हरिद्वार में निर्दलीय विधायक के ऑफिस पर 50 राउंड फायरिंग:भाजपा के पूर्व MLA ने पहले सोशल मीडिया पर बहस की, फिर गोलीबारी करने पहुंचे

उत्तराखंड के हरिद्वार में खानपुर सीट से निर्दलीय विधायक उमेश कुमार के कैंप कार्यालय पर रविवार को भाजपा के पूर्व विधायक प्रणव सिंह चैंपियन ने करीब 50 राउंड फायरिंग की। दोनों के बीच चुनावी रंजिश बताई गई है। शनिवार को सोशल मीडिया पर बहस हुई थी। दोनों ने एक दूसरे के खिलाफ अभद्र टिप्पणी भी की थीं। इसी के बाद रविवार को पूर्व विधायक प्रणव सिंह तीन गाड़ियों से समर्थकों के साथ उमेश कुमार के कार्यालय पर पहुंचे। वे विधायक को बाहर आने के लिए ललकारने लगे। जब वो बाहर नहीं आए, तो पहले वहां मौजूद कार्यकर्ताओं से मारपीट की, फिर ताबड़तोड़ फायरिंग करने लगे। ऑफिस में भी तोड़फोड़ की। इसका वीडियो खुद प्रणव सिंह ने अपने फेसबुक अकाउंट पर शेयर किया है। हमले के वक्त उमेश कुमार ऑफिस में ही मौजूद थे। पुलिस के पहुंचते ही उमेश कुमार कार्यालय से बाहर आए और प्रणव को मारने के लिए दौड़े। पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोक लिया। इस दौरान चैंपियन भी हमलावर दिखे। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। पहले 3 तस्वीरें देखिए… विधायक बोले- मैं कल इनके घर गया था
उमेश कुमार ने कहा- प्रणव सिंह अपने गुंडों के साथ आए। शीशों पर गोलियां चलाई। हवाई फायरिंग की। जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है। लेकिन 50 से ज्यादा फायरिंग करके गए हैं। एक महिला पत्रकार को पीटा है, बदतमीजी भी की है। कल इन्होंने मेरी मां को लेकर अपशब्द कहे। उसके बदले में मैं इनके घर पर गया। मैंने कोई गोलीबारी या हमला नहीं किया। आज इन्होंने गोलीबारी की है। इसका जवाब मैं दूंगा। इन्हें छोडूंगा नहीं। घटना के बाद उमेश कुमार का पोस्ट उमेश समर्थक गिरफ्तारी की मांग कर रहे
उमेश कुमार के समर्थक प्रणव सिंह चैंपियन की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। इसे लेकर सिविल लाइन्स कोतवाली में शिकायत दी गई है। फोरेंसिक टीम ने मौके से सबूत जुटाए हैं। पुलिस CCTV फुटेज भी खंगाल रही है। दोनों नेताओं के बीच विवाद की वजह चुनावी रंजिश विधायक उमेश कुमार और पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन के बीच पुरानी रंजिश है। 2022 के विधानसभा चुनाव में खानपुर सीट से दोनों एक-दूसरे के सामने थे। खानपुर सीट से 4 बार के विधायक रहे चैंपियन का टिकट काटकर BJP ने उनकी पत्नी कुंवरानी देवयानी को उम्मीदवार बनाया था। लेकिन, देवयानी तीसरे स्थान पर रहीं और परिणाम उमेश कुमार के पक्ष में रहा। कुंवर प्रणव सिंह उमेश कुमार को लगातार बाहरी बताते रहे हैं। दोनों नेताओं के बीच सोशल मीडिया पर भी बहस होती रहती है। शनिवार को भी दोनों नेताओं के बीच सोशल मीडिया पर बहस हुई थी। प्रणव सिंह चैंपियन ने उमेश कुमार के परिवार को लेकर अभद्र टिप्पणी की थी। इसके बाद उमेश कुमार ने अपने सोशल मीडिया पर लाइव आकर उन्हें जमकर गालियां दीं। इसके बाद चैंपियन के रुड़की स्थित लंढौरा कार्यालय पर पहुंचकर उमेश कुमार उन्हें ललकारा। रविवार को चैंपियन ने उमेश कुमार के कैंप कार्यालय पर हमला बोला। हरिद्वार SSP बोले-सख्त कार्रवाई होगी
हरिद्वार SSP परमेंद्र सिंह डोभाल ने बताया- रुड़की से पूर्व विधायक प्रणव सिंह चैंपियन ने वर्तमान विधायक उमेश कुमार के कार्यालय पर फायरिंग की है। जिस पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस घटना का कारण जानने की कोशिश कर रही है। खुद को राजा बताते हैं प्रणव चैंपियन
कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन खानपुर विधानसभा से लगातार 4 बार विधायक रहे हैं। 2002 में निर्दलीय विधायक चुने गए। उसके बाद 2007 और 2012 में कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़े और जीते। 2017 में बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़कर जीते। 2022 में भाजपा के टिकट पर चैंपियन की पत्नी कुंवरानी देवयानी निर्दलीय उमेश कुमार से हार गईं। चैंपियन खानपुर की लंढौरा रियासत से ताल्लुक रखते हैं और खुद को राजा कहते हैं। उमेश कुमार कई बार जेल जा चुके हैं
उमेश कुमार पेशे से पत्रकार हैं। देहरादून में उन्होंने कई साल तक पत्रकारिता की है। यूपी उत्तराखंड में संचालित समाचार प्लस न्यूज चैनल के मालिक रहे हैं। कई विवाद से भी उनका नाम जुड़ा रहा है। कई मामलों में उमेश कुमार जेल भी जा चुके हैं। 2016 में कांग्रेस की तत्कालीन सरकार गिराने में उनकी अहम भूमिका थी। हरीश रावत के स्टिंग मामले में उनका नाम भी आया था। उसके बाद त्रिवेंद्र सरकार के दौरान उनका सरकार से विवाद रहा और जेल गए। 2022 के विधानसभा चुनाव में खानपुर से पहली बार निर्दलीय चुनाव लड़ा। जीत गए। —————————– ये भी पढ़ें: अलीगढ़ में दरोगा ने महिला को जूतों के पास बैठाया:धमकी दी- मुंह से आवाज न निकले, वरना जेल के अंदर डाल दूंगा अलीगढ़ में दरोगा ने महिला फरियादी को जमीन पर अपने जूतों के पास बैठाया। पीड़िता पुलिस चौकी में मारपीट की शिकायत लेकर पहुंची थी। वह बार-बार कह रही है- ‘साहब उन्हें बुलाकर कार्रवाई करिए।’ ये सुनकर दरोगा भड़क गया। धमकाते हुए बोला-‘तुम शांत रहोगी। आवाज बाहर नहीं आनी चाहिए…वरना अंदर जेल में डाल दूंगा।’ दरोगा ने महिला के साथ मौजूद व्यक्ति के पैर छुवाए। (पढ़ें पूरी खबर)