मेट्रो की सवारी करने वाले पैसेंजरों के लिए खुशखबरी है। मेट्रो में सफर करने वाले यात्री 28मीटर की ऊंचाई पर रोमांचक यात्रा का अनुभव करने वाले है। जनकपुरी वेस्ट-आरके आश्रम मार्ग कॉरिडोर पर हैदरपुर बादली मोड़ के पास दिल्ली मेट्रो की ट्रेनें 8 मंजिला इमारत से भी अधिक ऊंचाई से गुजरेंगी। इतनी ऊँचाई पर सफर करना यह यात्रियों के लिए अद्भुत अनुभव होगा। लॉकडाउन खत्म होने के बाद दिल्ली मेट्रो के चौथे चरण का निर्माण के दौरान फेज 4 के तहत निर्माणाधीन जनकपुरी वेस्ट-आरके आश्रम मार्ग कॉरिडोर के निर्माण के दौरान हैदरपुर बादली मोड़ के पास 28 मीटर की ऊंचाई पर एक वायाडक्ट का निर्माण किया जाएगा।
धौला कुआं का 23.6 ऊंचाई का टूटेगा रिकॉर्ड
मेट्रो रेल निगम के अधिकारियों के अनुसार फिलहाल धौलाकुआं में पिंक लाइन 23.6 मीटर की ऊंचाई पर रफ्तार भरती है। धौला कुआं दिल्ली में अबतक का सबसे ऊंचा वायाडक्ट था। जनकपुरी वेस्ट-आरके आश्रम मार्ग कॉरिडोर पर हैदरपुर बादली मोड़ पर हैदरपुर वायाडक्ट के निर्माण के बाद यह रिकार्ड टूटने जा रहा है। अब हैदरपुर बादली मोड़ के पास ट्रेन लेवल की ऊंचाई 8 मंजिला इमारत से भी ऊंची होगी। ऐसे में यहां पर वायाडक्ट को सपोर्ट करने वाला पियर भी 25 मीटर का निर्मित होगा। यहां पर यलो लाइन समयपुर बादली-हुडा सिटी सेंटर को क्रॉस करेगी जो करीब 18 मीटर की ऊंचाई पर है। ऐसे में इससे ऊंचा वायाडक्ट का निर्माण जरूरी था। दूसरे नंबर पर पिंक लाइन पर मयूर विहार फेज-1 सेक्शन 22मीटर का है। इसके बाद तीसरे नंबर पर कड़कडड़ूमा है जो 20 मीटर ऊंचा है। 28.92 किलोमीटर लंबे जनकपुरी वेस्ट से आरके आश्रम मार्ग कॉरीडोर मैजेंटा लाइन इस कॉरीडोर में 22 स्टेशन का निर्माण होगा।