भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) दिल्ली ने जाॅइट एंट्रेंस एग्जाम (जेईई) एडवांस्ड के नतीजे जारी कर दिए हैं। टॉप-10 में हरियाणा के दो स्टूडेंट्स आए हैं। गुड़गांव के केशव अग्रवाल ने 329 अंक के साथ 5वां और सोनीपत के हर्षवर्धन अग्रवाल ने 325 अंक के साथ 9वां रैंक हासिल किया है। केशव प्रदेश में टॉपर व हर्षवर्धन दूसरे स्थान पर हैं। लड़कियों में रुड़की जोन की कनिष्का मित्तल टॉपर रहीं, जिन्होंने 396 में से 315 का स्कोर किया। उनकी एआईएआर-17 है। खास बात यह है कि कोरोना के चलते संभवत: पहली बार कटऑफ में 50 प्रतिशत की गिरावट आई है।
एक्सपर्ट देव शर्मा ने बताया कि सामान्य श्रेणी के स्टूडेंट्स के लिए विषयवार कट-ऑफ 10 प्रतिशत तथा एग्रीगेट कट-ऑफ 35 प्रतिशत जारी की गई थी। परीक्षा परिणामों के अनुसार विषयवार कटऑफ को 10 से घटाकर 5 प्रतिशत तथा एग्रीगेट कटऑफ को 35 से घटाकर 17.5 प्रतिशत कर दिया गया।
अन्य सभी कैटेगरी की कटऑफ में भी गिरावट की गई है। कुल 1,50,838 छात्र ऐसे हैं, जिन्होंने जेईई मेन परीक्षा पास करने के बाद जेईई एडवांस दी थी। इनमें से 43,204 छात्र सफल हुए। इनमें 6,707 लड़कियां भी शामिल हैं।
फिजिक्स में शोध करना चाहते हैं केशव
गुड़गांव के सेक्टर-47 के रहने वाले केशव बताते हैं, ‘मैंने 9वीं कक्षा में पढ़ाई के दौरान ही आईआईटी दिल्ली से इंजीनियरिंग करने का मन बना लिया था। 12वीं में 95.2% अंक आए। जेईई मेन्स में 181वीं रैक हासिल की। एडवांस में अच्छी रैंक के लिए रोज 10 घंटे से ज्यादा समय तैयारी की। अब भविष्य में फिजिक्स में शोध करना चाहता हूं। केशव के पिता सॉफ्टवेयर इंजीनियर नवीन अग्रवाल व मां मीनू अग्रवाल बेटे की सफलता से काफी उत्साहित हैं।

हर्षधवर्धन आगे की तैयारी करता रहा
सोनीपत के हर्षवर्धन बताते हैं, ‘8वीं के बाद हर क्लास में एक क्लास आगे की तैयारी की। 12वीं के बाद पूरा फोकस जेईई एडवांस पर था। रोज 10 घंटे पढ़ाई की। अब आत्मविश्वास बढ़ा है। आईआइटी बॉम्बे में कंप्यूटर सांइस में दाखिला लूंगा। अमेरिका के एमआईटी से मास्टर डिग्री करने का सपना है।
हर्षवर्धन के पिता महावीर प्रसाद बीएसएनएल में डिप्टी जीएम व मां डॉ. सीमा हिंदू कॉलेज में एसोसिएट्स प्रोफेसर हैं। भाई मनन अग्रवाल इसी परीक्षा में पिछले साल स्टेट टॉपर रहे थे।
