नामीबिया के बीच ग्रुप-बी का मैच खेला गया। बारिश के कारण 10-10 ओवर के मुकाबले को इंग्लैंड ने DLS मेथड से 41 रन से जीत लिया। इससे इंग्लैंड के 4 मैचों में 2 जीत, एक हार और एक बेनतीजा मैच से 5 पॉइंट्स हो गए थे। स्कॉटलैंड के 3 मैचों में 5 ही पॉइंट्स थे, लेकिन इंग्लैंड का रन रेट उनसे बेहतर था। ऑस्ट्रेलिया ने स्कॉटलैंड को हरा दिया और इंग्लैंड दूसरे नंबर पर ही बना रहा, जिस कारण उसे सुपर-8 का टिकट मिल गया। ग्रुप-बी का फाइनल पॉइंट्स टेबल… ग्रुप-डी में टीमों की स्थिति क्या है? ग्रुप-ए में टीमों की स्थिति क्या है? ग्रुप-सी में टीमों की स्थिति क्या है?
3 बड़ी टीमें नहीं खेलेंगी सेकेंड राउंड
2009 की चैंपियन पाकिस्तान, 2014 की चैंपियन श्रीलंका और 2021 की रनर-अप टीम न्यूजीलैंड इस बार टी-20 वर्ल्ड कप का सेकेंड राउंड नहीं खेलेगी। 2 टीमें पहली बार सुपर-8 में पहुंचीं
ग्रुप-सी से अफगानिस्तान और ग्रुप-ए से अमेरिका ने पहली बार टी-20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 राउंड में जगह बनाई है। 19 जून से शुरू होगा सुपर-8 स्टेज
2 जून से शुरू हुए टी-20 वर्ल्ड कप का पहला राउंड यानी ग्रुप स्टेज 18 जून तक खेला जाएगा। वेस्टइंडीज-अफगानिस्तान के बीच आखिरी मैच होगा। 19 जून से सुपर-8 स्टेज शुरू होगा, ग्रुप-2 में अमेरिका और साउथ अफ्रीका के बीच पहला मैच खेला जाएगा। 20 जून को ग्रुप-1 का पहला मैच होगा, अफगानिस्तान और भारत बारबाडोस में आमने-सामने होंगे। सुपर-8 स्टेज में 25 जून तक 12 मैच खेले जाएंगे, दोनों ग्रुप में 6-6 मैच होंगे। सुपर-8 में ऑस्ट्रेलिया से भी भिड़ेगा भारत
ICC ने टूर्नामेंट शुरू होने से पहले ही तय कर दिया था कि सुपर-8 में कौन सी टीम किस ग्रुप में रहेगी ताकि शेड्यूलिंग में दिक्कत न हो। अब तक 6 टीमों ने सेकेंड राउंड में जगह बनाई हैं, इनमें भारत, ऑस्ट्रेलिया और अफगानिस्तान ग्रुप-1 में हैं। भारत 24 जून को ऑस्ट्रेलिया से भिड़ेगा। ग्रुप-1 की चौथी टीम ग्रुप-डी से आएगी। इसके लिए बांग्लादेश और नीदरलैंड दावेदार हैं, इनमें भी बांग्लादेश के क्वालिफाई करने के चांस ज्यादा हैं। अगर ऐसा हुआ तो बांग्लादेश और भारत का मैच 22 जून को खेला जाएगा। ग्रुप-2 की 3 टीमें तय
ग्रुप-2 की भी 3 टीमें तय हो चुकी हैं। ग्रुप-ए से अमेरिका, ग्रुप-सी से वेस्टइंडीज और ग्रुप-डी से साउथ अफ्रीका ने जगह बनाई। चौथी टीम ग्रुप-बी से आएगी। इसके लिए इंग्लैंड और स्कॉटलैंड दावेदार हैं, इनमें भी इंग्लैंड के क्वालिफाई करने के चांस ज्यादा हैं। अगर ऐसा हुआ तो इंग्लैंड का पहला मकाबला 20 जून को सुबह 6 बजे से होम टीम वेस्टइंडीज के खिलाफ होगा। 27 जून को होंगे दोनों सेमीफाइनल
सुपर-8 स्टेज के 12 मैच 19 से 25 जून तक खेले जाएंगे। ग्रुप-1 और ग्रुप-2 के पॉइंट्स टेबल में 2-2 टॉप टीमें सेमीफाइनल में जगह बनाएंगी। यहां ग्रुप-1 की टॉपर का सामना ग्रुप-2 में दूसरे नंबर पर रहने वाली टीम से होगा, इसी तरह ग्रुप-2 की टॉपर टीम ग्रुप-1 में दूसरे नंबर पर रहने वाली टीम से सेमीफाइनल में भिड़ेगी। आसान शब्दों में कहें तो भारत अगर ग्रुप-1 में पहले नंबर पर रहा और इंग्लैंड ग्रुप-2 में दूसरे नंबर पर रहा तो दोनों के बीच 27 जून को गुयाना में रात 8 बजे से सेमीफाइनल खेला जाएगा। इसी दिन सुबह 6 बजे से पहला सेमीफाइनल भी होगा। दोनों सेमीफाइनल की विजेता टीमें 29 जून को बारबाडोस में फाइनल खेलेंगी।