हरियाणा CM की जुबान राजा साहब के सामने नहीं हिलती:रेवाड़ी में राज बब्बर बोले- राव जो चाहते, वो करवा लेते, अब बेटी से मत हारिए

हरियाणा के रेवाड़ी में भगवानपुर गांव में प्रस्तावित अस्पताल को लेकर चल रहे विवाद में कांग्रेस नेता राज बब्बर की प्रतिक्रिया सामने आई है। रविवार को राज बब्बर प्रेस वार्ता में कहा कि “राजा साहब के सामने तो सीएम तक की जुबान नहीं हिलती, वो जो चाहते हैं, वो करवा लेते हैं। मगर, अब बेटी से मत हारिए।” राज बब्बर का इशारा हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव की ओर था, जिनका नाम उन्होंने सीधे तौर पर नहीं लिया। राज बब्बर ने कहा, “अगर वायरल रिकॉर्डिंग सही है, तो राजा साहब को अपनी जुबान पर कायम रहते हुए भगवानपुर में ही अस्पताल बनवाना चाहिए। राजा की जुबान ही उसका वचन होती है।” उन्होंने केंद्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह पर निशाना साधते हुए कहा कि अस्पताल जनता के लिए होता है, इसे ‘तेरे-मेरे’ में न बांटें। अगर आप बेटी की बात नहीं सुनते, तो बताइए, वो हमारी भी बेटी की उम्र की है, हम मिल लेते हैं। कांग्रेस नेता राज बब्बर ने राव पर निशाना साधा, 4 बातें… अब 3 पॉइंट में अस्पताल का विवाद जानिए… 1. अस्पताल के लिए ग्रामीणों ने जमीन दी रेवाड़ी में 200 बेड का सरकारी अस्पताल बनना है। जिसके लिए भगवानपुर गांव ने फ्री जमीन देने का प्रस्ताव दिया। गांव के लोगों का कहना है कि केंद्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत ने आश्वासन दिया था कि रेवाड़ी शहर के लिए वॉटर स्टोरेज प्रस्तावित है, उसके लिए भी जमीन उपलब्ध करवा दो, दोनों ही चीज बनवा देंगे। गांव ने वाटर स्टोरेज के लिए 10 एकड़ जमीन की रजिस्ट्री जनस्वास्थ्य विभाग के नाम करवा दी। मगर, अब अस्पताल किसी दूसरे गांव में बनाने पर बात चल रही है। 2. 29 जून को महापंचायत हुई राव इंद्रजीत के रामपुरा हाउस पर 16 जून को 5 गांवों की पंचायत हुई थी। पंचायत में शामिल लोगों ने आरोप लगाया कि राव इंद्रजीत उनसे बिना मिले ही निकल गए। पंचायत का अपमान बताते हुए लोगों ने रामपुरा हाउस पर प्रदर्शन किया और 17 जून से धरना शुरू कर दिया। इसके बाद 29 जून को महापंचायत रखी गई थी। इसमें फैसला हुआ कि हल नहीं निकला तो 13 जुलाई को रेवाड़ी मुख्यालय की ओर पैदल कूच किया जाएगा। 3. सरपंच प्रतिनिधि बोले- दूसरे गांव में जमीन देख रहे भगवानपुर गांव के सरपंच प्रतिनिधि अनिल ने कहा कि राव इंद्रजीत ने वायदा किया था कि वाटर टैंक के लिए गांव जमीन देगा तो अस्पताल भी बनवा देंगे, लेकिन अब वो किसी दूसरे गांव में जमीन तलाश कर रहे हैं। जिसकी पुष्टि के लिए अनिल ने राव इंद्रजीत सिंह के साथ अपनी कॉल रिकार्डिंग सार्वजनिक कर दी। अस्पताल आंदोलन के संयोजक को दी श्रद्धांजलि
कांग्रेस नेता राज बब्बर रेवाड़ी के भगवानपुर गांव में धरनास्थल पर भी पहुंचे, जहां पर उन्होंने अस्पताल आंदोलन के संयोजक राममेहर सिंह की फोटो पर पुष्प अर्पित किए। राजबब्बर ने कहा कि उन्हें ग्रामीणों ने बताया कि राव इंद्रजीत की वादाखिलाफी के कारण राममेहर को हार्टअटैक आया था।
—————————- राज बब्बर और राव इंद्रजीत सिंह से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… राज बब्बर बोले-राव ने मेरे वोटर बताकर अस्पताल नहीं बनवाया:कांग्रेस नेता ने कहा- ये गलत बात, केंद्रीय राज्यमंत्री 4 अस्पताल बनवाने के लायक हरियाणा के रेवाड़ी में 200 बेड के अस्पताल को लेकर चल रहे विवाद में अब कांग्रेस नेता और गुरुग्राम लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार रहे राज बब्बर की भी एंट्री हो गई है। एक पॉडकास्ट में राज बब्बर ने कहा कि लोग अस्पताल मांग रहे हैं। केंद्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत का उन्हें मेरा वोटर बताकर अस्पताल नहीं देना गलत बात है। (पूरी खबर पढ़ें)