देश में कोरोना की संख्या लगातार बढ़ रही है। अब तक 54 लाख 91 हजार 406 मामले सामने आ चुके हैं। रविवार को 87 हजार 392 मरीज मिले। वहीं, 92 हजार 926 ठीक हो गए। यानी लगातार तीसरे दिन नए मरीजों की तुलना में ठीक हुए लोगों की संख्या ज्यादा रही। ये आकंड़े covid19india.org के मुताबिक हैं।
वे 3 दिन, जब नए केस की तुलना ठीक हुए मरीजों की संख्या ज्यादा रही
तारीख | नए केस | ठीक हुए मरीज |
18 सितंबर | 92,969 | 95,512 |
19 सितंबर | 92,574 | 94,384 |
20 सितंबर | 87,392 | 92,926 |
उधर, 12 राज्य ऐसे हैं, जहां ठीक हुए मरीजों की दर 81% से ज्यादा है। इनमें टॉप-3 में अंडमान-निकोबार, दादरा-दमन दीव और बिहार हैं। इन तीनों राज्यों में रिकवरी रेट 90% से ज्यादा है। वहीं, 9 राज्य में 81% से 90% के बीच है। इस तरह देश में अब तक 43.95 लाख मरीज ठीक हुए हैं और रिकवरी 80.12% तक पहुंच गया है।


पांच राज्यों का हाल
1. मध्यप्रदेश
राज्य में संक्रमितों की संख्या 1 लाख 5 हजार 644 हो गई है। प्रदेश में अब तक 81 हजार 374 मरीज ठीक हो चुके हैं, जबकि 1 हजार 970 की मौत हो चुकी है।

2. राजस्थान
प्रदेश में 1 लाख 14 हजार 989 केस हो गए हैं। 95 हजार 469 ठीक हो चुके हैं। 1 हजार 336 की मौत हो चुकी है। राज्य सरकार ने अस्पताल में भर्ती कोरोना संक्रमितों से परिवार को मिलने की इजाजत दे दी है। हालांकि, मरीज से मिलने वाले को पीपीई किट, ग्लव्स और फेस मास्क पहनना होगा।

3. बिहार
राज्य में अब तक 1 लाख 68 हजार 542 लोग संक्रमित हो चुके हैं। 864 की मौत हो चुकी है। 13 हजार 234 संक्रमितों का इलाज चल रहा है।

4. महाराष्ट्र
यहां अब तक 12 लाख 8 हजार 642 केस आ चुके हैं। 8 लाख 84 हजार 341 संक्रमित ठीक हो चुके हैं। 2 लाख 91 हजार 238 का इलाज चल रहा है, जबकि 32 हजार 671 की मौत हो चुकी है।

5. उत्तरप्रदेश
राज्य में 3 लाख 54 हजार 275 केस आ चुके हैं। 2 लाख 83 हजार 274 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 5 हजार 47 लोगों की मौत हो चुकी है। अभी 65 हजार 954 संक्रमितों का इलाज चल रहा है।

आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें