हीरामंडी के शूटिंग एक्सपीरियंस से नाखुश जेसन शाह:कहा- सेट पर कम्युनिकेशन की कमी थी, संजय लीला भंसाली मुझे डायरेक्ट नहीं करते थे

मई 2024 में नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई संजय लीला भंसाली की सीरीज हीरामंडी काफी चर्चा में रही थी। मनीषा कोइराला, सोनाक्षी सिन्हा, ऋचा चड्ढा स्टारर इस सीरीज में जेसन शाह ने कार्टराइट का रोल प्ले कर हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया था, हालांकि अब एक्टर की मानें तो उनका शूटिंग एक्सपीरियंस कुछ खास नहीं था। एक्टर ने बताया है कि सेट पर कम्युनिकेशन की काफी कमी थी, वहीं सजंय लीला भंसाली की जगह दूसरे लोग उनके सीन डायरेक्ट करते थे। हाल ही मे इनसाइड द माइंड विद ऋषभ को दिए इंटरव्यू में जेसन शाह ने हीरामंडी सीरीज की मेकिंग पर बात की है। एक्टर ने कहा है कि हीरामंडी के सेट पर कम्यूनिकेशन की कमी थी। उन्होंने कहा, मुझे ऐसा लगता है कि सब कुछ कम समय में हड़बड़ी में किया जाता है। ऐसे में कम्युनिकेशन की कमी हो जाती है। ये एक वीक पॉइंट है, जिस पर इंडस्ट्री को काम करना चाहिए। बातचीत के दौरान जेसन शाह ने ये भी बताया कि ज्यादातर हिस्सों में संजय लीला भंसाली ने उन्हें डायरेक्ट नहीं किया था। एक्टर अपने किरदार से भी ज्यादा खुश नहीं थे। इंटरव्यू में जेसन ने कहा है, मैंने हाल ही में लापता लेडीज देखी, उस फिल्म के किरदारों में गहराई थी। डायलॉग्स में गहराई थी। उसे देखकर आपका मनोरंजन होता है। अगर ऐसी और फिल्में बनेंगी, जिनमें किरदारों को गहराई से दिखाया जाएगा, तो लोग उससे कनेक्ट हो सकेंगे। जेसन के बयान के बाद उनसे पूछा गया कि संजय लीला भंसाली जैसे शख्स के साथ आपने काम किया, वो किरदारों को गहराई से दिखाने के लिए अलग पहचान रखते हैं। ऐसे में उन्हें ऐसा क्यों लगता है कि सीरीज में किरदारों को सही ढंग से पेश नहीं किया गया। इस पर एक्टर ने कहा, जो आप कह रहे हैं वो सच है, लेकिन उन्होंने (संजय लीला भंसाली) पहली बार वेब सीरीज बनाई है। फिल्म और वेब सीरीज अलग होती हैं। वेब सीरीज को बहुत स्ट्रेच किया जाता है। कई एपिसोड बनाए जाते हैं। इसे बनने में समय लगता है। वो वैसे भी मुझे उतना डायरेक्ट नहीं कर रहे थे। मेरे साथ दूसरे डायरेक्टर्स रहते थे। शायद यही वजह है। मुझे लगता है कि मेरे किरदार पर और काम किया जा सकता था। मैं इससे बेहतर कर सकता था। आलिया के साथ नजर आएंगे जेसन शाह बताते चलें कि जेसन शाह हाल ही में नेटफ्लिक्स की सीरीज हीरामंडी में कार्टराइट का रोल निभाते नजर आए हैं। सीरीज स्ट्रीम होने के बाद से ही जेसन चर्चा में हैं। साथ ही उन्हें आलिया भट्ट स्टारर फिल्म जिगरा में भी कास्ट कर लिया गया है। जेसन शाह साल 2016 में रियलिटी शो बिग बॉस 10 में बतौर वाइल्ड कार्ड कंटेस्टेंट शामिल हुए थे। उन्होंने 2016 की फिल्म फितूर में एक छोटा सा रोल प्ले किया था। आगे वो तमिल फिल्म अगस्त 16 1947, मिशन चैप्टर-1 जैसी फिल्मों का हिस्सा रहे हैं। फिल्मों के अलावा जेसन शाह टीवी इंडस्ट्री में भी काम कर चुके हैं। उनके शोज में झांसी की रानी और बैरिस्टर बाबू शामिल हैं।