हमास चीफ हानियेह को बम धमाका कर मारा गया:दावा-2 महीने पहले तेहरान के गेस्ट हाउस तक पहुंचाया बम, मौजूदगी पुख्ता होते ही डेटोनेट किया

ईरान में बुधवार को हुई हमास चीफ इस्माइल हानियेह की मौत से करीब 2 महीने पहले ही उसे मारने की प्लानिंग कर ली गई थी। अमेरिकी मीडिया हाउस न्यूयॉर्क टाइम्स ने 2 ईरानी समेत मिडिल ईस्ट के 7 अधिकारियों के हवाले से यह दावा किया है। NYT के मुताबिक हानियेह की मौत बम धमाके में हुई। जिस बम विस्फोट में वह मारा गया, उसे 2 महीने पहले छिपाकर तेहरान के उस गेस्ट हाउस में लगा दिया गया था, जिसमें हानियेह ठहरा था। इस गेस्ट हाउस की सुरक्षा की पूरी जिम्मेदारी ईरान की सेना IRGC के पास होती है। यह गेस्ट हाउस नेशात नाम के कॉम्प्लेक्स का हिस्सा है। रिपोर्ट के मुताबिक, बुधवार को जैसे ही हानियेह के यहां पहुंचने की पुष्टि हुई, किसी बाहरी इलाके से रिमोट के जरिए विस्फोट कर दिया गया। धमाके के बाद इमारत की दीवार का एक हिस्सा ढह गया। इसके अलावा कई खिड़कियों के शीशे भी टूट गए। तेहरान में हानियेह की अंतिम यात्रा, खामेनेई बोले- इजराइल पर सीधा हमला करेंगे
इससे पहले कतर में हानियेह को सुपुर्द-ए-खाक करने से पहले तेहरान में गुरुवार को उसे अंतिम विदाई दी गई। इसमें हजारों लोग शामिल हुए। तेहरान यूनिवर्सिटी में हानियेह के शव को अंतिम दर्शन के लिए रखा गया। इसके बाद तेहरान के फ्रीडम स्कवायर तक उसके शव के साथ अंतिम यात्रा निकाली गई। खामेनेई ने इसका नेतृत्व किया। ईरान में आम तौर पर सबसे वरिष्ठ कमांडर और अधिकारियों के लिए इस तरह की शव यात्रा का आयोजन किया जाता है। हानियेह के शव को आज ही कतर की राजधानी दोहा ले जाया जाएगा, जहां कल उसे दफनाया जाएगा। ईरान के सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह खामेनेई ने कहा कि वे हानियेह की मौत का बदला लेंगे और इजराइल पर सीधा हमला करेंगे। वहीं इजराइल के PM नेतन्याहू ने राष्ट्र के नाम संबोधन में कहा कि इजराइल के लिए आने वाले दिन मुश्किल हो सकते हैं लेकिन हम हर चुनौती का सामना करने के लिए तैयार है। ईरान के स्टेट मीडिया IRNA के हवाले से हानियेह की अंतिम यात्रा का वीडियो…